The Lallantop

समुद्र किनारे फरारी दौड़ा रहे थे, रेत में ऐसी फंसी बैलगाड़ी से निकालनी पड़ी, वीडियो वायरल

Ferrari और बैलगाड़ी का ये वीडियो महाराष्ट्र के रेवदंडा बीच का बताया जा रहा है.

Advertisement
post-main-image
वायरल वीडियो में समंदर किनारे रेत में एक Ferrari कार फंस गई. बकायदा उसमें दो लोग बैठे दिख रहे हैं. (फोटो- स्क्रीनग्रैब)

Ferrari या बैलगाड़ी? साल के आखिरी दिन अगर कोई बावरा आपसे ये सवाल पूछे तो आप शायद Ferrari ही चुनेंगे. ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाला कोई सज्जन बैलगाड़ी का नाम ले सकता है. पर उन्हें भी Ferrari में बैठने का मन तो होगा ही. वो जमाल एहसानी को याद कर बैलगाड़ी के समर्थन में ऐसा कुछ भी कह सकते हैं- उस एक छोटे से कस्बे पे रेल ठहरी नहीं, वहां भी चंद मुसाफ़िर उतरने वाले थे

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

यहां रेल को Ferrari माना जा सकता है! लेकिन इस समझ से इतर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जहां बैलगाड़ी की सुप्रीमेसी देखने को मिली. जी हां. फंसी हुई Ferrari को खींचने के लिए बैलगाड़ी ने जोर लगाया और उसे रेस्क्यू किया (Ferrari got stuck on Revdanda Beach).

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि समंदर किनारे रेत में एक Ferrari कार फंस गई. बाकायदा उसमें दो लोग बैठे दिख रहे हैं. ऊपर से खुली गाड़ी. समंदर किनारे ताजी हवा का लुत्फ उठाने पहुंचे होंगे. पर हॉर्सपावर वाली कार ने गच्चा दे दिया. कार के पहिए अड़ गए. रेत में आगे बढ़ने का नाम ना लें. फिर क्या, इंडिया में जुगाड़ की कमी नहीं. बैलगाड़ी मंगाई गई. Ferrari में मोटी रस्सी फंसाई गई. बैलों से खिंचवाई गई. इस तरह अति-लग्जरी कार रेस्क्यू कराई गई.

Advertisement

वायरल वीडियो में बैलगाड़ी से बंधे दो बैल Ferrari को रेत से निकालते दिख रहे हैं. पीछे से कुछ लोगों ने कार को पुश भी किया. लेकिन असली पावर तो बैलों ने लगाई. 44 सेकेंड के वायरल वीडियो के अंत तक Ferrari रेत से बाहर निकाल ली गई. आखिर Bull Power ने Horsepower को मात दे ही दी. बैलगाड़ी चलाने वाले सज्जन के लिए ये दिन गर्व से भर देने वाला होगा. कुछ हजारों के बैलों ने करोड़ों की कार को खींच निकाला.

Ferrari और बैलगाड़ी का ये वीडियो महाराष्ट्र के रेवदंडा बीच का बताया जा रहा है. ये राज्य के रायगढ़ जिले में पड़ता है. वीडियो की जानकारी तो इतनी ही थी. पर ये वीडियो अगर जेहरा शाह को दिखता है, तो वो कुछ ऐसा कहेंगी,

Advertisement

यादों की रेल और कहीं जा रही थी फिर
ज़ंजीर खींच कर ही उतरना पड़ा मुझे

वीडियो: सोशल लिस्ट : जैसलमेर के मोहनगढ़ पर फटी जमीन, वायरल वीडियो में सरस्वती नदी होने का दावे क्यों?

Advertisement