The Lallantop

अल्मोड़ा के लड़के ने 'उड़ने वाली कार' बना दी, खुद बैठकर दुनिया को दिखाया सबूत

Uttarakhand के Ravi Tamta ने बिजली से चलने वाली Flying Car बनाई है. इसका नाम HAPIDA SKYNEX है. रवि ने इस व्हीकल का सफल ट्रायल भी पूरा कर लिया, जिसका वीडियो वायरल है.

Advertisement
post-main-image
‘फ्लाइंग कार’ का वीडियो वायरल है. (फोटो: आजतक)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने पूरी तरह बिजली से चलने वाली एक सीट वाली फ्लाइंग कार ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ का सफलतापूर्वक ट्रायल पूरा किया है।
  • रवि टम्टा ने इंटरनेट और पुस्तकों से प्राप्त जानकारी के आधार पर करीब 13 वर्षों की रिसर्च और मेहनत के बाद बिना किसी विशेष प्रशिक्षण के यह फ्लाइंग कार विकसित की।
  • इस फ्लाइंग कार के सफल ट्रायल के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवि टम्टा को बधाई दी और उनके तकनीकी प्रयासों के भविष्य में आगे बढ़ने की संभावना जताई है।

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रहने वाले युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने 'उड़ने वाली कार' तैयार की है. इस ‘फ्लाइंग कार’ का नाम ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ (HAPIDA SKYNEX) है. यह एक सीट वाला व्हीकल है, जो पूरी तरह बिजली से चलता है. रवि ने इस व्हीकल का सफल ट्रायल भी पूरा कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है. उन्होंने इस ‘फ्लाइंग कार’ को कई सालों की रिसर्च और मेहनत के बाद तैयार किया. 

Advertisement
सफल रहा ट्रायल

आजतक से जुड़े संजय सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, रवि टम्टा ने हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ की ट्रायल उड़ान भरी. इस दौरान अल्मोड़ा के जिलाधिकारी (DM) अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) चंद्रशेखर आर घोड़के भी मौजूद रहे.

प्रशासन की निगरानी में सुरक्षा के जरूरी इंतजामों के बीच ट्रायल पूरा कराया गया. रवि की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनसे वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की. DM अंशुल सिंह ने भी रवि टम्टा की उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया.

Advertisement
CM ने दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘X’ पर रवि टम्टा का एक वीडियो शेयर करते हुए उन्हें बधाई दी. सीएम ने लिखा,

"आपकी यह उपलब्धि बताती है कि हमारे युवाओं में टैलेंट, इनोवेशन और वैज्ञानिक सोच की कोई कमी नहीं है. आपकी यह कोशिश उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. विश्वास है कि आप भविष्य में भी अपने इनोवेशंस के जरिए साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगे."

Advertisement

ये भी पढ़ें: इस गाड़ी में बैठकर आप भी कहेंगे, 'और ये मैं आसमान की ऊंचाइयों में'!

कौन हैं रवि टम्टा?

रवि टम्टा अल्मोड़ा में जागेश्वर धाम के पास स्थित काफलीखान गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज गुरुनाबाज से 12वीं तक पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने सोबन सिंह जीना यूनिवर्सिटी, अल्मोड़ा से ग्रेजुएशन किया. पढ़ाई के साथ ही उन्होंने फ्लाइंग टेक्नोलॉजी और दूसरे तकनीकी विषयों पर अपनी रिसर्च जारी रखी.

रवि के मुताबिक, उन्होंने इस काम के लिए किसी संस्थान से कोई विशेष डिग्री या ट्रेनिंग नहीं ली. उन्होंने इंटरनेट और किताबों के जरिए तकनीकी जानकारी जुटाई. करीब 13 साल तक उन्होंने रिसर्च की. इसके बाद उन्होंने अपनी स्टार्टअप कंपनी ‘हैपिडा स्काई प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ व्हीकल तैयार किया.

वीडियो: साउंड की स्पीड से भी तेज़ उड़ने वाले विमानों के पीछे की साइंस समझ लीजिए

Advertisement