The Lallantop

पंजाब कांग्रेस में बढ़ा घमासान, अमरिंदर राजा वडिंग ने छोड़ा प्रेसिडेंट पद, वजह भी बताई!

Raja Warring resign: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अपने रेजिगनेशन का ऐलान कर दिया. सचिन पायलट को प्रभारी बनाए जाने से नाराज बताए जा रहे थे.

Advertisement
post-main-image
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. (courtesy: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • लुधियाना से कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर राहुल गांधी को औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
  • राजा वड़िंग के इस्तीफे का कारण प्रदेश कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी और सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनाए जाने के बाद उनके बीच रिश्तों में आई दूरी बताई जा रही है।
  • राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद कांग्रेस पार्टी में पंजाब अध्यक्ष पद के लिए विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है और इससे पार्टी संगठन में बदलाव की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

लुधियाना से कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की और उसके बाद औपचारिक तौर पर अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया. बता दें कि पिछले काफी समय से कहा जा रहा था कि वडिंग हालिया बदलावों से नाखुश थे. कुछ दिन पहले ही सचिन पायलट को पंजाब प्रभारी बनाया गया है. इसके बाद से प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी बढ़ गई है. 

Advertisement

शुक्रवार, 2 अक्टूबर को नई दिल्ली में राहुल से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए वड़िंग ने कहा,

‘सचिन पायलट के पद संभालने के बाद मैं उनसे सिर्फ़ एक बार, लगभग 15 मिनट के लिए मिला हूं. लगभग एक महीने में वे सिर्फ दो घंटे के लिए चंडीगढ़ आए हैं. मुझे लगता है कि नए महासचिव को लगा कि मेरी छुट्टी कर देनी चाहिए.’

Advertisement
लंबे समय से इस्तीफे की मांग

राजा वड़िंग ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल के बारे में जानकारी दी. आने वाले चुनावों को देखते हुए पंजाब में कांग्रेस की मज़बूती पर चर्चा की. उन्होंने साफ़ किया कि उनसे इस्तीफ़ा देने के लिए नहीं कहा गया है. राहुल गांधी ने उन्हें राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया था, इसलिए राजा वड़िंग ने उन्हें अपना इस्तीफ़ा सौंपा है. उनका कहना है कि राहुल गांधी ने उन्हें बहुत स्नेह दिया है. 

2027 में पंजाब में विधानसभा चुनाव है. राजा वड़िंग के इस्तीफे की मांग लंबे समय से चल रही थी. पार्टी में गुटबाजी की बात लंबे समय से कही जा रही है. मीडिया में ऐसा दावा किया जाता रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा से वडिंग की बन नहीं रही थी. इनकी ओर से कई महीनों से उन्हें हटाने की मांग की जा रही थी. फिर ये मामला सार्वजनिक भी हो गया था.

इसके बाद जुलाई में, पार्टी हाई कमान ने वड़िंग को बनाए रखा. चन्नी को कैंपेन कमेटी का प्रमुख और पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला को चुनाव प्रबंधन समिति का प्रमुख बनाया. लेकिन इस व्यवस्था से भी असंतोष खत्म नहीं हुआ. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: 'बाल्मीकि समुदाय से थे, रंग सांवला था फिर भी कांग्रेस ने... ', बूटा सिंह की बात कर फंस गए राजा वडिंग

सचिन पायलट पर क्या कहा?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सचिन पायलट ने राज्य के नेताओं से बातचीत की थी. उन्होंने राजा वड़िंग के कामकाज और गुटबाज़ी के बारे में नेतृत्व को एक रिपोर्ट सौंपी. सूत्रों के मुताबिक, इसी रिपोर्ट ने बदलाव का रास्ता साफ़ किया. राजा वड़िंग ने कहा कि उनके राजनीतिक अनुभव के आधार पर उन्हें लगता है कि शायद सचिन पायलट ने उन्हें पद से हटाने का फैसला किया हो. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं है. 

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राजा वड़िंग के इस्तीफ़े के बारे में कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी है. कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य, AICC के संयुक्त कोषाध्यक्ष और संगरूर के पूर्व सांसद विजय इंदर सिंगला का नाम अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है. 

वीडियो: राजधानी: कौन होगा पंजाब में कांग्रेस का नया अध्यक्ष?

Advertisement