वेटरन सिंगर Kumar Sanu ने हजारों गाने गाए हैं. मगर एक मौका ऐसा भी आया, जब उन्होंने अंडरवर्ल्ड डॉन Dawood Ibrahim के सामने परफॉर्म किया. सानू का दावा है कि तब वो दाऊद को पहचानते नहीं थे. उल्टा, उन्हें तो उसके बारे में तब पता चला कि जब अगले दिन दोनों की तस्वीरें अखबारों में छपीं.
जब दाऊद इब्राहिम की पार्टी में गाना गाने पहुंच गए कुमार सानू!
कुमार सानू ने बताया कि वो उस पार्टी में अनु मलिक के कहने पर गए थे.

कुमार सानू पिछले दिनों दी लल्लनटॉप के स्पेशल प्रोग्राम ‘गेस्ट इन द न्यूज़रूम’ में आए हुए थे. इस दौरान उनसे दाऊद के सामने परफॉर्म करने वाले वाकये के बारे में पूछा गया. सानू बताते हैं कि उन्हें ये सब 'सेवा-भाव' में करना पड़ा था. उनके मुताबिक, अनु मलिक उन्हें दुबई में एक बच्ची की बर्थडे पार्टी में लेकर गए थे. दाऊद भी उस वक्त वहीं सामने बैठा हुआ था. इवेंट में सब लोग सानू से गाने की डिमांड कर रहे थे. इसलिए उन्होंने स्टेज पर परफॉर्म किया और वापस आ गए. उस घटना के बाद सानू की दाऊद या उसके परिवार से कभी मुलाकात नहीं हुई.
ये पूछे जाने पर कि क्या उन्हें तब डर भी लगा था, सानू ने साफ़ मना कर दिया. वो कहते हैं,
"पहले मुझे इन सबके बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं थी. एक म्यूजिक डायरेक्टर मुझे वहां लेकर जा रहे थे. इसलिए मेरा उनसे कोई लेना-देना नहीं था. उन्होंने मुझे ये नहीं बताया था कि मैं किसके शो में जा रहा हूं. बस इतना कहा था कि दुबई में एक बर्थडे पार्टी में परफॉर्म करना है. मुझे तो दाऊद के बारे में तब पता चला जब अखबार में हमारी तस्वीरें छप गईं. सोचा कि ये क्या कर दिया मैंने. मुझे डर लगने लगा.”
सानू बताते हैं कि 80s-90s के दौर में अंडरवर्ल्ड और बॉलीवुड का फासला मिटने लगा था. इसकी बड़ी वजह ये थी कि फिल्मों में गैंगस्टर्स का पैसा लगा हुआ था. इसलिए अंडरवर्ल्ड का फिल्मों पर दबदबा बना रहता था. हालांकि सानू कहते हैं कि वो खुद इन सबसे दूर रहना पसंद करते थे. इसी वजह से वो सुरक्षित रहे और अंडरवर्ल्ड की नज़र में कभी नहीं आए.
वीडियो: कुमार सानु ने बताया आखिर अब वे हिंदी फिल्मों में क्यों नहीं गाते!












