अमेरिका के इलिनोइस में एक 19 साल के एक लड़के को गिरफ्तार किया गया है. युवक पर ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी (मास शूटिंग) की साजिश रचने का आरोप है. जांच कर रहे लोगों को एक घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) मिला है. इस मेनिफेस्टो में व्हाइट सुप्रीमेसिस्ट (श्वेत लोगों की सत्ता) से जुड़ी बातें लिखी हैं. साथ ही, उसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात कही गई है.
अमेरिका: हिंदू मंदिर में मास शूटिंग की रच रहा था साजिश, पुलिस ने घर से दबोचा आरोपी को
इलिनोइस के पैलेटाइन में रहने वाले एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस पर ऑरोरा इलाके से 19 साल के युवा को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पर हिंदू मंदिर में मास शूटिंग और भारतीय मूल के लोगों को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है.

पैलेटाइन के रहने वाले एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को संभावित गोलीबारी की घटना के बारे में जानकारी मिली थी. इस मामले की सुनवाई 14 अक्टूबर को रोलिंग मीडोज में कुक काउंटी थर्ड म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट कोर्टहाउस में हुई. जज ने आरोपी को हिरासत में रखने का आदेश दिया. अब उसे 30 अक्टूबर को फिर से अदालत में पेश होना है.
कैसे पकड़ा गया एलेक्जेंड्रोस?ये जांच माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस को मिली टिप के आधार पर शुरू हुई. उस व्यक्ति ने बताया कि उसे पैपोराकिस की ओर से कुछ डरावने मैसेज मिले हैं. जांच टीम के अनुसार, उसने एक दस्तावेज साझा किया था. डॉक्युमेंट में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की योजना का जिक्र था. इसके साथ ही उसने एक राइफल, मैगजीन, बॉडी आर्मर और दूसरे मिलिट्री एक्विपमेंट्स की तस्वीरें भी भेजी थीं.
पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने उन मैसेजेस और 'व्हाई आई फॉट: ए.के.ए.' नाम के एक मैनिफेस्टो की जांच की. इसमें कथित तौर पर चरमपंथी विचारधारा से जुड़ी बातें लिखी थीं. इनमें दक्षिण एशियाई मूल के लोगों, खासकर भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा के लिए उकसाने वाली बातें लिखी थी. पैलेटाइन पुलिस विभाग ने इस पर जानकारी देते हुए कहा,
जांच के दौरान ऐसी जानकारी सामने आई है कि पैपोराकिस ने रविवार, 11 अक्टूबर को हमला करने की योजना बनाई थी. शायद वह ऑरोरा इलाके में किसी हिंदू पूजा स्थल को निशाना बनाना चाहता था. हालांकि, जिस जगह को निशाना बनाने की योजना थी, उसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है. इस मामले की जांच जारी है.
पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभागों के अधिकारियों ने 11 अक्टूबर को पैपोराकिस को अरेस्ट किया. आरोपी उस वक्त वह अपने घर से निकल रहा था. बाद में उसके घर की तलाशी लेने पर एक राइफल, कई डाउनलोड मैगजीन, सैकड़ों राउंड कारतूस और टैक्टिकल एक्विपमेंट्स बरामद हुए. जांच टीम को एक वेस्ट (जैकेट) भी मिली, जिसमें बॉडी आर्मर लगा था. इस पर एक ऐसा पैच था, जिस पर white supremacist extremism से जुड़ी चीजें बनी थीं.
शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास (Consulate General of India) ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी है. उन्होंने सरकारी एजेंसियों की समय पर की गई कार्रवाई की तारीफ की. शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक्स पर लिखा,
वाणिज्य दूतावास को इलिनोइस के ऑरोरा में एक पूजा स्थल को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश से जुड़ी खबरों की जानकारी है. हम कानून लागू करने वाली एजेंसियों की समय पर की गई कार्रवाई की सराहना करते हैं. हम भारतीय समुदाय के लोगों के संपर्क में हैं और घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं.
(यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के पंजाब में 100 साल पुराना हिंदू मंदिर गिराया गया, जमीन मदरसे को देने का आरोप)
पैपोराकिस पर मुख्य रूप से आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने (खासकर 16 इंच से कम बैरल वाली राइफल) का आरोप है. इसके अलावा हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने भी पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है. साथ ही लोगों से सतर्क रहने तथा संभावित खतरों की सूचना देने की अपील भी की गई है.
वीडियो: तारीख: पाकिस्तान में मौजूद हिंदू मंदिर आज किस हाल में हैं?













