मुख्यमंत्री मोहन यादव का दुबई दौरा मध्य प्रदेश के लिए एक बड़ी कामयाबी लेकर आने वाला है. तीन दिनों तक चली कई अहम बैठकों के बाद राज्य को करीब 53,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इस इन्वेस्टमेंट से मध्य प्रदेश में सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, एआई (AI), डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स और शिक्षा जैसे आधुनिक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा.
दुबई में मिले 53 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव, सीएम मोहन यादव बोले- वेलकम टू MP
CM Mohan Yadav के दुबई दौरे से मध्य प्रदेश को 53,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इस इन्वेस्टमेंट से सौर ऊर्जा, AI और शिक्षा जैसे आधुनिक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा. सीएम मोहन यादव ने सभी निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता दिया है.

राणा होल्डिंग्स ने मध्य प्रदेश में करीब 35,200 करोड़ रुपये के इन्वेस्टमेंट की इच्छा जताई है. कंपनी 2,000 मेगावॉट का सोलर पोर्टफोलियो, 200 मेगावॉट का ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, एआई और कंप्यूटिंग डेटा सेंटर, खनिजों की रीसाइक्लिंग यूनिट और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग हब लगाने पर विचार कर रही है.

वहीं, एनआईडीआई सर्विसेज (DMCC-SCNELL LLC) ने 50 मेगावॉट की एआई फैक्ट्री लगाने का प्रस्ताव दिया है. इसमें करीब 1.5 से 2 अरब डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश की बात कही गई है. भविष्य में इसकी क्षमता 100 मेगावॉट से ज्यादा की जा सकती है.
मुख्यमंत्री ने जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन सनी वर्की से भी मुलाकात की. दोनों के बीच मध्य प्रदेश में मॉर्डन स्कूल, टीचर ट्रेनिंग और एजुकेशन से जुड़ी तकनीक के क्षेत्र में काम करने पर चर्चा हुई. इसके अलावा ‘प्योर हेल्थ’ के साथ अस्पताल, डिजिटल हेल्थ और मेडिकल-नर्सिंग शिक्षा पर बात हुई.

वहीं, शराफ ग्रुप के साथ लॉजिस्टिक्स पार्क, गोदाम और कोल्ड-चेन में इन्वेस्टमेंट को लेकर बात हुई. डीपी वर्ल्ड के साथ पवारखेड़ा में लॉजिस्टिक्स हब और निर्यात को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई. ‘शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स’ के साथ बैठक में मध्य प्रदेश और शारजाह के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने दुबई की ‘बीआ कंपनी’ की सुविधाओं का भी दौरा किया. यहां कचरे से ऊर्जा बनाने और शहरों की सफाई से जुड़े मॉडल को देखा गया.
ये भी पढ़ें: जमीन खरीद पर CM मोहन यादव से विपक्ष ने पूछे सवाल, बीजेपी की तरफ से जवाब भी आया
दुबई में आयोजित ‘इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बिजनेस शुरू करने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई साल में मध्य प्रदेश को 34 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इनमें 30 प्रतिशत से ज्यादा परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं. मुख्यमंत्री ने सभी निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में सभी का स्वागत है.
वीडियो: सीएम मोहन यादव के परिवार के पास 168 एकड़ की ज़मीन? विपक्ष ने घेरा









