शरद पवार की अगुवाई वाली ‘नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी’ (NCP) के आठ सांसदों ने सोमवार, 10 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. प्रधानमंत्री ऑफिस (PMO) में आधे घंटे तक चली इस मीटिंग में कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई. NCP (SP) के सांसदों ने प्रधानमंत्री को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा. उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक को सकारात्मक बताया.
शरद पवार के सांसदों की PM मोदी से मुलाकात, सुप्रिया सुले ने मीटिंग की वजह बताई
Sharad Pawar की NCP के आठ सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. आधे घंटे तक चली इस बैठक में अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और सांसदों ने लिखित ज्ञापन सौंपा. NCP (SP) सांसद Supriya Sule ने इस मीटिंग के पीछे की वजह भी बताई है.

आजतक से जुड़े हिमांशु मिश्रा और पीयूष मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार गुट के सांसदों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आधे घंटे तक बैठक चली. इस दौरान सांसदों ने पीएम मोदी के सामने महाराष्ट्र में सूखे और सिंचाई से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताई. उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की.
रिपोर्ट के मुताबिक, मीटिंग के दौरान NCP (SP) सांसदों ने मांग की कि महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, शाहीर अन्ना भाऊ साठे और तुकडोजी महाराज को भारत रत्न दिया जाए. नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डी. वाई. पाटिल एयरपोर्ट रखने की मांग भी की गई. सांसदों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन समस्याओं पर ध्यान देने की जरूरत है और उन्होंने इन मुद्दों पर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
सुप्रिया सुले ने 8 अगस्त को बताया था कि पार्टी ने पीएम मोदी से मुलाकात का समय मांगा है. उन्होंने कहा कि डेलिगेशन महाराष्ट्र से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाएगा, जिसमें किसानों की आत्महत्या और पानी का संकट जैसी समस्याएं शामिल हैं. सुले ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,
“मैं और कुछ सांसद, इस बारे में बात कर रहे थे कि प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र की समस्याओं के बारे में बताया जाना चाहिए. इनमें पानी से जुड़े मुद्दे, किसानों की आत्महत्या और शहरीकरण की वजह से होने वाली समस्याएं शामिल हैं.”
BJP ने किया मुलाकात का स्वागतBJP नेता नवनीत राणा ने इस बैठक का स्वागत किया था. उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों को महाराष्ट्र के विकास से जुड़े मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने उठाने का मौका मिलना चाहिए. राणा ने कहा,
"मुझे लगता है कि अगर शरद पवार की पार्टी के सांसद महाराष्ट्र के विकास के लिए PM मोदी से मिल रहे हैं. इस सोच के साथ कि राज्य को और आगे बढ़ना चाहिए, तो ऐसी बैठक निश्चित रूप से बुरी बात नहीं है."
ये भी पढ़ें: प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार की दूसरी मीटिंग 5 घंटे चली, BJP को अच्छा नहीं लगा
कांग्रेस ने NCP (SP) डेलिगेशन से अपील की थी कि वे प्रधानमंत्री मोदी को साफ तौर पर बताएं कि INDIA गठबंधन का साफ रुख है कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू किया जाना चाहिए और इसे परिसीमन से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. हालांकि, मीटिंग में महिला आरक्षण कानून को लेकर बात हुई या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
वीडियो: नेतानगरी: मोदी कैबिनेट में फेरबदल, किसकी एंट्री और किसका कटेगा पत्ता? शरद पवार फिर पाला बदलेंगे?













