The Lallantop

वे एक-दूसरे को गले लगाए थे... बच्चे की चाहत में आए दिल्ली, होटल की आग ने जान ले ली

Delhi Malviya Nagar Fire: मृतकों में एक अफ्रीकन कपल भी शामिल है, जो संतान सुख की उम्मीद लिए दिल्ली आया हुआ था. आग लगने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जब उनके कमरे का दरवाजा खोला गया, तो जो दृश्य दिखा, उससे सबका मन भर आया.

Advertisement
post-main-image
होटल में लगी आग में मरने वालों में से ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं. (फोटो: इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिल्ली के मालवीय नगर के 'फ्लोरिश स्टे बीएंडबी' होटल में लगी आग में अफ्रीकन कपल सहित 21 लोगों की मृत्यु हुई, जिसमें कपल IVF ट्रीटमेंट के दौरान ठहरा हुआ था।
  • यह आग उस समय लगी जब कई विदेशी नागरिक आर्थिक और चिकित्सा कारणों से दिल्ली में रह रहे थे और होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
  • हादसे के तुरंत बाद होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया गया है, और आगे जांच के लिए सरकारी एजेंसियां सक्रिय हैं।

दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में लगी भीषण आग में एक अफ्रीकन कपल की भी मौत हो गई, जो संतान सुख की उम्मीद लिए दिल्ली आया हुआ था. एक अस्पताल में कपल का फर्टिलिटी ट्रीटमेंट चल रहा था. इसलिए पास ही में बने 'फ्लोरिश स्टे बीएंडबी' होटल में उन्होंने ठहरने का फैसला लिया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जब उनके कमरे का दरवाजा खोला गया, तो जो दृश्य दिखा, उससे सबका मन भर आया.

Advertisement
बाथरूम में मिला कपल का शव

अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाज के सिलसिले में यह कपल अक्सर उस इलाके में आता-जाता रहता था. मैक्स स्मार्ट हॉस्पिटल में ड्यूटी इंचार्ज और सबसे पहले मौके पर पहुंचने वालों में से एक वसीम रजा ने उस मंजर को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि प्यार की निशानी के तौर पर यह ताज महल से भी बढ़कर था. रजा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 

"हमने जैसे-तैसे बाथरूम का दरवाजा खोला और जो देखा, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. मैंने अपने करियर में कई लाशें देखी हैं, लेकिन वहां जो देखा, उसकी तुलना किसी और चीज से नहीं की जा सकती."

Advertisement

‘एक-दूसरे को गले लगाए हुए थे’

उनके मुताबिक, महिला का हाल ही में कोई मेडिकल प्रोसीजर हुआ था, क्योंकि सर्जरी का निशान साफ दिख रहा था. वे टॉयलेट सीट पर बैठी हुई थीं, जबकि उनका पति पास ही में एक कुर्सी पर बैठे थे. रजा ने कहा, 

"वे एक-दूसरे को गले लगाए हुए थे. उनके हाथ एक-दूसरे के चारों ओर लिपटे हुए थे और महिला का सिर पुरुष के कंधे पर टिका हुआ था. हमने उनकी नब्ज जांचीं और CPR देने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. शायद धुएं की वजह से दम घुटने से उनकी मौत हो गई थी."

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि जब मौत करीब आ रही थी, तो कपल ने एक-दूसरे की बाहों में रहकर उसका सामना करना चुना. यह एक ऐसा दृश्य था जो हमेशा साथ रहेगा.

'कपल का IVF ट्रीटमेंट चल रहा था'

होटल के पास रहने वाले स्थानीय कैब ऑपरेटर इकरार के मुताबिक, इलाके के ड्राइवर अक्सर इस कपल को साथ देखते थे. क्योंकि वे इलाज के लिए पास के अस्पताल आते-जाते रहते थे. उन्होंने कहा, 

"वे इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) ट्रीटमेंट करवा रहे थे. हमारे इलाके के ड्राइवर अक्सर उन्हें अस्पताल ले जाते और वापस लाते थे. वे परिवार शुरू करने की उम्मीद के साथ यहां आए थे."

ये भी पढ़ें: मालवीय नगर के ये लोग न होते तो होटल की आग में मरने वालों की संख्या 21 से ज्यादा होती

दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार, 3 जून की सुबह 'फ्लोरिश स्टे बीबी' में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में अफ्रीकी और मध्य एशियाई देशों के कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे, जिन्होंने इलाज, काम या व्यापार के सिलसिले में दिल्ली को अपना अस्थायी घर बनाया था. घटना के कुछ ही घंटों के भीतर होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया गया.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: मालवीय नगर के होटल में 21 लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन?

Advertisement