क्या E20 पेट्रोल को लेकर दिल्ली में अगस्त के पहले दिन कुछ बड़ा होने वाला है? आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट किया है. कहा है कि शनिवार, 1 अगस्त को एथेनॉल वाले पेट्रोल के खिलाफ एक टाउनहॉल होगा. इसमें एक जानी-मानी शख्सियत होगी, जो लोगों की समस्याएं सुनेगी और E20 पर फैसला लेगी. केजरीवाल ने ये नहीं बताया कि वो जानी-मानी शख्सियत कौन होगी. उन्होंने लोगों को इनवाइट किया कि वो आएं और अपनी बात रखें.
E20 पेट्रोल के खिलाफ 1 अगस्त को कुछ बड़ा होगा? केजरीवाल और पूनावाला ने क्या ऐलान किए?
अरविंद केजरीवाल ने 1 अगस्त को दिल्ली में E20 पेट्रोल के खिलाफ 'नेशनल टाउनहॉल' बुलाया है. उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में देश की एक जानी-मानी शख्सियत लोगों की बातें सुनेगी और E20 पर 'निर्णय' लेगी, हालांकि नाम का खुलासा नहीं किया.

अरविंद केजरीवाल का ये बुलावा उस दिन आया, जब राजनीतिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला गाड़ी मार्च करने वाले थे. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी, जिसके बाद उन्होंने मार्च कैंसिल कर दिया. लेकिन उन्होंने भी हार नहीं मानी है. 31 जुलाई को उन्होंने ऐलान किया कि 1 अगस्त को वह मौन व्रत और भूख हड़ताल करेंगे.
एक्स पर लिखी पोस्ट में पूनावाला ने कहा,
एथेनॉल 20 ब्लेंडिंग पॉलिसी पर 'टीम भारत' की आवाज नहीं दबाई जाएगी! 1 अगस्त 2026 को मैं अकेले APJ अब्दुल कलाम मार्ग से तीस जनवरी मार्ग तक पैदल जाऊंगा. उस जगह तक जहां बापू की हत्या हुई थी. वहां मौन व्रत और भूख हड़ताल पर बैठूंगा!
हालांकि, अरविंद केजरीवाल का कार्यक्रम तहसीन पूनावाला से अलग है. बीती 27 जुलाई को अपने कार्यक्रम का ऐलान करते हुए केजरीवाल ने 1 अगस्त को लोगों को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब आने का न्योता दिया. केजरीवाल ने कहा कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाला कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा. इसमें हिस्सा लेने वाले लोगों से अनुरोध है कि वो सुबह 11.30 बजे तक क्लब पहुंच जाएं. इसके बाद 31 जुलाई को अपनी ‘एक्स’ पोस्ट में केजरीवाल ने लिखा,
कल ‘National Townhall against E20’ में लोगों की समस्याएं सुनने के लिए और E20 पर ‘निर्णय’ लेने के लिए मेरे साथ देश की एक जानी मानी शख्सियत मौजूद होगी. अपनी बात रखने के लिए आप भी जरूर आएं.
उन्होंने कहा कि जो लोग दिल्ली से बाहर रहते हैं और आ नहीं सकते, वो ऑनलाइन जुड़ें. इसके लिए AAP की ओर से एक वॉट्सऐप लिंक भी जारी किया गया है.
ये भी पढ़ेंः '...तो पेट्रोल 125 रुपये में मिलता', सरकार ने संसद में E20 फ्यूल के फायदों की झड़ी लगा दी
पूनावाला के ‘गाड़ी मार्च’ का क्या हुआ?
E20 वाले पेट्रोल के खिलाफ तहसीन पूनावाला का ‘गाड़ी मार्च’ शुक्रवार, 31 जुलाई को होने वाला था. लेकिन पुलिस ने इजाजत ही नहीं दी. खुद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इसके बारे में बताया. उन्होंने कहा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया. दिल्ली पुलिस ने उन्हें मीडिया से बात करने से भी रोका. साथी नागरिकों को गिरफ्तार करने और उनके टैक्स के पैसे से खरीदी गई गाड़ियों को जब्त करने की धमकी दी.
आगे पूनावाला ने कहा,
लेकिन आप E20 ब्लेंडिंग पॉलिसी के खिलाफ 'टीम भारत' के विरोध को रोक नहीं सकते. अकेले पैदल चलना और चुपचाप अकेले बैठना किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं है. मैं उसी जगह पर मौन व्रत और दिन भर की भूख हड़ताल पर बैठूंगा, जहां बापू की हत्या हुई थी!
बता दें कि अनिवार्य E20 पेट्रोल को लेकर कई लोगों ने विरोध जताया है. गाड़ी चालकों और मालिकों ने सरकार से अपील की है कि वह शुद्ध पेट्रोल का भी विकल्प दे. कई लोगों ने शिकायत की है कि मिलावट वाले पेट्रोल से गाड़ी का माइलेज कम हुआ है. कथित तौर पर इंजन खराब होने की भी शिकायतें सामने आई हैं.
वीडियो: IB ऑफिसर अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन समेत 5 दोषियों को मिली उम्रकैद की सजा












