'कॉकरोच जनता पार्टी' (Cockroach Janta Party) टॉक ऑफ़ द टाउन नहीं टॉक ऑफ़ द कंट्री बन गया है. एक हफ्ते के अंदर ही ये पार्टी इतनी मशहूर हुई कि सरकारी दफ्तरों में भी इसकी चर्चा होने लगी. लेकिन केंद्र सरकार ने X को नेशनल सिक्योरिटी का हवाला देते हुए कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट बंद करने का निर्देश दे दिया. बात यहीं नहीं ख़त्म हुई. अब खबर है कि पार्टी का इंस्टाग्राम (Instagram) अकाउंट भी बंद हो सकता है. लेकिन ऐसा क्यों हो रहा है? ये जान लेते हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट बैन, सरकार ने बताया क्यों हुई कार्रवाई
Cockroach Janta Party blocked: केंद्र सरकार को IB ने तर्क दिया था कि CJP का X अकाउंट भारत की संप्रभुता के लिए खतरा है. IB का मानना था कि यह अकाउंट भड़काऊ कॉन्टेंट पोस्ट कर रहा था. अब केंद्र सरकार के एक सीनियर अफसर ने पार्टी के इंस्टा अकाउंट बंद होने के संकेत दिए हैं.


केंद्र सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने बताया है कि Ministry of Electronics and Information Technology ने X से IT Act, 2000 की धारा 69 (A) के तहत CJP के अकाउंट को बंद करने के लिए कहा था.
केंद्र सरकार को ऐसा करने का सुझाव IB की ओर से दिया गया था. नाम न छापने की शर्त पर अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि IB ने तर्क दिया था कि यह अकाउंट भारत की संप्रभुता (Sovereignty) के लिए खतरा है. IB का मानना था कि यह अकाउंट भड़काऊ कॉन्टेंट पोस्ट कर रहा था, जिससे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता था. खासतौर पर CJP के अकाउंट से जिस तरह का कॉन्टेंट पोस्ट हो रहा है वो यूथ में काफी तेजी से वायरल हो रहा है.
अब जिस Information Technology Act की धारा 69 (A) के तहत CJP के एक्स अकाउंट पर एक्शन हुआ है. उसके बारे में जान लेते है. धारा 69 (A) के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को कॉन्टेंट हटाने के आदेश जारी करने का अधिकार है. अगर सरकार को लगता है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे किसी कॉन्टेंट से भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और सार्वजनिक व्यवस्था को खतरा हो सकता है, तो सरकार इसे बैन करने का ऑर्डर जारी कर सकती है. सभी प्लेटफॉर्म को ये आदेश मानना ही होगा. नियमों का पालन नहीं करने पर जेल और जुर्माना भी लगाया जा सकता है.
वैसे CJP के एक्स अकाउंट को सिर्फ भारत में ही बंद किया गया है. दुनिया के बाकी देशों में पुराना अकाउंट अब भी एक्टिव है. बताया जा रहा है कि इंडिया में एक्स को CJP का अकाउंट बंद करने का आदेश तब भेजा गया था, जब इस अकाउंट के लगभग 90,000 फ़ॉलोअर्स थे. 21 मई को जब CJP का एक्स अकाउंट बंद हुआ तो पार्टी ने थोड़ी देर बाद ही नया अकाउंट बना लिया. इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा और बायो में लिखा- “कॉकरोच डोंट डाय” यानी कॉकरोच मरते नहीं. 22 मई की सुबह तक पार्टी के नए एक्स अकाउंट पर करीब एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए.
Instagram अकाउंट भी ब्लॉक होगा?पुराना एक्स अकाउंट बंद होने के बाद पार्टी ने नया एक्स अकाउंट बनाया लिया है. लेकिन इंस्टाग्राम वाला अकाउंट अभी भी वहीं है जो पहले दिन बनाया गया था. CJP के इंस्टाग्राम पर करीब 19 मिलियन फॉलोअर्स हैं. CJP के Instagram हैंडल को अभी तक भारत में ब्लॉक नहीं किया गया है. हालांकि, इस बात की संभावना है कि Instagram अकाउंट को भी ब्लॉक कर दिया जाएगा. केंद्र सरकार के एक सीनियर अफसर ने इस ओर इशारा किया कि इंस्टा को बंद करने की प्रक्रिया पर अभी काम चल रहा है
वैसे CJP का अकाउंट बंद होने के पीछे एक्स के दिशा-निर्देश क्या कहते है, ये भी जान लेते है. X के दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी अकाउंट या पोस्ट को तब रोका जाता है, जब सोशल नेटवर्किंग साइट को “किसी अधिकृत संस्था से एक वैध और उचित दायरे वाला अनुरोध” मिलता है. किसी अकाउंट को सिर्फ तब ही बंद किया जा सकता है जब वो वहां के स्थानीय कानून का उल्लंघन कर रही हो.
16 मई को बनी कॉकरोच जनता पार्टी जिस हिसाब से सोशल मीडिया पर फेम बटोर रही है उसी तेजी के साथ अब पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक्शन होना भी शुरू हो गया है. पहले एक्स अकाउंट और अब इंस्टा की तैयारी. लेकिन ब्लॉक-अनब्लॉक गेम के बीच ये सवाल भी बनता है कि आखिर देश के युवा इस पार्टी से इतनी तेजी से क्यों जुड़ रहे हैं?
वीडियो: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक का पुराना पोस्ट वायरल, AAP से क्या कनेक्शन?





















