दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं. बुधवार, 7 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान पुलिस और विपक्षी नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त धक्कामुक्की हुई. पुलिस पर आरोप है कि प्रोटेस्ट में शामिल कई महिलाओं से बदसलूकी की गई. वहीं दिल्ली पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों पर महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी और पुरुष पुलिसकर्मियों से मारपीट होने के आरोप लगाए हैं.
कांग्रेस के प्रोटेस्ट के दौरान दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल को घेर कर पीटने का आरोप, शरीर पर नोचने के निशान
दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच एक कांस्टेबल अंकित कसाना ने आरोप लगाया कि 40-50 प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज और मारपीट की. घटना के बाद उनका RML अस्पताल में इलाज चल रहा है.

इस बीच एक घायल पुलिसकर्मी का वीडियो भी सामने आया है. आरोप है कि प्रोटेस्ट में शामिल कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल अंकित कसाना के साथ मारपीट की है. कांस्टेबल का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया, उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मारपीट की. घटना के बाद अंकित कसाना का इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है.
40-50 प्रदर्शनकारियों ने घेर लियाइंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक घटना के वक्त कांस्टेबल अंकित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे. उनका आरोप है कि इसी दौरान करीब 40-50 प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी. अंकित के मुताबिक भीड़ ने उनके साथ गाली-गलौज की. इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई.
बातचीत के दौरान वो भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह काफी डरे हुए हैं. उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता है. अंकित ने कहा कि पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया जाना उनका मनोबल गिराता है.
पुलिस अंकित का मेडिकल करवा रही है. आरोप ये भी है कि मारपीट करने वालों ने उनकी वर्दी फाड़ने की कोशिश की. उन्हें नाखूनों से नोचा गया. उनके शरीर पर नोचे जाने के निशान दिखाई दे रहे हैं. हमलावरों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल थे. घटना उसी वक्त हुई जब पुलिस राहुल गांधी को हिरासत में ले रही थी.
यह भी पढ़ें: 'FIR मेरे लिए मेडल, 100 का टारगेट है', राहुल गांधी ने ये भी बताया कि अब तक कितनी FIR हो चुकी हैं
अंकित कसाना के मुताबिक इससे पहले वो जंतर-मंतर पर हुए CJP प्रोटेस्ट के दौरान भी ड्यूटी पर थे. उनका दावा है कि उस समय भी उनके साथ बदसलूकी हुई थी. अंकित ने दिल्ली पुलिस और सरकार से पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है. उनका कहना है कि ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा का भरोसा मिलना चाहिए, ताकि वे बिना डर के अपनी ड्यूटी कर सकें.
हालांकि, अंकित के आरोपों की स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं हो पाई है. ना ही इस मामले मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है.
वीडियो: राहुल-प्रियंका के दिल्ली प्रदर्शन के बीच सीईसी ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द, चुनाव आयोग ने क्या कहा?














