Yo Yo Honey Singh आजकल दे-दनादन गोल की तरह राइट-लेफ्ट एंड सेंटर इंटरव्यूज़ दे रहे हैं. उन्होंने नया एलबम बनाया है ‘हनी 3.0’. उसी को प्रोमोट करने के सिलसिले में वो ये इंटरव्यूज़ दे रहे हैं. शाहरुख, सलमान, अक्षय से लेकर तमाम सेलेब्रिटीज़ से जुड़े किस्से साझा कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने बात की दिलजीत दोसांझ पर. हनी सिंह
"एक साल तक दिलजीत का एलबम डिज़ाइन किया, लेकिन कोई खास क्रेडिट नहीं मिला" - हनी सिंह
हनी सिंह ने कहा कि वो किसी क्रेडिट के लिए नहीं, बल्कि अपनी खुशी के लिए काम करते हैं.


हनी सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी क्रेडिट के लिए काम नहीं किया. इसमें आगे जोड़ा,
मैंने अपने आप के लिए काम किया. अपने आप को खुश करने के लिए काम किया. किसी और को खुश करने के लिए काम नहीं किया. जो भी गाने बनाए वो यही सोचकर बनाए कि अगर ये मुझे अच्छी तरह समझ आ रहा है तभी रिलीज़ करूंगा.
हनी सिंह ने फिर दिलजीत के एलबम पर बात की. बताया कि वो साल 2007 में पंजाब शिफ्ट हुए थे. कहा,
शुरुआत में मैं 2007 में पंजाब शिफ्ट हुआ. 2007 से 2012 तक मैंने वहां म्यूज़िक प्रोड्यूसर और राइटर के तौर पर काम किया. तो कई गाने हिट हुए. उसमें से मैंने दिलजीत भाई की एलबम की थी ‘द नेक्स्ट लेवल’. मैंने एक साल में पूरा एलबम डिज़ाइन किया था. उसका खास क्रेडिट नहीं मिला था. मैंने कभी क्रेडिट के लिए काम नहीं किया.
हनी सिंह ने कहा कि उन्हें क्रेडिट में यकीन नहीं. मानते हैं कि अगर आप मेहनत करते रहें तो एक दिन सही जगह पहुंच ही जाएंगे. बता दें कि हनी सिंह और दिलजीत दोसांझ ने दो एलबम्स पर साथ काम किया. पहला तो ‘द नेक्स्ट लेवल’ एलबम पर. जहां हनी सिंह ने सभी गानों के लिए म्यूज़िक तैयार किया. उस एलबम का गाना ‘पंगा’ खासा मशहूर हुआ था. दूसरा था हनी सिंह का हिट एलबम ‘इंटरनेशनल विलेजर’. उनका सबसे फेमस गाना ‘ब्राउन रंग’ इसी एलबम की देन है. दिलजीत ने इस एलबम के लिए हनी सिंह के साथ मिलकर ‘गोलियां’ गाना गाया था. इसके अलावा दिलजीत की फिल्म The Lion of Punjab के गाने ‘लक 28’ में भी हनी सिंह ने रैप किया था.
बाकी अभी की बात करें तो हनी सिंह अपना नया एलबम ‘हनी 3.0’ ड्रॉप करने वाले हैं. वहीं दिलजीत ने दो बार कोचेला में परफॉर्म किया. उस प्लेटफॉर्म पर परफॉर्म करने वाले वो पहले पंजाबी आर्टिस्ट बन गए हैं.
वीडियो: हनी सिंह ने 'बेशर्म रंग' विवाद पर बात करते हुए ए आर रहमान के गाने का ज़िक्र किया




















