The Lallantop

बालों के लिए सबसे अच्छा तेल ये है, पर किन लोगों को नहीं लगाना चाहिए?

शैंपू करने पर बालों का काफी नैचुरल ऑयल निकल जाता है. अगर आप बालों में तेल लगाते हैं, तो इससे बालों से निकला हुआ तेल कुछ हद तक वापस मिल जाता है.

Advertisement
post-main-image
हफ्ते में कितनी बार बालों में तेल लगाते हैं आप?

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • डॉक्टर पंखुड़ी दुदानी के अनुसार बालों में तेल लगाना आवश्यक नहीं है, लेकिन शैंपू से निकले प्राकृतिक तेल की कमी पूरी करने के लिए तेल लगाया जा सकता है, जिससे बालों का कुछ हद तक पोषण होता है।
  • बालों में तेल लगाने के पीछे कारण यह है कि शैंपू कुछ कठोर हो सकते हैं और बालों से नैचुरल ऑयल को निकाल देते हैं, जिससे बाल सूखे हो सकते हैं और तेल लगाने से स्कैल्प की मसाज के कारण रक्त संचार बेहतर होता है।
  • अगर स्कैल्प में कोई बीमारी, ज़्यादा रूसी या जलन हो तो तेल लगाने से बचना चाहिए; नॉर्मल स्कैल्प वाले लोग तेल लगा सकते हैं और इसके लिए नारियल तेल या ऑलिव ऑयल जैसे प्राकृतिक तेल उपयुक्त माने जाते हैं।

क्या बालों में तेल लगाना चाहिए और क्या इससे बाल झड़ना कम हो जाएंगे? अगर आपके मन में ये सवाल आता है और आप भी कन्फ्यूज़ हैं, तो आज इसका साफ़-साफ़ जवाब मिल जाएगा. साथ ही पता करेंगे कि किन लोगों को बालों में बिल्कुल तेल नहीं लगाना चाहिए और बालों के लिए सबसे अच्छा तेल कौन-सा है.

Advertisement
बालों में तेल लगाना चाहिए या नहीं?

ये हमें बताया डॉक्टर पंखुड़ी दुदानी ने.

dr pankhuri dudani
डॉ. पंखुड़ी दुदानी, कंसल्टेंट, डर्मेटोलॉजी, अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद

बालों में तेल लगाना ज़रूरी नहीं है. लेकिन शैंपू करने पर बालों का काफी नैचुरल ऑयल निकल जाता है. कई शैंपू बालों के लिए थोड़े कठोर हो सकते हैं. इसलिए शैंपू को थोड़ा पानी मिलाकर इस्तेमाल करना बेहतर रहता है. अगर आप बालों में तेल लगाते हैं, तो इससे बालों से निकला हुआ तेल कुछ हद तक वापस मिल जाता है. यानी बालों में तेल लगाया जा सकता है. तेल का असर सिर्फ उन बालों पर होता है, जो पहले से उग चुके हैं. नए बाल उगाने में तेल की कोई खास भूमिका नहीं होती.

Advertisement

ये भी पढ़ें: दांतों में बार-बार एक ही जगह खाना फंसता है तो ये गलती न करें

तेल लगाने से बाल झड़ना कम होते हैं?

तेल लगाने के दौरान हम सिर की मसाज करते हैं. इससे स्कैल्प में खून का बहाव बेहतर हो सकता है. इसकी वजह से बालों की ग्रोथ में थोड़ा फायदा मिल सकता है. लेकिन इसका बहुत ज़्यादा असर नहीं होता. जो तेल बाल उगाने का दावा करते हैं, उनसे नए बाल उगना इतना आसान नहीं है. 

जिन तेलों में अलग-अलग हर्ब्स या दूसरी चीज़ें मिली होती हैं. वो कभी-कभी स्कैल्प में जलन या इरिटेशन पैदा कर सकते हैं. अगर स्कैल्प में ज़्यादा इरिटेशन हो, तो बाल झड़ भी सकते हैं. इसलिए अगर आप नए बाल उगाना चाहते हैं या पतले बालों को घना करना चाहते हैं, तो डॉक्टर से सही इलाज कराना बेहतर है. इसके लिए हर्बल ऑयल इस्तेमाल न करें.

Advertisement
hair oil
तेल लगाते वक्त स्कैल्प की मसाज भी करें
हफ़्ते में कितनी बार और कितनी देर तक बालों में तेल लगाना चाहिए?

आपके बाल जितने सूखे हैं और आप जितनी बार बाल धोते हैं, उसी हिसाब से तेल लगा सकते हैं. हमारे स्कैल्प में नैचुरल ऑयल बनता है. आमतौर पर स्कैल्प का नैचुरल ऑयल बालों के लिए काफ़ी होता है. बाहर से तेल लगाने की ज़रूरत तभी है, जब हम बार-बार शैंपू करते हैं. तेल को पूरी रात बालों में लगाए रखना ज़रूरी नहीं है. तेल कितनी देर तक बालों में रखा गया है, इसका बहुत महत्व नहीं है. इसके बजाय, कितना तेल लगाया जा रहा है, ये ज़्यादा मायने रखता है.

किन लोगों को बालों में तेल नहीं लगाना चाहिए?

अगर आपके स्कैल्प में कोई बीमारी है. स्कैल्प में रेडनेस है या बहुत ज़्यादा रूसी है. तब तेल न लगाना बेहतर रहता है. ऐसे मामलों में तेल लगाने से कोई खास फ़ायदा नहीं होगा. पहले स्कैल्प की समस्या का सही इलाज कराना जरूरी है. नॉर्मल स्कैल्प पर आमतौर पर तेल लगाया जा सकता है.

बालों में लगा तेल धीरे-धीरे चेहरे तक भी पहुंच सकता है. बालों के लिए तेल लगाना फ़ायदेमंद हो सकता है. लेकिन अगर ये चेहरे पर पहुंच जाए, तो मुंहासे बढ़ा सकता है. जिन लोगों के माथे पर मुंहासे हैं. हो सकता है कि वो बहुत ज़्यादा तेल लगा रहे हों, बार-बार या बहुत देर तक लगा रहे हों. इसलिए अगर आपको मुंहासे हैं, तो बालों में तेल लगाने से बचें. 

आप अपने बालों में कंडिशनर का इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन अगर कोई दिक्कत नहीं है, तो आप तेल लगा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल बढ़ा है तो समोसा-पूड़ी से दूर रहें, पर ये चीजें डटकर खाएं

बालों के लिए कौन-सा तेल सबसे अच्छा है?

- आमतौर पर सभी तेलों का असर लगभग एक जैसा ही होता है.

- आप नारियल तेल, ऑलिव ऑयल या किसी दूसरे नैचुरल सीड ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं.

- ऐसे तेल जिनमें कोई दूसरी चीज़ या हर्ब्स मिलाए नहीं गए हैं, वो बालों के लिए ठीक रहते हैं.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: AI को डॉक्टर बनाना जानलेवा!

Advertisement