The Lallantop

Israel-Hamas जंग के बीच लोग रूस का 'बयान' चला विश्वयुद्ध छिड़वाने लगे! टटोला तो सच क्या निकला?

वायरल वीडियो को Israel Palestine संघर्ष से जोड़कर शेयर किया गया है. रूस के विदेश मंत्री संयुक्त राष्ट्र में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.

Advertisement
post-main-image
इज़राय फिलिस्तीन मुद्दे पर रूस के विदेश मंत्री का एक बयान वायरल है. (तस्वीर: ट्विटर@ajaychauhan41, तस्वीर/Reuters)
दावा:


“हम शांति चाहते हैं लेकिन अगर अमेरिका इज़रायल की रक्षा करेगा तो हम फिलिस्तीन की मदद करेंगे.”
इजरायल-फिलिस्तीन (Israel Palestine Conflict) विवाद से जोड़ते हुए कहा जा रहा कि ये बात रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव (Sergey Lavroy) ने कही है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रूसी मंत्री लावरोव सयुंक्त राष्ट्र के किसी कार्यक्रम में अपनी बात रखते नज़र आ रहे हैं. वीडियो को शेयर करके लोग यहां तक कह रहे हैं कि क्या दुनिया अब तीसरे विश्वयुद्ध के मुहाने पर खड़ी है?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "क्या दुनिया तीसरे विश्व युद्ध के मुहाने पर खडी है ? इस वक्त की बड़ी खबर. रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा, 'हम शांति चाहते हैं लेकिन अगर अमेरिका इजरायल की रक्षा करेगा तो रूस फिलिस्तीन की मदद करेगा.”

Advertisement

(ट्वीट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है.)
 

(ट्वीट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है.)

Advertisement
पड़ताल

‘दी लल्लनटॉप’ की पड़ताल में दावा भ्रामक निकला. रूस के विदेश मंंत्री के वीडियो से छेड़छाड़ करके भ्रम फैलाया गया है.

वायरल वीडियो में सेर्गेई लावरोव रूसी भाषा में अपनी बात रख रहे हैं. वे बोल क्या रहे हैं इसे समझने के लिए हमने जेएनयू में रशियन भाषा विभाग में अस्सिटेंट प्रोफेसर योगेश राय को वीडियो भेजा. उन्होंने सुनकर हमें बताया कि वीडियो में नीचे चल रहा सबटाइटल और आवाज में कोई मैच नहीं है. यानी रूस के विदेश मंत्री किसी और विषय पर बात कर रहे हैं और उसका गलत सबटाइटल चलाकर भ्रम फैलाया जा रहा. योगेश राय ने बताया कि रूस के विदेश मंत्री फॉक्स न्यूज (Fox News) के पत्रकार टकर कार्लसन (Tucker Carlson) के संस्थान छोड़ने पर अपनी राय रख रहे हैं.

इससे मदद लेते हुए हमने Youtube पर कुछ कीवर्ड सर्च किए. हमें ‘undefined’ के चैनल पर पांच महीने पुराना एक वीडियो मिला. इसमें रूस के मंत्री जो बोल रहे हैं और वायरल वीडियो में चल रहा उनका बयान दोनों एक है. यहां दी गई जानकारी के अनुसार, सर्गेई लावरोव जो असल में बोल रहे हैं उसका हिंदी अनुवाद है, “शायद यह विचार करना ठीक रहेगा कि संयुक्त राज्य अमेरिका में अभिव्यक्ति की आज़ादी कैसी है. मुझे सुनने में आया है कि टकर कार्लसन ने फॉक्स न्यूज छोड़ दिया है. यह काफी दिलचस्प है. यह किस ओर इशारा करता है? इसका केवल अनुमान ही लगाया जा सकता है, लेकिन यह साफ है कि इसके कारण अमेरिका में अलग-अलग विचारों वाले स्पेस और फ्री स्पीच को धक्का लगा है.”

USA Today की रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट

सेर्गेई लावरोव का पूरा बयान ‘undefined’ के एक यूट्यूब वीडियो में भी मिला. लगभग तीन मिनट 10 सेकेंड से उनके बयान को सुना जा सकता है जो वायरल वीडियो में मौजूद है. लावरोव संयुक्त राष्ट्र में आयोजित एक सम्मेलन में पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे. वे कार्लसन के बाहर निकलने के बारे में अपनी बात रख रहे थे.

SKY News के यूट्यूब वीडियो का स्क्रीनशॉट

इसके अलावा हमें इस मामले से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Forbes’ की वेबसाइट पर भी मिली. अप्रैल 2023 में छपी इस रिपोर्ट के अनुसार, रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव ने फॉक्स न्यूज से टकर कार्लसन को बाहर करने की आलोचना की थी. उन्होंने कहा कि यह फ्री स्पीच और अलग विचारों के लिए समर्थन की कमी को बताता है.

टकर कार्लसन (Tucker Carlson) अमेरिका के बड़े मीडिया संस्थान फॉक्स न्यूज के टीवी पत्रकार थे. उन्होंने बीते अप्रैल में अपना इस्तीफा दे दिया था. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अमेरिका में साल 2020 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में धोखधड़ी होने और वोटिंग मशीन में धांधली के आरोप लगाए थे.  

बता दें, इज़रायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध पर रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव ने सोमवार (9 अक्टूबर) को एक बयान दिया. उन्होंने कहा कि फिलिस्तीन को एक राष्ट्र के रूप में मान्यता देना सबसे ‘उपयुक्त समाधान’ होगा. लावरोव ने कहा कि युद्ध कोई समाधान नहीं हो सकता.

नतीजा

कुल मिलाकर, रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव के बयान को भ्रामक तरीके से शेयर किया गया है. वायरल वीडियो में वे फॉक्स न्यूज के एंकर टकर कार्लसन के नौकरी छोड़ने पर अपनी राय रख रहे थे.  

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.
 

वीडियो: पड़ताल: कर्नाटक कांग्रेस सरकार ने स्कूलों में कुरान पढ़ाना अनिवार्य किया! वायरल दावे का सच क्या है?

Advertisement