The Lallantop

नेटफ्लिक्स के दिए ऑफर से दोगुनी कीमत पर बिके 'धुरंधर 2' के ओटीटी राइट्स!

नेटफ्लिक्स फिल्म के दोनों पार्ट्स को 175 करोड़ रुपये में खरीदना चाहता था. इसलिए मेकर्स ने दूसरा पार्ट जियो हॉटस्टार को बेच दिया.

Advertisement
post-main-image
'धुरंधर 2' को 'पुष्पा 2' से भी बड़ी म्यूजिक डील मिली है.

Aditya Dhar की Dhurandhar सिर्फ़ सुर्खियां ही नहीं, खूब पैसे भी बटोर रही है. पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर किया है. अब ये मूवी नेटफ्लिक्स पर ट्रेंड कर रही है. इस बीच मेकर्स ने Dhurandhar 2 के थिएट्रिकल रिलीज़ को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. फिल्म के म्यूजिक राइट्स रिकॉर्ड कीमत पर बेचे गए हैं. वहीं इसके ओटीटी राइट्स जियो हॉटस्टार ने खरीदे हैं. खास बात ये है कि जियो ने सीक्वल के लिए नेटफ्लिक्स के ऑफर से लगभग दोगुनी कीमत चुकाई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'धुरंधर' के ओटीटी राइट्स नेटफ्लिक्स ने खरीदे थे. तब इस ओटीटी प्लेटफॉर्म ने मेकर्स को 85 करोड़ रुपये दिए थे. फिल्म की सक्सेस को देख ये आंकड़ा काफ़ी छोटा नज़र आता है. रिपोर्ट है कि नेटफ्लिक्स दोनों पार्ट्स को 175 करोड़ रुपये में खरीदने की जुगत में था. दो मूवीज़ में बांटने पर हर एक के हिस्से करीब 87.5 करोड़ रुपये आते हैं. मगर मेकर्स ने तब उनसे केवल 1 फिल्म की डील साइन की थी. दूसरी मूवी के लिए दोबारा बोली लगाई गई, जहां जियो हॉटस्टार बाज़ी मार ले गई है. 

बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया,

Advertisement

"नेटफ्लिक्स फिल्म के दोनों पार्ट्स को 175 करोड़ रुपये में खरीदना चाहता था. वो भी पहले पार्ट की रिलीज़ से पहले. लेकिन जियो स्टूडियोज़ को अपनी फिल्म पर पूरा भरोसा था. इसलिए उन्होंने पहले पार्ट के रिलीज़ होने का इंतज़ार किया. इसका फायदा ये हुआ कि अब दूसरे पार्ट के लिए उन्हें अकेले ही 150 करोड़ रुपये की बड़ी डील मिल गई. ये रकम पहले पार्ट के लिए नेटफ्लिक्स द्वारा दी गई कीमत से लगभग दोगुनी है."

सूत्र ने आगे कहा,

"जियो स्टूडियोज़ को मिले 150 करोड़ रुपये, पिछले कुछ सालों की सबसे बड़ी डिजिटल डील्स में से एक हैं.  खासकर ऐसे समय पर, जब ज़्यादातर ओटीटी प्लेटफॉर्म कॉन्टेन्ट खरीदने में सुस्ती दिखा रहे हैं. लेकिन धुरंधर के बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस और दर्शकों की भारी डिमांड ने ओटीटी कंपनियों को प्रीमियम कीमत चुकाने के लिए मजबूर कर दिया है."

Advertisement

'धुरंधर' ने नेटफ्लिक्स पर झंडे गाड़ दिए हैं. भारत में ये रिलीज़ के 24 घंटों में ही टॉप पर ट्रेंड करने लग गई थी. यही नहीं, फिल्म पाकिस्तान, UAE, बहरीन और ओमान में भी ओटीटी की नंबर 1 मूवी बन गई है. सऊदी अरब और कुवैत में ‘धुरंधर’ टॉप ट्रेंडिंग फिल्मों में अपनी जगह बना चुकी है. रोचक बात ये है कि पाकिस्तान समेत गल्फ़ के इन देशों में 'धुरंधर' की थिएट्रिकल रिलीज़ को पूरी तरह से बैन कर दिया गया था. ऐसे में ये लगभग तय है कि फिल्म का दूसरा पार्ट भी जियो हॉटस्टार पर खूब दर्शक बटोरेगा.

बता दें कि 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएगी. वहीं मई 2026 में ये जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने लगेगी. जहां तक फिल्म के गानों की बात है, 'धुरंधर' का हर एक गाना ग्लोबल चार्टबस्टर बन गया था. शाश्वत सचदेव के म्यूजिक डायरेक्शन में 'धुरंधर 2' भी उसी दिशा में आगे बढ़ रही है. पहले पार्ट के म्यूजिक राइट्स सारेगामा के पास थे. तब मेकर्स ने उन गानों से 15 करोड़ रुपये की डील हासिल की थी.

वैरायटी इंडिया के मुताबिक, दूसरे पार्ट के लिए उन्होंने 'टी-सीरीज़' के साथ करीब 4 गुना बड़ा समझौता किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ये समझौता करीब 58 करोड़ रुपये में हुआ है. भारत में आज तक किसी भी दूसरी फिल्म के गानों को इतना बड़ा ऑफर नहीं मिला है. देश के टॉप 3 म्यूजिक डील्स की बात करें, तो तीसरे नंबर पर थलपति विजय की 'जन नायगन' है. उस फिल्म के म्यूज़िक राइट्स 36 करोड़ रुपये में बेचे गए थे. दूसरे नंबर पर अल्लू अर्जुन स्टारर 'पुष्पा 2' है, जिसके गानों के लिए मेकर्स को 55 करोड़ रुपये मिले थे. मगर 'धुरंधर 2' ने इन दोनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इन टॉप 3 फिल्मों के गानों को टी-सीरीज़ ने खरीदा है.

वीडियो: “‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार, ट्रेड एक्सपर्ट्स हुए हैरान”

Advertisement