The Lallantop

कैंसर पीड़ित महिला की हत्या कर चोरी दिखाई, पुलिस के खोजी कुत्तों ने पति की पोल खोल दी

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां कैंसर से पीड़ित एक महिला की हत्या कर दी गई है. आरोप है कि मृतका के पति ने ही कैंसर के इलाज में हो रहे खर्च और घरेलू विवाद के कारण पत्नी की हत्या करवाई है.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने हत्या को आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है (PHOTO-India Today)

पत्नी को कैंसर था. इलाज में काफी पैसे लग रहे थे. इसको लेकर घर में आए दिन लड़ाई-झगड़े भी हो रहे थे. इससे निजात पाने के लिए पति को एक साजिश सूझी. उसने अपने दो दोस्तों को सुपारी दी कि उसकी पत्नी की हत्या कर दो. प्लान बना कि महिला को मारने के बाद ऐसा सीन बनाएंगे कि लगेगा घर में चोरी हुई है और चोर ने ही हत्या की है. इस साजिश को अंजाम तक पहुंचाया गया. कैंसर पीड़ित महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस को भी पहली नजर में मामला चोरी और हत्या का ही लग रहा था लेकिन, उनके खोजी कुत्तों ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की ये घटना है. पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है.

अब आइए आपको पूरी कहानी बताते हैं.

Advertisement

ये पूरा मामला बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव का है. 2 फरवरी की रात यहां रहने वाली रीता शर्मा की गला रेत कर हत्या कर दी गई. रीता कैंसर से पीड़ित थीं. पहले ऐसा लगा कि ये घटना चोरी की वारदात से जुड़ी है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने घटना को यही रूप देने की कोशिश भी की थी. लेकिन पुलिस की जांच में हुए खुलासे ने सबको हैरान कर दिया. पता चला कि रीता की हत्या उनके खुद के पति राहुल ने कराई है. 

पुलिस के मुताबिक राहुल ने अपने दो साथियों शेर अली ऊर्फ शेरा और फिरोज के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया है. पुलिस की जांच में पता चला कि पत्नी के कैंसर के इलाज में हो रहे खर्च को लेकर काफी समय से घर में क्लेश चल रहा था.

Advertisement
कैसे पकड़ा गया आरोपी?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति राहुल ने पहले शेरा और फिरोज को हत्या करने के लिए 5 लाख की सुपारी दी. बातचीत के लिए उसने कोडवर्ड 'साड़ी के पैसे' का इस्तेमाल किया. 2 फरवरी की रात उसने शेरा और फिरोज को कॉल कर कहा कि साड़ी के पैसे लेने घर आ जाओ. लगभग साढ़े आठ बजे दोनों घर आए. इसके बाद तीनों ने मिलकर रीता का मुंह कंबल से दबाया और आखिर में शेरा और फिरोज ने चाकू से रीता के गले पर कई वार कर उसे मार दिया. हत्या को लूट दिखाने के लिए घर का सामान इधर-उधर फेंक दिया. वारदात के समय आरोपी की मां घर में ही थीं, लेकिन उन्हें इस कांड की भनक तक नहीं लगी.

cancer patient wife murdered by husband contract killing treatment cost
हापुड़ पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मीडिया के सामने पेश किया (PHOTO-India Today)

इसके ठीक बाद राहुल ने बाइक उठाई और घर से निकल गया. उसी रात वो लगभग 20 किलोमीटर एक शादी में गया और वहां फोटो खिंचवाई. इसके बाद राहुल चांदपुर (बिजनौर) स्थित अपनी दूसरी दुकान पर जाकर सो गया. फिर सुबह करीब चार बजे वो घर पहुंचा और पत्नी की हत्या और घर में लूट की बात कहकर हल्ला मचाने लगा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने जांच में डॉग स्क्वाड की मदद ली. खोजी कुत्ते पहले घर में घूमते रहे. फिर वो पुलिस को शेरा और फिरोज के घर के पास ले गए. 

पुलिस को लगा कि अगर कुत्ते यहां पहुंचे हैं तो जरूर इस जगह और घटनास्थल में कोई कनेक्शन है. इसके बाद पुलिस को शक हुआ तो पति राहुल से सख्ती से पूछताछ की गई. पहले तो राहुल ने शादी में जाने की बात बताई, लेकिन बाद में जब पुलिस ने सख्ती की तो वो टूटने लगा. साड़ी वाले कोडवर्ड के बारे में पूछते ही वो टूट गया. इसके बाद पुलिस ने राहुल और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए हैं.

वीडियो: राजस्थान में शादी के 3 महीने बाद पत्नी ने बॉयफ्रेंड से कराई पति की हत्या, कैसे खुला?

Advertisement