आगरा के एक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में एक लाल सूटकेस मिलता है. सूटकेस के अंदर एक महिला का शव टुकड़ों में कटा मिला. यह एक सिरकटी लाश थी. सबूत के नाम पर पुलिस के पास बस यही था. पुलिस के सामने शव की पहचान समेत महिला की ऐसी हालत करने वाले को ढूंढने की चुनौती थी. सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले गए. पता चला कि शव से भरा सूटकेस तो चेन्नई में ट्रेन में डाला गया था. लाश करीब 2000 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के आगरा में बरामद हुई. पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए हर सिरा तलाश किया. आखिरकार आरोपी मणिपुर के जिरिबाम से गिरफ्तार हुए.
चेन्नई से आगरा पहुंची सिरकटी लाश, सैकड़ों CCTV खंगाले, 3000 किमी तक पीछा, ऐसे सुलझी मिस्ट्री
आगरा में मिली सिरकटी लाश की मिस्ट्री सुलझ गई है. 5 अगस्त को Tamil Nadu Express Train जब आगरा पहुंची, तो यात्रियों ने एक लाल रंग के सूटकेस से बदबू आने की शिकायत की थी. सूटकेस में एक सिरकटी लाश थी. आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है.

मृत महिला की पहचान ओडिशा की रहने वालीं हयातुन निशा (उम्र 38 साल) के तौर पर की गई. 29 अगस्त को तमिलनाडु पुलिस ने बताया हयातुन निशा की हत्या के आरोप में मनिक उद्दीन लस्कर (22 साल उम्र) और उसकी पत्नी भगबती माझी को गिरफ्तार किया गया. मनिक उद्दीन असम के कछार जिले का रहने वाला है, जबकि भगबती ओडिशा के केंदुझार जिले की रहने वाली है.
शादी के दबाव में कत्ल?पुलिस को शक है कि मनिक उद्दीन ने ही हयातुन की हत्या की. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मनिक उद्दीन से पूछताछ के बारे में करीब से जानकारी रखने वाले एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि आरोपी और मृतका का अफेयर था. हयातुन ने मनिक पर शादी करने का दबाव डाला. दोनों के बीच झगड़ा हुआ और मनिक ने कथित तौर पर हयातुन निशा की हत्या कर दी.

लेकिन मामला खुला कैसे? मृतक महिला और आरोपियों की पहचान कैसे हुई? कैसे पकड़े गए? सब बताते हैं. 5 अगस्त को तमिलनाडु एक्सप्रेस ट्रेन जब आगरा पहुंची, तो एक अनारक्षित डिब्बे के यात्रियों ने एक लाल रंग के सूटकेस से बदबू आने की शिकायत की. राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने बैग खोला, तो अंदर एक महिला का शव था.
सैकड़ों CCTV खंगालेये ट्रेन चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से चली थी. तमिलनाडु के T8 गुडुवंचेरी थाने में केस दर्ज हुआ. तमिलनाडु पुलिस की मदद से आगरा रेलवे पुलिस, चेन्नई की राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स ने चेन्नई सेंट्रल के CCTV फुटेज खंगाले.
यह भी पढ़ें: 'सिर पर चोट, कलाइयां कटी हुईं... ', DU की प्रोफेसर को फ़्लैट में घुसकर मार डाला!
लोकल ट्रेन से लेकर एक्सप्रेस ट्रेनों के फुटेज पर नजर दौड़ाई गई. जांच से जुड़े एक जानकार ने बताया कि करीब 350 CCTV खंगालने के बाद एक पुरुष और महिला लाल सूटकेस तमिलनाडु एक्सप्रेस में रखते दिखे. वे ट्रेन के चलने से पहले वहां से निकल गए.
बर्तन में भी शरीर के टुकड़ेCCTV में जोड़ा पार्क स्टेशन की तरफ जाता दिखा, EMU ट्रेन पकड़कर गुडुवंचेरी पहुंचा और एक ऑटो रिक्शा लिया. गुुुडुवंचेरी, चेन्नई मेट्रोपॉलिटन एरिया में आता है. 200 CCTV कैमरा देखने के बाद टीम गुडुवंचेरी इलाके में मस्जिद वाली गाली में एक घर तक पहुंची. पता चला कि तीन लोग यहां किराए पर रहते थे. घर पर ताला लगा था. पुलिस ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तो खाना पकाने के बड़े बर्तन में इंसानी शरीर के कुछ टुकडे़ मिले, जो शायद हयातुन निशा के ही थे.

कपल फरार था. पुलिस ने कॉल डेटा रिकॉर्ड (CDR) खंगाला, तो मनिक उद्दीन लस्कर और भगबती माझी की लोकेशन मणिपुर के जिरिबाम में काशिमपुर में मिली. मणिपुर पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. ये जगह गुडुवंचेरी से करीब 3000 किलोमीटर दूर है. बाद में आरोपियों को पूछताछ के लिए तमिलनाडु के तांबरम लाया गया.
वीडियो: कानपुर में मां का कटा हाथ लाए ITBP जवान, पुलिस ने अस्पताल पर क्या एक्शन लिया?










