The Lallantop

पायलट बिना लाइसेंस 17 साल प्लेन उड़ाता रहा, रिटायरमेंट के बाद झूठ खुला

Air Canada Pilot: एयर कनाडा के एक पायलट ने 17 साल तक बिना लाइसेंस के उड़ान भरी. अधिकारियों का कहना है कि 2009 से 2025 के बीच उन्होंने 900 से ज्यादा घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें भरीं. अब उन पर चार महीने की जांच बिठाई गई है.

Advertisement
post-main-image
पायलट ने 17 साल बिना लाइसेंस के उड़ान भरी. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • एयर कनाडा के पूर्व पायलट जॉफ्री वॉल को बिना वैध एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस के 17 वर्षों तक 900 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भरने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
  • ट्रांसपोर्ट कनाडा द्वारा फर्जी दस्तावेजों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जॉफ्री वॉल के लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उनकी धोखाधड़ी का पता चला और चार महीने की जांच के बाद गिरफ्तारी हुई।
  • एयर कनाडा ने जॉफ्री के फर्जीवाड़े के पता चलते ही कार्रवाई की, उनके खिलाफ अवैध गतिविधि का मामला दर्ज किया गया और बाकी पायलटों की भी जांच शुरू कर दी गई है।

एयर कनाडा (Air Canada) के पूर्व पायलट को बिना लाइसेंस के प्लेन उड़ाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि पायलट जॉफ्री वॉल (Geoffrey Wall) बीते 17 सालों से फर्जी लाइसेंस दिखाकर उड़ान भर रहे थे. जिसके बाद 1 जून को ओंटारियो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. 

Advertisement

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा पुलिस ने बताया कि जॉफ्री वॉल, एयर कनाडा एयरलाइन में कैप्टन थे. लेकिन उनके पास एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस (ATPL) नहीं था, जो कमर्शियल फ्लाइट उड़ाने के लिए इस्तेमाल होता है. अधिकारियों का कहना है कि 2009 से 2025 के बीच उन्होंने 900 से ज्यादा घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें भरीं, जो कि गैरकानूनी है. पुलिस का कहना है कि उन पर चार महीने की जांच बिठाई गई है.

फ्रॉड का पता कैसे चला? 

पुलिस ने बताया कि जब डॉक्यूमेंट की जांच की गई तब मामला सामने आया. ट्रांसपोर्ट कनाडा (एविएशन रेगुलेटर) ने पुलिस को फर्जी दस्तावेज के बारे में बताया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने ये भी आरोप लगाया कि जॉफ्री ने अपना डॉक्यूमेंट लापता होने का फर्जी केस भी दर्ज करवाया था. अधिकारियों ने बताया कि जॉफ्री वॉल ने 2025 में रिटायर होने से पहले एयरलाइन और एविएशन रेगुलेटर दोनों से झूठ बोला था.  

Advertisement

पुलिस ने जॉफ्री वॉल के खिलाफ फ्रॉड, फर्जी दस्तावेज बनाने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ये फ्रॉड करके उन्होंने कनाडा के बोईंग जेट्स 767, 777 और 787 में भी उड़ान भरी और करीब 3 मिलियन की कमाई भी की. हालांकि अभी मामला कोर्ट में साबित होना बाकी है.

ये भी पढ़ें: फ्लाइट लेट हुई तो खराब हो गया कटहल का पौधा, किसान को एयरलाइन देगी 90 हजार रुपये

Air Canada ने क्या कहा?

एयर कनाडा ने बताया कि जैसे ही उन्हें जॉफ्री के फ्रॉड का पता चला उन पर तत्काल कार्रवाई की गई और ट्रांसपोर्ट कनाडा को सूचना दी गई. एयरलाइन ने बताया कि अब वे उनके कर्मचारी नहीं हैं और एविएशन रेगुलेटर ने उनपर फाइन लगाया है. 

Advertisement

हालांकि एयरलाइन ने अपने बयान में साफ किया कि इस दौरान यात्रियों की ज़िंदगी से खिलवाड़ नहीं किया गया. उनके मुताबिक, हर 6 महीने पर पायलट को ट्रेनिंग दी जाती है और साल में एक बार ट्रांसपोर्ट कनाडा, पायलट और फ्लाइट की चेकिंग करते हैं, जॉफ्री के साथ भी ये सब हुआ था. एयरलाइन ने इस घटना के बाद बाकी पायलट की चेकिंग शुरू की है. हालांकि, अब तक किसी और पायलट के पास फर्जी दस्तावेज नहीं मिले हैं. 

वीडियो: कनाडा में शो के दौरान दिलजीत दोसांझ ने खालिस्तानियों को कैसे सबक सिखाया?

Advertisement