कर्नाटक के बेंगलुरु शहर में फूड सेफ्टी ड्राइव के तहत एक पब और कई फूड आउटलेट को बंद कर दिया गया. इंस्पेक्शन के दौरान उन जगहों पर खुला हुआ खाना, फफूंद से संक्रमित मीट और एक्सपायरी वाला दूध बड़े पैमाने पर मिला. अधिकारियों ने पूरे शहर में फूड सेफ्टी ड्राइव को तेज कर दिया है. कुछ दिन पहले शहर के कुछ बड़े-बड़े पांच सितारा होटलों में भी ऐसी अनियमितताएं पाई गईं थीं.
बेंगलुरु होटल रेड: सड़ा हुआ मांस, दूध-दही सब एक्सपायर, खाने के नाम पर परोस रहे थे 'जहर'
Bengaluru food safety drive: रेड के दौरान एक लाउन्ज से अधिकारियों को 51 किलो फफूंद लगा हुआ मांस और 15 लीटर खराब तेल मिला. 3 दिनों की इस ड्राइव में अब तक 132 किलो खराब खाना जब्त किया गया. फूड सेफ्टी विभाग ने सख्त सक्शन की बात कही है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, UB सिटी लक्ज़री मॉल के पब स्काई लाउन्ज (Skyye lounge) में ये छापेमारी हुई. रेड के दौरान सड़ा हुआ चिकन और मीट मिला. इन पर फफूंद लगे हुए थे. वहां से कुछ एक्सपायरी दूध और दही के पैकेट भी मिले, जिनकी एक्सपायरी डेट दस दिन पहले बीत चुकी है. अधिकारियों ने कुल 51 किलो सड़ा हुआ खाना और 15 लीटर खराब तेल फेंक दिया और दुकान पर ताला लगा दिया. बताया गया कि इस पूरे अभियान में करीब 132 किलो सड़ा खाना जब्त किया गया है.
कहां-कहां कितना सड़ा माल मिला?जांच के दौरान कुछ और होटलों पर रेड मारकर ताला लगा दिया गया. वहां भी ज्यादा मात्रा में सड़ा और बासी खाना मिला जिससे किसी की जान तक जा सकती है. जैसे रॉयल चेन होटल से अधिकारियों ने 50 किलो बत्तख और पांच किलो मछली जब्त किया. वहीं मद्रास किचन से पांच किलो सफल मटर और टस्कन होटल से पांच किलो मशरुम जब्त किया गया है.
ये छापेमारी फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) द्वारा की गई. छोटे आउटलेट के इतर बड़े होटलों पर भी छापेमारी हुई. एक डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर से रेड के दौरान लगभग 70 किलो एक्सपायरी सोयसॉस जब्त किया गया. अन्य खाद्य पदार्थों के फूड सैंपल लैब टेस्टिंग के लिए भेजे गए हैं और लगभग 10 लीटर ड्रिंक्स को भी नाले में बहा दिया गया है.
ये भी पढ़ें: फंगस वाली सब्जी, एक्सपायर्ड मीट... बेंगलुरु के 5-स्टार होटल की हालत देख सर पकड़ लेंगे!
मैदान में 30 टीमें भेजी गईंरिपोर्ट के मुताबिक, ये अभियान FSDA द्वारा बेंगलुरु शहरी जिले और बीबीएमपी क्षेत्रों में चलाया गया. इसका मकसद था शहरों में बिकने वाले खानों का क्वालिटी चेक करना. इस अभियान के लिए विभाग ने डेसिग्नेटेड अफसरों और फूड सेफ्टी अफसरों सहित 30 टीमें गठित कीं. 8 अगस्त को, टीमों ने बेंगलुरु के शहर के कई इलाकों फूड स्टोरेज का निरीक्षण किया. ये स्टोरेज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय होटलों और अन्य फूड आउटलेट को खाद्य सामग्री, मटन और मछली सप्लाई करते हैं.
इस दौरान अधिकारियों ने फूड क्वालिटी और स्टोरेज कंडीशन पर ज्यादा ध्यान दिया. अफसरों ने सचेत किया है कि FSSAI के नियमों के उल्लंघन पर केस भी दर्ज किया जा सकता है.
वीडियो: डे केयर में बच्चे कितने सेफ? बेंगलुरु के वायरल वीडियो ने उठाए सवाल













