Son Accidently Killed Mother in Delhi: दिल्ली के जंगपुरा इलाके में एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई. महिला को उसी के 18 साल के बेटे ने गलती से गोली मार दी. घटना सोमवार, 9 फरवरी की रात की है.
मां को पिस्तौल दिखा रहा था बेटा, गलती से फायर हुआ, गोली सीधा मुंह पर लगी, मौत
Delhi Woman Shot Dead: यह घटना जेजे कॉलोनी में महिला के घर के अंदर हुई. पुलिस ने महिला के 18 साल के बेटे तरुण को आरोपी के तौर पर हिरासत में लिया है. जांच के मुताबिक, तरुण ने आश्रम इलाके से किसी व्यक्ति से गैरकानूनी तरीके से देसी पिस्तौल खरीदी थी.


पुलिस ने बताया कि रात करीब 10:39 बजे मूलचंद अस्पताल से PCR कॉल मिली. अस्पताल की ओर से बताया गया कि एक महिला को गोली लगने के बाद मृत अवस्था में लाया गया है. इसके बाद पुलिस तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.
मृत महिला की पहचान 37 वर्षीय सुमति के रूप में हुई है. वे पास के घरों में घरेलू काम करती थीं और परिवार का सहारा थीं. उनके परिवार में पति और तीन बच्चे हैं, जिनमें 11 साल की एक बेटी भी शामिल है. पति मजदूर हैं, जो माली का काम करते हैं. उन्होंने बताया,
“मैं ड्यूटी पर गया था, उसने मुझे खाना खिलाकर भेज दिया था, लेकिन रात करीब 9:30 बजे घर से फोन आया कि सुमति को गोली लग गई है, जिसके बाद मैं घर आ गया.”
इंडिया टुडे से जुड़े हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के DCP हेमंत तिवारी ने बताया,
"सोमवार, 9 फरवरी की रात 10:39 बजे लाजपत नगर इलाके के मूलचंद हॉस्पिटल से जानकारी मिली कि गोली लगने से घायल एक महिला को हॉस्पिटल लाया गया है और डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन थाना इलाके के जंगपुरा पंत नगर इलाके की रहने वाली सुमति को गोली लगी है.
जांच में पता चला कि मृतक महिला का बेटा तरुण देसी पिस्टल लेकर घर आया था, जिससे गोली चल गई और उसकी मां को लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है. पूरे मामले में मंगलवार, 10 फरवरी को संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है."
शुरुआती जांच में पता चला कि यह घटना जेजे कॉलोनी में उनके घर के अंदर हुई. पुलिस ने महिला के 18 साल के बेटे तरुण को आरोपी के तौर पर हिरासत में लिया है. जांच के मुताबिक, तरुण ने आश्रम इलाके से किसी व्यक्ति से गैरकानूनी तरीके से देसी पिस्तौल खरीदी थी. वो अपनी मां को पिस्तौल दिखा रहा था, तभी अचानक गोली चल गई और सीधा मां के चेहरे पर जा लगी.
घटना के बाद आरोपी ने पिस्तौल को पास के एक नाले में फेंक दिया था. पुलिस ने तलाश करते हुए आरोपी बेटे को पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद कर लिया गया. मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए.
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. साथ ही उस व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है, जिसने आरोपी को अवैध हथियार बेचा था.
वीडियो: अडानी समूह मानहानि मामले में पत्रकार रवि नायर को हुई एक साल की जेल, क्या हुआ था?














.webp?width=275)






