The Lallantop

गोल्ड के लिए दोस्त को हनीट्रैप में फंसाया, हत्या के बाद शव के टुकड़े 3 बैगों में भर यमुना में फेंके

Delhi Police ने बताया कि अनरूप को सोने की अंगूठियां और कंगन पहनने का शौक था. इसी लालच में दोस्त सूरज ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी.

Advertisement
post-main-image
मृतक की पहचान अनरूप गुप्ता (दाएं) के तौर पर हुई है. (फोटो: आजतक)

दिल्ली में किडनैपिंग और हत्या से जुड़े एक मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक महिला भी शामिल है. पुलिस ने बताया कि मृतक को सोने की अंगूठियां और कंगन पहनने का शौक था. इसी लालच में दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद शव के टुकड़े किए और उन्हें यमुना नदी में फेंक दिया. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
दिल्ली में गोल्ड के लिए दोस्त की हत्या

मामला दिल्ली के द्वारका इलाके का है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक अनरूप गुप्ता (48) को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर मारा गया. वो छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाते थे. अनरूप 18 फरवरी 2026 से लापता थे. 23 फरवरी को परिजनों ने उनके लापता होने रिपोर्ट दर्ज कराई. जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी हैप्पी उर्फ सूरज ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी हत्या की. 

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सूरज ने अपने साथियों भूपेंद्र, बलराम, नीरज और राखी के साथ मिलकर लूट और हत्या की योजना बनाई. 18 फरवरी को सूरज ने अनरूप को मटियाला एक्सटेंशन स्थित अपने किराये के मकान पर पार्टी के बहाने बुलाया. यहां उनके गहने लूटे गए और पैसों की मांग की गई. पैसे देने से इनकार करने पर पीड़ित को डंडों से पीटा गया और चाकू मारकर हत्या कर दी गई. 

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े किए, लाश को 3 प्लास्टिक बैग में पैक किया गया और उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते मथुरा की ओर ले जाकर फेंक दिया. लाश को ठिकाने लगाने के लिए मृतक की ही कार का इस्तेमाल किया गया. बाद में शव के कटे हुए हिस्से वृंदावन के पास यमुना नदी से बरामद किए गए. 

ये भी पढ़ें: एक दोस्त को दफनाया, दूसरे की लाश खेत में फेंकी, बिहार में नए साल के जश्न के बीच ‘डबल मर्डर’

आरोपियों ने पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए अनरूप के मोबाइल फोन से मैसेज भेजे. परिवार को बताया गया कि वह गोवा घूमने गया है, जबकि कैंटीन स्टाफ को कैंटीन बंद होने का मैसेज भेजा गया. 

Advertisement
Delhi man killed by friend for gold
पुलिस ने महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.  (फोटो: आजतक)

यह पूरा मामला द्वारका डिस्ट्रिक्ट पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने सुलझाया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टोल प्लाजा की जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वीडियो: लखनऊ मर्डर केस में आरोपी ने Blinkit से मंगाया था हत्या का सामान

Advertisement