The Lallantop

भोपालः ट्रेनिंग के दौरान 4 किलो का डमी बम हवलदार के सिर पर गिर गया, चली गई जान

भोपाल में आर्मी की ट्रेनिंग के दौरान डमी बम गिराया जा रहा था, जो अचानक हवलदार विजय सिंह के सिर पर गिर गया. इसकी वजह से उनकी मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
भोपाल में सिर पर डमी बम गिरने से हवलदार की मौत हो गई (फोटोः फेसबुक)

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्रेनिंग के दौरान सर पर डमी बम गिरने से सेना के एक जवान की मौत हो गई. जवान की पहचान हवलदार विजय सिंह के रूप में हुई है. इंडिया टुडे से जुड़े रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, आर्मी की ट्रेनिंग के दौरान एक डमी बम गिराया जा रहा था, जो ‘गलती से’ हवलदार विजय सिंह के सिर पर गिर गया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार 23 जून की है. भोपाल के सुखी सेवनिया थाना इलाके में स्थित आर्मी कैंप में जवानों की ट्रेनिंग चल रही थी. सेना के फायरिंग रेंज में ड्रोन के जरिए बम गिराने का अभ्यास चल रहा था. इस दौरान तकरीबन 4 किलो के वजन का लोहे का एक डमी बम गिराया जा रहा था. कई फीट ऊंचाई से छोड़ा गया ये बम विजय सिंह के सिर पर आकर गिर गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

जख्मी विजय सिंह को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मंगलवार 24 जून को विजय सिंह के शव का पोस्टमॉर्टम भोपाल के हमीदिया अस्पताल में कराया गया. इसके बाद उनका पार्थिव शरीर उत्तराखंड स्थित उनके पैतृक घर भेजा गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. 

Advertisement

ये भी पढ़ें- कपड़े उतारे, जूतों की माला पहनाई, बोनट पर परेड निकाली, चोरी के आरोपी के साथ ऐसा पुलिस ने किया

सुखी सेवनिया थाना प्रभारी (TI) रामबाबू शर्मा ने बताया कि यह घटना ट्रेनिंग के दौरान हुई. ड्रोन के जरिए डमी बम गिराने का अभ्यास चल रहा था. डमी बम का वजन ज्यादा होने के कारण हादसा हो गया. उन्होंने बताया कि सुखी सेवनिया पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

वीडियो: पड़ताल: क्या पाक-आर्मी ने भारतीय सेना के विमान को मार गिराया?

Advertisement

Advertisement