The Lallantop

दिशा सालियान के पिता ने आदित्य ठाकरे को ₹500 करोड़ का मानहानि नोटिस क्यों भेजा?

दिशा की मौत की नए सिरे से जांच की मांग के बीच आदित्य ठाकरे ने कुछ टिप्पणियां की थीं. दिशा के पिता ने आदित्य ठाकरे के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को भी नोटिस भेजा है.

Advertisement
post-main-image
दिशा सालियान केस में 14 सितंबर को CBI ने FIR दर्ज की थी.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • 14 सितंबर को दिशा सालियान मामले में FIR दर्ज की गई जिसमें उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, अनिल देशमुख, रिया चक्रवर्ती समेत कई नाम शामिल हैं।
  • दिशा सालियान की मौत के बाद जांच की मांग और विवादों के बीच मामले की प्रारंभिक जांच तीन महीनों में बंद कर दी गई थी और फिर SIT ने जांच शुरू की।
  • FIR दर्ज होने के बाद दिशा के पिता ने आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को ₹500 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दिशा सालियान केस में 6 साल बाद 14 सितंबर को FIR दर्ज हुई. इसमें उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, अनिल देशमुख, रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, डिनो मोरिया और सूरज पंचोली जैसे नामों का जिक्र है. इसके बाद इनकी तरफ से केस को लेकर बयान आए. अब दिशा के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) नेता और विधायक आदित्य ठाकरे को ₹500 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है.

Advertisement

दिशा की मौत की नए सिरे से जांच की मांग के बीच आदित्य ठाकरे ने कुछ टिप्पणियां की थीं. दिशा के पिता ने आदित्य ठाकरे के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को भी नोटिस भेजा है.

इससे पहले आदित्य ठाकरे ने दिशा के पिता की जांच की मांग को 'राजनीति से प्रेरित' बताया था. अब सतीश सालियान ने इसी को लेकर नोटिस भेजा है. इसमें कहा गया है कि सतीश सालियन ने साल 2020 में अपनी बेटी की मौत की जांच की मांग को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी. इस शिकायत के आधार पर पिछले हफ्ते केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज की, लेकिन इसमें किसी को आरोपी नहीं बनाया गया.

Advertisement

मानहानि नोटिस के मुताबिक, सतीश सालियन की याचिका का विरोध करके आदित्य ठाकरे ने उनकी नीयत और मंशा पर सवाल उठाए हैं. नोटिस में यह भी कहा गया है कि आदित्य ठाकरे के वकीलों ने उनकी ओर से कहा कि सतीश को उन्हें ‘परेशान करने के लिए एक मोहरे के तौर पर इस्तेमाल' किया जा रहा है. नोटिस में कहा गया है, 

'ये आरोप झूठे, बेबुनियाद, लापरवाह और पूरी तरह मानहानि करने वाले हैं. आरोप बिना किसी ठोस सबूत या विश्वसनीय जानकारी के लगाए गए हैं और इनका मकसद गलत और निजी हितों को आगे बढ़ाना है.'

नोटिस में आगे कहा गया है कि सतीश सिर्फ अपनी बेटी की मौत की कानूनी तरीके से जांच की मांग कर रहे हैं.

Advertisement
आदित्य ठाकरे का पोस्ट

बुधवार, 15 सितंबर को आदित्य ठाकरे ने अपने ऊपर लगाए सभी आरोपों को ख़ारिज किया था. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था कि वो दिशा सालियान से न तो कभी मिले और ना ही उन्हें जानते थे. पोस्ट में उन्होंने लिखा,

‘करीब 6 साल से कुछ लोग राजनीतिक और निजी वजहों से लगातार मेरा नाम इस दुखद मामले में जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. जबकि इसे साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है. ये मेरे चरित्र को बदनाम करने की कोशिश है.’

उन्होंने आगे लिखा, 

'अब इस मामले की आधिकारिक तौर पर दोबारा जांच हो रही है. जांच एजेंसियों को बिना किसी राजनीतिक दबाव, दखल या बदनाम करने की कोशिश के निष्पक्ष तरीके से जांच करने दी जानी चाहिए. अगर किसी को लगता है कि झूठे आरोप और बदनाम करने की कोशिशों से हम चुप हो जाएंगे तो ये उनकी गलतफहमी है.'

आदित्य ने अपने पोस्ट में नए सिरे से जांच की मांग करते हुए लिखा, 

'बिना किसी तथ्य या सच्चाई के लगातार चलाया जा रहा ये झूठा कैंपेन दुर्भाग्यपूर्ण है. आधिकारिक एजेंसियों को इस मामले की नए सिरे से जांच करने दीजिए, बिना किसी दखल के, बिना राजनीतिक हस्तक्षेप के, बिना किसी की छवि खराब किए और निष्पक्ष तरीके से.'

बता दें कि 8 जून 2020 को दिशा सालियान की मौत हुई थी. मुंबई के मलाड में एक बिल्डिंग में वो मृत पाई गई थीं. इस घटना के 6 दिन बाद एक्टर सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई के बांद्रा के अपने अपार्टमेंट में मृत मिले थे.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिशा केस की शुरुआती जांच करीब तीन महीने में बंद कर दी गई. लेकिन उसके बाद तमाम अलग-अलग दावे सामने आए जिसके बाद SIT बनाई गई. तब से इस मामले में जांच चल रही है. मामले में हाल में नया मोड़ तब आया जब दिशा के पिता सतीश सालियान के आरोप और बयान के आधार पर FIR दर्ज की गई. सतीश सालियान का आरोप है कि ‘दिशा का गैंगरेप और हत्या हुई’. उन्होंने ये भी कहा कि ‘इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है.

वीडियो: दिशा सालियान केस की जांच करेंगी सीबीआई ऑफिसर सीमा पाहुजा

Advertisement