The Lallantop

थार से ई-रिक्शा की 'मामूली' टक्कर हुई, शख्स गाड़ी से उतरा, रिक्शा वाले को गोली मार दी

ये मामला देश की राजधानी दिल्ली का है. Police ने बताया कि पीड़ित अपना ई-रिक्शा लेकर आ रहा था. जब वह यू-टर्न ले रहा था, तो उसका रिक्शा एक काले रंग की Mahindra Thar से मामूली सा टकरा गया.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो: आजतक)

राजधानी दिल्ली में एक शख्स ने ई-रिक्शा चालक को गोली मार दी. जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया. ये घटना तब घटित हुई जब पीड़ित का रिक्शा एक थार से टकरा गया. थार के ड्राइवर को ये बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने ई-रिक्शा चालक पर गोली चला दी.

Advertisement
क्या है पूरा मामला?

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 23 जून की है. थार चालक की पहचान समीर शर्मा (46) के रूप में हुई है. जो दिल्ली के निर्माण विहार का रहने वाला है. पीड़ित विनय (30) ने पुलिस को बताया कि वह अमित विहार से अपना रिक्शा लेकर आ रहा था, जब वह गगन सिनेमा टी पॉइंट के पास यू-टर्न ले रहा था, तो उसका रिक्शा एक काले रंग की महिंद्रा थार एसयूवी से मामूली सा टकरा गया. जिसके बाद थार चालक ने उस पर गोली चला दी. इसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया. गोली लगने से विनय घायल हो गया और उसे गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नन्द नगरी थाने की पुलिस को GTB हॉस्पिटल से कॉल मिली थी कि एक शख्स को गोली लगी है, जिसे हॉस्पिटल में लाया गया है. जिसके बाद लोकल थाने की पुलिस तुरंत हॉस्पिटल पहुंची. जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच की और सुराग जुटाए. इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस, फायरिंग में शामिल आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने में सफल रही. जांच के बाद पुलिस ने आरोपी समीर शर्मा को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर उसकी महिला दोस्त को भी हिरासत में ले लिया, जो उस वक्त थार में मौजूद थी.

Advertisement

ये भी पढ़ें: नोएडा में थार से युवक को टक्कर मारने के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, SHO और चौकी इंचार्ज सस्पेंड

शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज किया है. इसके अलावा पुलिस ने हमले के दौरान इस्तेमाल की गई पिस्तौल और थार को भी बरामद कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वीडियो: दिल्ली में थार ड्राइवर ने बुजुर्ग को रौंदा, हार्न बजाने का किया था विरोध

Advertisement

Advertisement