21 दिसंबर 2018. वो तारीख जब Shah Rukh Khan की Zero, Yash की KGF से टकराई थी. इस क्लैश में यश क्लियर विनर रहे और देखते ही देखते पैन इंडिया सुपरस्टार बन गए. दूसरी तरफ़, 'ज़ीरो' डिजास्टर साबित हुई. वो भी ऐसी कि उसके न चलने पर शाहरुख ने फिल्मों से चार साल लंबा ब्रेक ले लिया. लेकिन आज 8 साल बाद भी यश ने उस क्लैश के रिजल्ट को अपने माथे पर चढ़ने नहीं दिया है. उनका कहना है कि जिस दिन वो खुद को शाहरुख जैसे सीनियर्स से ऊपर मान लेंगे, उस दिन उनकी दुकान बंद पड़ जाएगी.
"जिस दिन खुद को शाहरुख खान से बड़ा मान लूंगा, उस दिन मेरी दुकान बंद हो जाएगी"
शाहरुख ने यश को मिलने का समय नहीं दिया, तो उन्होंने KGF को 'ज़ीरो' से भिड़ा दिया.

26 अगस्त को यश की ‘टॉक्सिक’ रिलीज़ होने वाली है. नवंबर में वो 'रामायण' में भी नज़र आएंगे. पिछले दिनों वो इन फिल्मों को प्रमोट करने के लिए इंडिया टीवी के स्पेशल प्रोग्राम 'आप की अदालत' में गए थे. उस एपिसोड का एक प्रोमो इंटरनेट पर रिलीज़ किया गया है. उसमें यश से KGF और 'ज़ीरो' के ऐतिहासिक क्लैश पर चर्चा की गई. बातचीत के दौरान यश ने बताया कि वो आज भी शाहरुख के बहुत बड़े फैन हैं. इस पर एंकर ने कहा कि जब शाहरुख ने यश को मिलने का समय नहीं दिया, तो उन्होंने अपनी KGF को 'ज़ीरो' से भिड़ा दिया.
इतना सुनते ही यश कहते हैं,
"हमारी फिल्म (KGF) छोटी थी. शाहरुख सर की फिल्म बड़ी थी. इसलिए हमने अपनी फिल्म को सेम डेट पर रिलीज़ कर दिया. वो एक सुपरस्टार हैं. जिस दिन मैं ये सोचने लगूं कि मैं अपने सीनियर्स से बड़ा हूं, उस दिन मेरी दुकान बंद हो जाएगी."
2018 में यश ने KGF के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में कहा था कि देश में दो-तीन बड़ी फिल्मों के साथ रिलीज़ होने की पर्याप्त जगह है. इसलिए कोई एक मूवी सब कुछ हासिल नहीं कर सकती. उन्होंने बताया कि 'ज़ीरो' से टकराना इंटेन्शनल नहीं था. उन्होंने तो ये डेट इसलिए चुनी क्योंकि सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऐसा चाहते थे. वैसे, KGF को लगभग 80 करोड़ रुपए में बनाया गया था. सैकनिल्क के मुताबिक, 2018 में इसने वर्ल्डवाइड 237.75 करोड़ रुपए छाप दिए थे. दूसरी तरफ़, 200 करोड़ रुपए में बनी शाहरुख स्टारर 'ज़ीरो' बॉक्स ऑफिस पर केवल 178 करोड़ रुपए ही कमा पाई थी.
वीडियो: ‘टॉक्सिक’ फिर पोस्टपोन, क्या यश की फिल्म को नहीं मिल रहे खरीदार?












