The Lallantop

‘हॉस्टल में भूत!’, अफवाह से पटियाला की यूनिवर्सिटी में बवाल, छात्रों ने पुलिस की गाड़ी तोड़ी

Patiala की Chitkara University में ‘भूत’ और दो छात्राओं के लापता होने की अपुष्ट खबरों के बाद छात्रों ने प्रदर्शन किया. पुलिस से झड़प और वाहन में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई. पुलिस और यूनिवर्सिटी ने दावों को अफवाह बताया है.

Advertisement
post-main-image
यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स और पुलिस के बीच भिड़ंत जैसी स्थिति भी बन गई (COURTSEY- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • 25 सितंबर को चितकारा यूनिवर्सिटी के कैंपस में 'भूत' होने की अफवाह के कारण दो छात्राओं के लापता होने का दावा हुआ, जिससे छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया जो हिंसक हो गया।
  • कैंपस में दफन एक छात्रा की मौत की अफवाह और कुछ छात्रों द्वारा रात में हॉस्टल के कमरों का दरवाजा खटखटाने से 'भूत' की अफवाह फैल गई, जिससे तनाव बढ़ा और विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ।
  • पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, जांच शुरु की और छात्रों को भरोसा दिलाया कि मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया जाएगा और लापता छात्रों की खोज की जाएगी।

पंजाब के पटियाला की चितकारा यूनिवर्सिटी में 25 सितंबर को हालात तब तनावपूर्ण हो गए, जब कैंपस में ‘भूत’ होने की अफवाह फैल गई. इसी बीच दो छात्राओं के लापता होने का दावा किया गया. इसके बाद छात्र कैंपस में जमा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. विरोध धीरे-धीरे हिंसक हो गया और कैंपस में तोड़फोड़ की घटनाएं होने लगीं. हालात बिगड़ने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन करने वाले छात्रों को शांत करने की कोशिश करने लगी. 

Advertisement

पुलिस ने बताया कि जब पुलिसकर्मी हालात काबू में करने की कोशिश कर रहे थे, तब छात्रों और पुलिस के जवानों में झड़प हो गई. हिंसा के दौरान एक सरकारी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा. आरोप है कि छात्रों ने राजपुरा शहर के KSM पुलिस पोस्ट के इंचार्ज अजय कुमार के साथ बदसलूकी की. 

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रों ने अजय कुमार पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया. इन आरोपों के बाद पुलिसकर्मी को मेडिकल जांच के लिए यूनिवर्सिटी की लैब ले जाया गया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement
हॉस्टल में भूत की अफवाह

रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रों के बीच इस बात की अफवाह थी कि कैंपस के हॉस्टल में ‘भूत’ है. इसे लेकर कैंपस में तनाव बढ़ता रहा. किसी ने बताया कि कैंपस में एक छात्रा ने कथित तौर पर अपनी जान दे दी थी. अब उसका 'भूत' हॉस्टल में छात्रों को परेशान कर रहा है. हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस ने किसी छात्रा के जान देने वाली घटना से साफ इनकार किया है. प्रशासन के अनुसार, कुछ शरारती तत्व रात में दूसरे छात्रों के कमरों का दरवाजा खटखटाकर भाग जाते थे. इसी वजह से कैंपस में ‘भूत’ की अफवाह फैल गई. इसी बीच दो छात्राओं के लापता होने की बात भी सामने आई. सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी पोस्ट्स भी शेयर की गईं. 

(यह भी पढ़ें: जब आत्मा का वजन तोला तो क्या पता चला?)

पुलिस ने क्या कहा?

मौके पर पहुंचे DSP सुखदेव सिंह ने कहा कि अभी तक किसी भी लापता छात्रा का नाम या उसकी पहचान सामने नहीं आई है. किसी छात्र को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि कौन सी दो छात्राएं लापता हैं. DSP ने कहा कि पुलिस ने शिकायतें ले ली हैं. मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस हर छात्र से जानकारी जुटाएगी और दावों की पुष्टि करेगी. अगर कोई छात्रा सच में लापता पाई जाती है तो पुलिस पूरी जांच करेगी और कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी.

Advertisement

DSP ने पेरेंट्स को भी भरोसा दिलाया कि यूनिवर्सिटी में हालात शांतिपूर्ण हैं और छात्र सुरक्षित हैं. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों को यह भी भरोसा दिलाया कि CCTV फुटेज की जांच की जाएगी. इससे यह पता चल सकेगा कि हॉस्टल के कमरों के दरवाजे खटखटाने और उसके बाद फैली अफवाहों की घटनाओं के दौरान क्या हुआ था? अधिकारियों के भरोसे के बाद छात्र शांत हो गए और अपने-अपने हॉस्टल लौट गए.

वीडियो: ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज का RTI में जवाब - नहीं बता पाएंगे, क्योंकि रिकॉर्ड रूम भूतहा है!

Advertisement