सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के बाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD) एक्शन मोड में आ गई है. MCD ने अपने बिल्डिंग डिपार्टमेंट के ही तीन इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ ड्यूटी में इन अधिकारियों ने कोताही बरती थी, जिसके बाद उनपर ये एक्शन हुआ है.
सत्य निकेतन हादसे के बाद आखिरकार जागी MCD, तीन इंजीनियरों पर हुई ये बड़ी कार्रवाई
Satya Niketan building collapse: MCD ने अपने बिल्डिंग डिपार्टमेंट के ही तीन इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ ड्यूटी में इन अधिकारियों ने कोताही बरती थी. MCD दिल्ली के कई इलाकों में बिल्डिंग सील कर रही है.

आजतक से जुड़े अनमोल नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, MCD द्वारा 10 सितंबर को जारी किए गए आदेशों के अनुसार, साउथ वेस्ट जोन (पहले नजफगढ़ जोन) के बिल्डिंग डिपार्टमेंट में असिस्टेंट इंजीनियर (AE) रविंदर कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है.
इसके अलावा साउथ वेस्ट जोन (पहले नजफगढ़ जोन) के बिल्डिंग डिपार्टमेंट में जूनियर इंजीनियर (JE) सुमन सौरभ और साउथ वेस्ट जोन के बिल्डिंग डिपार्टमेंट में जूनियर इंजीनियर (JE) मोहित यादव को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
MCD ने साफ़ किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ एक्शन लेने में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कॉर्पोरेशन ने आदेश दिया है कि फील्ड पर जो भी अधिकारी काम कर रहे हैं वो किसी भी अनियमितता के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें. साथ ही ये सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई नियमों के दायरे में हो.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में 4 मंजिल से ऊंची सभी अवैध बिल्डिंग सील होंगी, दोषी अफसरों की जाएगी नौकरी
61 बिल्डिंग सील की गईंMCD ने दिल्ली के कई इलाकों में अवैध निर्माण और सेफ्टी नियमों का पालन न करने वाली बिल्डिंगों के खिलाफ एक्शन लिया है. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, अब तक ऐसी 61 बिल्डिंग सील की गई हैं जो नियमों का उल्लंघन करती हैं. इसके अलावा 41 बिल्डिंगों को ध्वस्त करने का आदेश जारी हुआ है.
10 सितंबर को दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में भी बेसमेंट में चल रही कई दुकानों को बंद कराया गया है. बताया गया कि कूचा महाजनी ज्वेलरी मार्केट में बेसमेंट में बनी 54 दुकानों को सील किया गया है.
MCD ने अपने आदेश में साफ कहा है कि हर स्तर पर अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा, अगर उन्होंने ड्यूटी सही से नहीं निभाई तो. कॉरपोरेशन का कहना है कि दिल्ली भर में बिल्डिंग से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने और अवैध निर्माण को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठाना जारी रहेगा.
वीडियो: सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरी, सैटेलाइट स्टडी में क्या मिला?












