जब कभी दांतों में खाना फंसता है, तो आप क्या करते हैं? ज़्यादातर लोग टूथपिक लेते हैं और तुरंत फंसी चीज़ निकाल देते हैं. कभी-कभार ऐसा करना चलता है. पर अगर रोज़ आपके दांतों में खाना फंस रहा है और एक ही जगह फंस रहा है, तब ये परेशानी की बात है. क्योंकि इससे आपको मुंह से जुड़ी कुछ दिक्कतें हो सकती हैं. कौन-सी हैं ये दिक्कतें, इनके बारे में जानेंगे आज. डॉक्टर से ये भी समझेंगे कि दांतों के बीच खाना बार-बार क्यों फंसता है. इसका इलाज क्या है. और दांतों के बीच खाना फंसने से कैसे रोकें.
दांतों में बार-बार एक ही जगह खाना फंसता है तो ये गलती न करें
सिर्फ़ दांतों से खाना निकालना काफ़ी नहीं है. ये भी पता करें कि आखिर उस जगह पर बार-बार खाना क्यों फंस रहा है.

दांतों के बीच खाना फंसने के कारण
ये हमें बताया डॉक्टर शर्मिष्ठा लैड ने.

दांतों के बीच बार-बार खाना फंसने के 4 कारण हो सकते हैं.
1. दांतों के बीच गैप है या दांतों के बीच का कॉन्टैक्ट ढीला हो गया है.
2. दांतों की पोज़ीशन सही नहीं है या दांत टेढ़े-मेढ़े हैं.
3. मसूड़ों की बीमारी होना, इसमें मसूड़े या दांत को सहारा देने वाली हड्डी पीछे हट सकती है.
4. दांत में कैविटी होना या किसी दांत का टूट जाना.
ये भी पढ़ें: तबीयत बिगड़ते ही AI से पूछने की आदत साइबरकोंड्रिया का 'मरीज' बना देगी
दांतों के बीच खाना फंसने से होने वाली दिक्कतें
दांतों के बीच बार-बार खाना फंसने से उस जगह बैक्टीरिया और प्लाक जमा होने लगते हैं. इससे मसूड़ों में सूजन, रेडनेस और खून आ सकता है. मुंह से बदबू आने की समस्या भी हो सकती है. इसलिए सिर्फ़ दांतों से खाना निकालना काफ़ी नहीं है. ये भी पता करें कि आखिर उस जगह पर बार-बार खाना क्यों फंस रहा है.
दांतों में खाना फंसने का इलाज
इलाज पूरी तरह कारण पर निर्भर करता है. अगर कैविटी की वजह से दांतों में खाना फंस रहा है. तब आमतौर पर कैविटी को साफ़ करके दांत को भरा जाता है. अगर दांत टूट गया है, तो उसे ठीक करने के लिए दांत की मरम्मत और ऊपर से क्राउन (कैप) लगवाने की ज़रूरत पड़ सकती है. अगर दांतों के बीच का कॉन्टैक्ट सही नहीं है, तो डेंटिस्ट उसे ठीक करने के लिए उचित डेंटल ट्रीटमेंट कर सकते हैं.
अगर समस्या मसूड़ों की बीमारी की वजह से है, तो पहले मसूड़ों का इलाज किया जाता है. इसमें प्रोफेशनल क्लीनिंग या ज़रूरत के हिसाब से मसूड़ों का इलाज कर सकते हैं. अगर समस्या दांतों की गलत पोज़िशन की वजह से है, तो ब्रेसेज़ या अलाइनर्स की ज़रूरत पड़ सकती है. इसलिए हर व्यक्ति के लिए एक जैसा इलाज नहीं हो सकता. सबसे पहले खाना फंसने का कारण जानना बहुत ज़रूरी है.
ये भी पढ़ें: बॉडी में ये फैट ज्यादा है तो कैंसर हो सकता है, जानें वजन घटाने से खतरा जाएगा या नहीं
दांतों में बार-बार खाना फंसने से कैसे बचाएं?
अपने मुंह की साफ़-सफ़ाई का ध्यान रखें. फ्लोराइड वाले टूथपेस्ट और सॉफ्ट ब्रिसल वाले ब्रश से दिन में दो बार ब्रश करें. दांतों के बीच की सफाई के लिए इंटरडेंटल ब्रश या वॉटर फ्लॉसर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
अगर दांतों के बीच बार-बार खाना फंस रहा है. तब उसे निकालने के लिए किसी नुकीली चीज़, पिन या टूथपिक का इस्तेमाल न करें. इससे मसूड़ों को चोट पहुंच सकती है. अगर खाना एक ही जगह बार-बार फंस रहा है. वहां दर्द, मसूड़ों से खून आना या मुंह से बदबू आने जैसी दिक्कतें हैं. तब डेंटिस्ट से जांच ज़रूर कराएं.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: इस लेवल के बाद कैंसर में बदल जाता है मोटापा











