यूपी के उन्नाव में एक क्रिकेट मैदान में खेल के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. ये हमला इतना घातक था कि हमले में घायल हुए अंपायर की मौत हो गई. मधुमक्खियों ने वहां मौजूद कई लोगों को घायल कर दिया. घायलों का इलाज कानपुर अस्पताल में चल रहा है. मधुमक्खियों का ये हमला मैच के दौरान हुआ. मैदान पर मौजूद लोग तुरंत नीचे लेट गए, लेकिन मधुमक्खियों के डंक से फिर भी नहीं बच सके.
क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों ने कर दिया हमला, अंपायर को इस कदर काटा कि मौत हो गई
खिलाड़ियों ने जमीन पर लेटकर खुद को बचाया. लेकिन अंपायर खुद को बचा नहीं पाए. उन्हें मधुमक्खियों ने बुरी तरह काटा.


ये पूरा मामला उन्नाव के शुक्लागंज स्थित सप्रू स्टेडियम का है. यहां एचए और एसबीएस एकेडमी के बीच अंडर-13 का मैच खेला जा रहा था. इस मैच में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े 65 वर्षीय मानिक गुप्ता अंपायरिंग कर रहे थे. मैच चल ही रहा था, तभी मैदान पर अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने हमला कर दिया. खिलाड़ी और बाकी लोग कुछ समझ पाते, तब तक मधुमक्खियों ने पूरे मैदान को घेर लिया.
हमला बढ़ता देख वहां मौजूद सभी लोग जमीन पर लेट गए. लेकिन तब तक मधुमक्खियां पूरे मैदान में लोगों को डंक मारने लगीं. इसी दौरान अंपायरिंग कर रहे मानिक गुप्ता मधुमक्खियों के डंक से बुरी तरह घायल हो गए. उनके अलावा भी कई लोग डंक का शिकार हो चुके थे. आनन-फानन में सभी को शुक्लागंज के ही एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया. लेकिन उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक हालत बिगड़ती देख उन्हें तुरंत कानपुर रेफर कर दिया गया. फिर उन्हें कानपुर के हैलेट हॉस्पिटल के कार्डियलॉजी डिपार्टमेंट ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अंपायर मानिक गुप्ता के अलावा दूसरे अंपायर जगदीश शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हैं. उनके अलावा कई खिलाड़ी भी घायल हैं. लेकिन सभी लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
मानक गुप्ता बीते करीब 30 सालों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े थे. वे केडीएमए क्रिकेट लीग में नियमित रूप से अंपायरिंग किया करते थे. उनके लंबे अनुभव की वजह से उन्हें काफी सम्मान प्राप्त था. लोग बताते हैं कि मानिक गुप्ता काफी निष्पक्ष अंपायर माने जाते थे.
यह भी पढ़ें: सलाम कंचन बाई, वो महिला जो 20 बच्चों और मौत के बीच ढाल बन कर खड़ी हो गई
वहीं, इस घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक ऐसी स्थिति इसलिए बनी क्योंकि मैदान के बहुत करीब कहीं मधुमक्खियों ने छत्ता बनाया था. फिलहाल प्रशासन ने इस मामले में मिली जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है. इसके अलावा खेल संगठनों ने भविष्य में ऐसे आयोजनों से पहले सुरक्षा जांच को अनिवार्य करने की मांग की है. साथ ही हर ऐसे मैच के दौरान इमरजेंसी मेडिकल सुविधा की भी मांग की गई है.
वीडियो: मैन वर्सेस वाइल्ड शो वाले बेयर ग्रिल्स को मधुमक्खी ने डंक मारा, इंजेक्शन लगाना पड़ा




















