दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात 30 साल के एक जज की आत्महत्या का मामला सामने आया है. शनिवार, 2 मई को साउथ दिल्ली के ग्रीनपार्क में अपने घर के बाथरूम में वो मृत पाए गए. पुलिस ने बताया कि उन्हें एक पीसीआर कॉल मिली थी. इसमें बताया गया कि ग्रीनपार्क के रहने वाले जज अमन कुमार शर्मा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. फोन करने वाले शख्स जज के बहनोई शिवम बताए जा रहे हैं. वह दिल्ली के ही डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले हैं.
दिल्लीः पत्नी से विवाद के बाद 30 साल के जज ने की आत्महत्या, बाथरूम में मिला शव
सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को डीडी नंबर-34 पर पीसीआर कॉल मिली थी. इसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पता चला कि 30 साल के अमन कुमार शर्मा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली.


इंडिया टुडे से जुड़े अंशुल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को डीडी नंबर-34 पर पीसीआर कॉल मिली थी. कॉल पर मृतक जज के बहनोई शिवम ने बताया कि अमन शर्मा ने बाथरूम में आत्महत्या कर ली है. उन्होंने फांसी लगाई है. इसके बाद पुलिस की टीमें आवास पर पहुंचीं, जहां शर्मा बाथरूम के अंदर मिले. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अमन के एक रिश्तेदार राजेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार, 1 मई की रात 10 बजे के आसपास अमन की अपने पिता से फोन पर बात हुई थी. फोन पर अमन ने कहा था कि वो बहुत परेशान हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है. राजेश शर्मा के मुताबिक, अमन का उनकी पत्नी से कुछ विवाद था. अमन की पत्नी भी ज्यूडिशियल ऑफिसर हैं. उनकी बहन आईएएस अधिकारी हैं और जम्मू में तैनात हैं.
राजेश शर्मा ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद बेटे को परेशान देख अमन के पिता 2 मई को ही राजस्थान के अलवर से दिल्ली आ गए. उन्होंने अमन और बहू दोनों को समझाने की कोशिश की. साथ ही बहू के घर पर भी बात की. इसी बीच तनाव इतना बढ़ गया कि ये घटना हो गई. राजेश शर्मा के मुताबिक, अमन के पिता ने बताया कि पत्नी से झगड़े के बाद अमन रो रहे थे. इसके कुछ देर बाद वो कमरे में नहीं दिखे तो पिता ने उनके फोन पर कॉल किया. रिंग बाथरूम में बजी. दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो देखा कि उन्होंने पत्नी की चुन्नी से फांसी लगा ली है.
पुलिस ने क्या कहा?पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं. फिर भी पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर इसकी जांच कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया. पुलिस परिजन और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है.
कौन थे अमन कुमार शर्मा?अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली ज्यूडिशियल सर्विस जॉइन की थी. उन्होंने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की. अपने कार्यकाल में उन्होंने कई आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की और अलग-अलग अदालतों में जज के तौर पर काम किया. अक्टूबर 2025 से वह कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में फुल-टाइम सचिव के पद पर तैनात थे.
वीडियो: मुख्यमंत्री मोहन यादव को कांग्रेस ने क्यों ट्रोल कर दिया?



















