The Lallantop

केजरीवाल ने सच में कहा मोदी-शाह पाकिस्तान को बर्बाद कर देंगे?

Arvind Kejriwal का चार साल पुराना वीडियो वायरल है. कहा जा रहा कि उनका पाकिस्तान के प्रति प्रेम सामने आ गया.

Advertisement
post-main-image
केजरीवाल का एक बयान भ्रामक दावे के साथ वायरल है. (तस्वीर: PTI, तस्वीर: ट्विटर@MsinghBJP)
दावा:

दिल्ली के मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal. मनी लॉड्रिंग मामले में ईडी ने उन्हें 2 नवंबर को पेश होने के लिए कहा था. केजरीवाल ईडी ऑफिस नहीं पहुंचे. उन्होंने कहा कि वे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की चुनावी यात्रा पर निकल गए हैं. लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर उनसे जुड़ा एक पुराना वीडियो क्लिप वायरल है. वायरल क्लिप में केजरीवाल को कहते सुना जा सकता है, “मैं जितना सोचता हूं उतना मेरा शरीर कांप उठता है. अगर मोदी और अमित शाह दोबारा 2019 में आ गए तो दोस्तों, पाकिस्तान नहीं बचेगा.ये पाकिस्तान को बर्बाद कर देंगे.”  इसे शेयर करके कहा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल का पाकिस्तान के प्रति प्रेम सामने आ गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दिल्ली बीजेपी नेता मनीष सिंह ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “आज एक बहुत पुराना वीडियो मिला है केजरीवाल का.आप लोग भी देखिये कितना प्रेम है इसको पाकिस्तान से.”

केजरीवाल के वायरल वीडियो क्लिप का स्क्रीनशॉट.

(ट्वीट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है.)
इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी वायरल वीडियो को शेयर करके दावा किया कि केजरीवाल का पाकिस्तान प्रेम सामने आ गया है.

Advertisement

पड़ताल

‘दी लल्लनटॉप’ की पड़ताल में अरविंद केजरीवल का वीडियो क्लिप एडिटेड निकला.

सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर कुछ कीवर्ड सर्च किए. हमें ‘ABP News’ के यूट्यूब चैनल पर 19 जनवरी 2019 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला. इसमें वायरल क्लिप से मिलता-जुलता हिस्सा मौजूद है. मौका था कोलकाता में आयोजित विपक्ष की रैली का जहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत 20 से अधिक नेताओं ने हिस्सा लिया था.

Advertisement

केजरीवाल को कहते हुए सुना जा सकता है, “70 साल में जो पाकिस्तान नहीं कर पाया, वो काम पांच साल के अंदर मोदी और अमित शाह ने करके दिखा दिया. पांच साल के अंदर मोदी और शाह ने इस देश के अंदर जहर भर दिया. हिंदू को मुसलमान से लड़ा दिया. मुसलमान को क्रिस्चियन से लड़ा दिया. इसको उससे लड़ा दिया. उसको इससे लड़ा दिया. जो काम 70 साल में पाकिस्तान नहीं कर पाया, वो काम मोदी और अमित शाह ने करके दिखा दिया. दोस्तों, इनकी जोड़ी देश को बर्बाद कर देगी. मैं जितना सोचता हूं मेरा शरीर उतना कांप उठता है. अगर मोदी और अमित शाह दोबारा 2019 में आ गए तो ये देश नहीं बचेगा. ये देश को बर्बाद कर देंगे. ये देश के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे.

ABP News के यूट्यूब चैनल पर चार साल पुराना केजरीवाल के भाषण.

इससे साफ है कि केजरीवाल अपने भाषण में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साध रहे थे. उनके वीडियो से छेड़छाड़ करके ‘पाकिस्तान’  शब्द जोड़ा गया है.

हमें अरविंद केजरीवाल का यह पूरा भाषण ‘’ और ‘’ के यूट्यूब चैनल पर भी मिला. यहां भी वीडियो को पुरा सुनने को देखकर साफ समझ आ रहा है कि अरविंद केजरीवाल पीएम मोदी और अमित शाह पर निशाना साध रहे हैं. केजरीवाल अपने बयान में भारत की बात कर रहे हैं. उनके बयान से छेड़छाड़ कर एडिटेड क्लिप शेयर की गई है. 

नतीजा

कुल मिलाकर, अरविंद केजरीवाल की पुरानी क्लिप को एडिट करके भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है.  

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: पड़ताल: अयोध्या मेट्रो स्टेशन की ये तस्वीरें गूगल सर्च ना करने लग जाना!

Advertisement