राहुल गांधी की रैली में मोदी-मोदी के नारे लगे हैं.- ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल ही नहीं ज़बरदस्त वायरल हो रहा है. वीडियो में गुजरात के कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकुर एक रैली में दिखाई देते हैं. जिसमें वो पब्लिक से ‘राहुल गांधी ज़िंदाबाद’ के नारे लगाने के लिए कह रहे हैं. लेकिन जनता जवाब में 'कथित तौर पर' मोदी-मोदी के नारे लगा रही है. वीडियो में एक समय तो ऐसा आता है कि 'कथित तौर पर' अल्पेश जनता पर नाराज़ हो जाते हैं. लेकिन इसके बावजूद लोग 'कथित तौर पर' मोदी-मोदी के नारे लगाना बंद नहीं करते. वीडियो में राहुल गांधी भी मंच पर बैठे दिखाई पड़ते हैं. अब हमने इस पूरे पैरा में तीन बार 'कथित तौर पर' कहा है. क्यों? क्यूंकि ये सब सोशल मीडिया में किए जा रहे दावे हैं. सच्चाई क्या है? बताते हैं, पर पहले सोशल मीडिया पर वायरल ट्वीट पर नज़र मारिए:
ये अल्पेश ठाकोर खुद की तो इज्जत का तो फालुदा बनाया ही,लेकिन इनके भरोसे रहने वाला मंदबुद्धि बालक @RahulGandhi की भी बेइज्जती जनता ने खुब अच्छे से की. सलाम है गुजरात की जनता को
वीडियो के वायरल होने के बाद इंडिया टुडे की फैक्ट चेक टीम ने इसकी पड़ताल की. वीडियो को पहली नज़र में देखने पर ही पता चलता है कि वीडियो की एडिटिंग की गई है. वीडियो में ऑडियो ऊपर से डाला गया है. लेकिन ये तो हुई लगने वाली बात. मगर जनता को भी तो अदालत की तरह सबूत मंगता है बॉस. वीडियो को ध्यान से देखिए. वीडियो में मंच पर गुजराती में 'महासम्मेलन' लिखा नज़र आ रहा है. इसी कीवर्ड्स के साथ जब इंटरनेट पर जानकारी जुटाई, तो गुजरात कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर इस रैली का पूरा वीडियो मिला. पता चला कि रैली आज-कल की या फिर लेटेस्ट नहीं है. ये रैली 23 अक्टूबर, 2017 को गांधीनगर में हुई थी. इसी समय अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली थी. जो वीडियो वायरल किया जा रहा है उसे इसी वीडियो की मदद से बनाया गया है.
और जाते-जाते सबसे इंपोर्टेंट बात - अगर आपके पास भी कोई ऐसी पोस्ट या फिर तस्वीर या फिर वीडियो हो, जिस पर आपको शक हो, तो उसे हमें भेजिए padtaalmail@gmail.com पर. हम उसकी पड़ताल करेंगे और आपको उसकी हकीकत बताएंगे.
























