बीजेपी और शिवसेना गठबंधन ने महाराष्ट्र की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मेयर और डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. भारतीय जनता पार्टी ने घाटकोपर से वरिष्ठ पार्षद रितु तावड़े को मेयर उम्मीदवार बनाया है. वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने डिप्टी मेयर के पद के लिए दहिसर के पार्षद संजय घाड़ी के नाम पर मुहर लगाई है.
BMC में रितु तावड़े बनीं BJP की मेयर उम्मीदवार, डिप्टी मेयर के लिए शिंदे गुट के संजय घाड़ी का नाम
मुंबई महानगरपालिका के मेयर पद के लिए बीजेपी ने घाटकोपर की पार्षद रितु तावड़े को उम्मीदवार घोषित किया है. वहीं डिप्टी मेयर पद पर शिंदे शिवसेना की ओर से संजय घाडी का नाम सामने आया है. बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को BMC चुनाव में इस बार बहुमत मिला है, ऐसे में इनके उम्मीदवारों का मेयर और डिप्टी मेयर बनना लगभग तय माना जा रहा है.


रितु तावड़े के नाम की घोषणा मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष अमित साटम ने की. रितु तावड़े को घाटकोपर से तीन बार पार्षद चुना जा चुका है. इस बार वह घाटकोपर वार्ड नंबर-132 से चुनाव जीती थीं. वह शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, रितु तावड़े लंबे समय से क्षेत्र के जरूरी मुद्दों पर अपनी सक्रियता दिखाती नजर आई हैं. वहीं संजय घाड़ी इस बार वार्ड नंबर-05 से पार्षद बने हैं.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, मेयर और डिप्टी मेयर के उम्मीदवारों के नाम की आधिकारिक घोषणा के बाद, अब ये दोनों इलेक्शन ऑफिसर के पास अपना नॉमिनेशन दाखिल करेंगे.
नॉमिनेशन दाखिल होने के बाद बुधवार, 11 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे मेयर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी. ऐसी संभावना है कि उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना भी BMC के मेयर चुनाव में अपना कैंडिडेट खड़ा कर सकती है.
यह भी पढ़ें: मेघालय कोयला खदान विस्फोट में अभी भी निकल रहे शव, मृतकों की संख्या बढ़कर 25 पहुंची
BMC के मेयर की पावर और उसके काम के बारे में बात करें, तो BMC में मेयर का पद और कमिश्नर का पद सबसे बड़ा होता है. मेयर नगर निगम से जुड़ी मीटिंग की अध्यक्षता करने के साथ शहर का औपचारिक प्रतिनिधित्व भी करता है. हालांकि, कमिश्नर के पास प्रशासनिक और कार्यकारी जिम्मेदारियां होती हैं.
बता दें कि 15 जनवरी को हुए बीएमसी चुनावों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जिसने 227 सदस्यीय सदन में 89 सीटें जीतीं. वहीं, शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिलीं, जिससे बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को बहुमत हासिल हुआ. दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को 65 सीटें मिलीं, जबकि उसकी सहयोगी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को महज छह सीटें हासिल हुईं.
इसके अलावा BMC चुनाव में कांग्रेस पार्टी को 24 सीटें, एनसीपी (शरद पवार) को एक, AIMIM को आठ, NCP (अजित पवार गुट) को तीन और समाजवादी पार्टी को दो सीटें मिलीं.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: अटल बिहारी वाजपेयी क्यों बनाना चाहते थे अलग पार्टी? पत्रकार नीरजा चौधरी ने सब बताया















.webp?width=120)

.webp?width=120)

