उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के एक फ्लैट में 3 और 4 फरवरी की दरमियानी रात में तीन बहनों ने एक साथ अपनी जान दे दी. तीनों बहनें नाबालिग थीं. उनकी उम्र 16 साल, 14 साल और 12 साल थी. पुलिस जांच में उनके कमरे से एक 18 पन्नों की डायरी बरामद हुई है. बच्चियों के पिता ने भी मीडिया में बयान दिया है.
'कोरियन से प्यार करते हैं, तो इंडियन से शादी कैसे कर लें... ', जान देने वाली बहनों की डायरी मिली
Ghaziabad Suicide Case: तीन बहनों के कमरे से 18 पन्नों की डायरी बरामद हुई है, जिसमें उन्होंने कोरियन कल्चर के प्रति काफी कुछ लिखा है. बच्चियों के पिता का भी बयान आया है. उन्होंने बताया कि बेटियां हमेशा कोरिया ले जाने की ज़िद करती थीं.


आजतक से जुड़े हिमांशु मिश्रा के मुताबिक़, पिता चेतन कुमार ने बताया कि उनकी बेटियां उनसे कोरिया जाने की ज़िद करती थीं. पिता के मुताबिक उन तीनों को कोरियन वीडियो और गानों की लत लग गई थी. वो पूरी तरह से कोरियन कल्चर की दीवानी हो चुकीं थीं. हालांकि, पिता ने कोरियन गेम को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.
डायरी में क्या लिखा?बच्चियां कोरियन कल्चर से बहुत प्रभावित थीं, इसका ज़िक्र उनके कमरे से मिली डायरी में भी मिलता है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक़, उन्होंने सोशल मीडिया पर कोरियन नाम से अकाउंट बनाए थे. उनके अकाउंट पर अच्छे खासे फॉलोवर भी हो गए थे. लड़कियों ने अपनी डायरी में लिखा,
'वी लव कोरियन. कोरियन हमारी जान हैं. हम उन्हें कितना चाहते हैं, लो अब देख लो सबूत. अब तो यकीन हो ही गया होगा. जितना हम कोरियन पॉप को चाहते हैं, उतना तो तुम घरवालों को भी नहीं चाहते. शादी के नाम से हमें टेंशन होती है. हम पसंद और प्यार करते हैं कोरियन से, और शादी कर लें इंडियन से? ऐसा कभी नहीं हो सकता. ये उम्मीद हमें खुद से भी नहीं है.
घटना से 10 दिन पहले जब उनके पिता को उनके अकाउंट के बारे में पता चला तो उन्होंने अकाउंट डिलीट करवाया और फ़ोन भी जब्त कर लिया. घटना की रात का ज़िक्र करते हुए चेतन ने बताया,
वो कहती थीं कि हम कोरियन हैं, हमें कोरिया ले चलो. इंडिया के नाम से ही उन्हें गुस्सा आ जाता था. उस रात 7 बजे मैंने उनसे फ़ोन लिया था उसके बाद 10 बजे वो दोबारा आकर मुझसे फ़ोन ले गईं. रात को 12 बजे उनकी मम्मी ने उनसे फ़ोन ले लिया. उसके बाद वो पूजा घर में गईं, दरवाज़ा अंदर से लॉक किया और फिर जो हुआ सुबह हमें पता चला.
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि चेतन कुमार पर 2 करोड़ रुपये का कर्ज था और बिजली का बिल भरने के लिए मोबाइल फ़ोन बेच दिया था. हालांकि चेतन ने इन दावों को झूठा बताया है. उन्होंने कहा,
स्टॉक मार्केट में वही निवेश करता है जिसके पास पैसे होते हैं… 2 करोड़ नहीं, केवल 20-30 लाख रुपये डूबे थे.
जांच में सामने आया है कि चेतन बच्चियों की शादी कराने की धमकी दे रहे थे. बच्चियां 2 साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं. केवल ट्यूशन जा रही थीं. उनके पिता के मुताबिक़, ट्यूशन टीचर का कहना था कि ये बच्चियां ऐसे नहीं पढेंगी उनका एडमिशन करवा दो. आर्थिक तंगी की वजह से वो स्कूल नहीं जा पा रही थीं.
आजतक से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक अपनी डायरी में लड़कियों ने चौथी बच्ची का भी जिक्र किया था. लिखा था कि उसे भी वो अपनी तरह कोरियन बनाना चाहती थीं. लेकिन परिवार वालों ने मौका नहीं दिया. उनके पिता ने इस बात का ज़िक्र नहीं किया है. उन्होंने मीडिया के जरिए अपील भी की है कि भारत में कोरियन कल्चर नहीं चलना चाहिए.
वीडियो: यूपी के ग़ाज़ियाबाद में पुलिस फर्जी मशीन से लोगों को बांग्लादेशी बता रही है? वायरल वीडियो में क्या दिखा?














.webp?width=275)

.webp?width=120)






