The Lallantop

डबल चिन गायब कर देंगे फेस लिफ्टिंग मास्क? डॉक्टर ने बताया वायरल दावे का सच

फेस लिफ्टिंग मास्क चेहरे पर दबाव डालता है और स्किन को कसता है.

Advertisement
post-main-image
दावा है कि फेस लिफ्टिंग मास्क से डबल चिन काफी हद तक कम हो जाती है

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • डॉक्टर संपूर्णा वर्मा के अनुसार फेस लिफ्टिंग मास्क चेहरे पर दबाव डालकर स्किन को कुछ घंटे के लिए कसाव देता है, जिससे डबल चिन कुछ समय के लिए कम दिखती है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है।
  • उम्र बढ़ने पर चेहरे के फैट पैड ढीले पड़ने और स्किन लटकने से डबल चिन की समस्या होती है, जिसके कारण फेस लिफ्टिंग मास्क का अस्थायी असर देखा जाता है, जबकि स्थायी प्रभाव के लिए क्लीनिक आधारित ट्रीटमेंट आवश्यक हैं।
  • फेस लिफ्टिंग मास्क का असर लगभग 3-4 घंटे तक रहता है और मास्क को हफ्ते में दो से तीन बार लगाने की सलाह दी गई है, जबकि माइग्रेन या दांतों के इलाज वाले लोगों को इसे उपयोग करने से बचना चाहिए।

सोशल मीडिया पर इन दिनों फेस लिफ्टिंग मास्क खूब वायरल हैं. दावा किया जा रहा है कि इन्हें लगाने से डबल चिन गायब हो जाती है. चेहरे पर कसावट आती है. चेहरा ग्लोइंग दिखने लगता है. पर इन बातों में कितनी सच्चाई है? फेस लिफ्टिंग मास्क के बारे में सब कुछ पता करेंगे आज. डॉक्टर से जानेंगे कि फेस लिफ्टिंग मास्क कैसे काम करते हैं? क्या इन्हें लगाने से डबल चिन सच में गायब हो जाती है? इन्हें हफ्ते में कितनी बार इस्तेमाल कर सकते हैं? फेस लिफ्टिंग मास्क से चेहरे में आने वाले बदलाव कितने वक्त तक रहते हैं और इन्हें लगाना कुछ काम का है भी या नहीं? 

Advertisement

फेस लिफ्टिंग मास्क कैसे काम करते हैं?

ये हमें बताया डॉक्टर संपूर्णा वर्मा ने. 

dr sampurna verma
डॉ. संपूर्णा वर्मा, डर्मेटोलॉजिस्ट एंड फाउंडर, डर्मा रिडिफाइंड

पहले समझते हैं कि एजिंग होने पर चेहरे में बदलाव क्यों आते हैं. 

Advertisement

डॉक्टर संपूर्णा ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ चेहरे के फैट पैड्स ढीले पड़ने लगते हैं. इस वजह से डबल चिन दिख सकती है. जबड़े के आसपास की स्किन ढीली होकर लटकने लगती है. फेस लिफ्टिंग मास्क चेहरे पर दबाव डालता है और स्किन को कसता है. इससे चेहरे की सूजन कुछ समय के लिए कम लग सकती है. आपको चेहरा तुरंत थोड़ा कसा हुआ, ग्लोइंग और हाइड्रेटेड दिख सकता है. लेकिन ये बदलाव बहुत कम समय के लिए होते हैं. फेस लिफ्टिंग मास्क से लंबे समय तक फायदा नहीं मिलता.

ये भी पढ़ें: मसूड़ों में सूजन क्यों होती है? क्या इसे घरेलू नुस्खों से ठीक किया जा सकता है?

फेस लिफ्टिंग मास्क से डबल चिन गायब?

डॉक्टर संपूर्णा के मुताबिक, फेस लिफ्टिंग मास्क से डबल चिन गायब नहीं होती. ये बस एक इंस्टैंट हैक है. आपको चेहरे की सूजन कुछ घंटों के लिए कम दिख सकती है. लेकिन कुछ देर बाद चेहरा फिर पहले जैसा दिखने लगता है. फेस लिफ्टिंग मास्क का असर सिर्फ 3-4 घंटे रहता है. लंबे समय तक इसका असर बरकरार नहीं रहता.

Advertisement
face lifting mask
फेस लिफ्टिंग मास्क बस एक इंस्टैंट हैक हैं (AI Generated)

फेस लिफ्टिंग मास्क हफ्ते में कितनी बार लगा सकते हैं?

डॉक्टर संपूर्णा ने बताया कि फेस लिफ्टिंग मास्क हफ्ते में दो से तीन बार इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर किसी पार्टी में जाना है तो चेहरे पर कसावट लाने के लिए इसे लगा सकते हैं. डॉक्टर ने सावधान भी किया कि फेस लिफ्टिंग मास्क को रातभर लगाकर न रखें. मास्क से कानों पर ज़्यादा दबाव पड़ सकता है. इसलिए जिन्हें माइग्रेन की समस्या है या दांतों से जुड़ा कोई इलाज चल रहा है वो फेस लिफ्टिंग मास्क को इस्तेमाल करने से बचें.

ये भी पढ़ें: ब्रेस्ट कैंसर की गांठ कैसे पहचानें? इन लक्षणों को भी इग्नोर न करें

डबल चिन कम करने के लिए कौन-से ट्रीटमेंट हैं?

डॉक्टर के मुताबिक, अगर आपकी डबल चिन है, चेहरे के निचले हिस्से में फैट जमा है. जिससे चेहरा भारी दिखता है और आप इसमें बदलाव चाहते हैं. तो इसके लिए क्लीनिक में जाकर ट्रीटमेंट करा सकते हैं. जैसे HIFU, अल्थेरेपी और थ्रेड लिफ्ट. इन ट्रीटमेंट्स के असर को लेकर वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद है. इनसे लंबे समय तक अच्छा असर हो सकता है

डॉक्टर संपूर्णा का सुझाव है कि सोशल मीडिया पर कुछ-न-कुछ वायरल होता रहता है इसलिए हर ट्रेंड पर आंख मूंदकर यकीन न करें. फेस लिफ्टिंग मास्क आप एक-आध बार ट्राई करके देख सकते हैं लेकिन इसे किसी चीज़ का परमानेंट सॉल्यूशन न समझें.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: मसूड़ों की सूजन कैसे दूर करें?

Advertisement