The Lallantop

सरकारी डॉक्टर की कार से टकराकर गाय की मौत, गुस्साई भीड़ ने गाड़ी से खींचकर पीटा

Budaun में एक गाय कार से टकरा गई, जिसकी इलाज के बाद गौशाला में मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने सरकारी डॉक्टर को पीट दिया. वहीं, पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
post-main-image
कार से गाय की टक्कर होने के बाद भीड़ ने सरकारी डॉक्टर को पीट दिया. (फोटो- सोशल मीडिया)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • बदायूं जिले में 11 अगस्त को सरकारी डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ की कार एक गाय से टकराई, जिससे घायल गाय इलाज के बाद गोशाला में मृत्य हुई और डॉक्टर पर भीड़ ने हमला किया।
  • घटना के दौरान सड़क पर खड़ी गाय के कार की चपेट में आने से घायल होने के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसमें गुस्साई भीड़ ने डॉक्टर की पिटाई की और उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया।
  • पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और सात नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की, साथ ही डॉक्टर की कार को भी जब्त कर लिया गया है।

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक सरकारी डॉक्टर की कार गाय से टकरा गई. इसे लेकर हंगामा हो गया. गाय के घायल होने के बाद घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई. आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने डॉक्टर को कार से खींचकर बाहर निकाला और उनकी पिटाई कर दी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है. वहीं, कार की टक्कर से घायल गाय की इलाज के बाद गोशाला में मौत हो गई.

Advertisement
सरकारी डॉक्टर से मारपीट

मामला मंगलवार, 11 अगस्त को बदायूं के म्याऊं में हुआ. पीड़ित डॉक्टर की पहचान डॉ. राहुल सिद्धार्थ के तौर पर हुई है, जो उसावां कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पर मेडिकल ऑफिसर इन-चार्ज के पद पर काम कर रहे हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के वक्त डॉ राहुल उसावां कम्युनिटी हेल्थ सेंटर से बदायूं मार्केट जा रहे थे. इसी समय म्याऊं इलाके में सड़क पर खड़ी एक गाय उनकी कार की चपेट में आ गई. घायल होकर गाय सड़क पर गिर गई. ये देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने डॉक्टर पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की. डॉक्टर हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे लेकिन इसके बावजूद भीड़ ने उनकी एक न सुनी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: खेत में गाड़कर भूले, किसान के 5 लाख रुपये दीमक चट कर गए, फिर…

भीड़ ने उनकी कार को भी निशाना बनाया. कार के शीशे तो तोड़े ही गए. गाड़ी पलटने की भी कोशिश की गई. सूचना मिलने पर घटनास्थल पर अलापुर पुलिस भी पहुंची. SHO माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं. ये चारों आरोपी बिचपुरी गांव के रहने वाले हैं.

UP
भीड़ कार पलटने की कोशिश करती हुई.
डॉक्टर की गाड़ी जब्त

SHO ने कहा कि डॉक्टर का मेडिकल कराया गया है. उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है. उनकी तहरीर के बाद अलापुर पुलिस ने बुधवार, 12 अगस्त को 7 नामजद लोग और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. इन लोगों के खिलाफ दंगा करने, नुकसान पहुंचाने, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने का मामला दर्ज किया गया है. साथ ही डॉक्टर की गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है.  

Advertisement

वीडियो: अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद के एक्सीडेंट का वीडियो आया सामने

Advertisement