Wolverine 3 का पोस्टर आ गया है. जिसके बाद ये तय है कि फिल्म 3 मार्च को आ रही है. ये वुल्वरिन फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म है. 2017 तक जीने की एक और वजह हमारे सामने है. ह्यू जैकमैन ने वो कर दिया. जिसके बाद गला भर आए और स्क्रीन धुंधली दिखने लग जाए. दुनिया अच्छी है, भली है, बुरी है, औसत है. तीन मार्च के पहले खत्म नहीं होनी चाहिए. आपको पता है स्क्रीन पर आपको लोगन के त्रि-नखे दिखेंगे. लेकिन आखिरी बार. तीन तीन सत्रह को सत्रह साल की जर्नी के बाद लोगन स्क्रीन पर फिर न दिखेगा. जिस वक़्त सांस छोड़कर मैंने ये शब्द लिखने के लिए की-बोर्ड दबाया. उस वक़्त ह्यू जैकमैन की फेसबुक पोस्ट को सोलह घंटे बीत चुके थे. फिल्म का नाम 'लोगन' होगा. आगे-पीछे मार्वल और 20th सेंचुरी फॉक्स. फॉक्स ने अब तक इस फिल्म के बारे में अपने से कुछ न कहा है. इस फिल्म के लिए कहा जा रहा था. इसका नाम X-23, Weapon X, या Old Man Logan होगा. तीनों नहीं निकले. ह्यू जैकमैन की वुल्वरिन के तौर पर ये तीसरी सोलो फिल्म होगी. और टाइटल में
वुल्वरिन शब्द न आना भी कुछ लोगों के लिए चौकाने वाला है. ह्यू जैकमैन और डायरेक्ट जेम्स मैनगोल्ड ने साथ-साथ ही सोशल नेट्वर्किंग साइट्स पर इसके पोस्टर डाले. कहने वाले इसको वुल्वरिन सीरीज की सबसे फाड़ और सबसे कमजोर मार्केटिंग साथ-साथ कह रहे हैं. लेकिन ऐसा है कि जो होना था वो हो चुका है. इंडस्ट्री सुट्ट मार गई है.
-
पोस्टर से क्या पता चलता है?
जैसा के हल्ला है. ये फिल्म 2024 में चल रही है. सबसे बड़ी बात जो इस पोस्टर को देखने के बाद लोग कह रहे हैं कि इस फिल्म में X-23 है. वुल्वरिन का हाथ जिस बच्चे ने पकड़ रखा है उसे ही X-23 बताया जा रहा है. मार्वल की कॉमिक्स के मुताबिक ये वुल्वरिन की क्लोन है. उसे किलिंग मशीन बनाया गया था. सरकारी संस्थाओं ने. ट्रांसिजेन नाम के एक खुफिया ऑपरेशन में. इसका नाम लॉरा किने है. इस बच्ची के लोगन जैसे तीन की बजाय दो ही क्लॉ हैं. आप अगर इस बच्चे/बच्ची का हाथ देखें तो आप पाएंगे इसकी उंगलियां कुछ ज्यादा ही लंबी हैं. जो इस ओर इशारा कर रही है कि ये भी म्यूटेंट है. इसमें भी कुछ पॉवर्स हैं. वुल्वरिन का हाथ घायल है. चोटें पुरानी हैं जो अब तक ठीक नहीं हुई है. जाहिर है उसकी हीलिंग पावर्स कम होने लगी हैं. और वो बुढा रहा है. याद कीजिए आपने कभी किसी पोस्टर में ह्यू जैकमैन के त्रि-नखे झुके हुए देखे हैं? इस पोस्टर में झुके हैं. मारने से ज्यादा वो बचाव की मुद्रा में दिख रहा है. इस फिल्म में उम्मीद है लोगन किलिंग मशीन से ज्यादा लोगन नाम के इंसान के बारे में पता चलेगा. ट्विटर पर फिल्म के स्क्रीनप्ले का जो पेज नंबर दो तैर रहा है. उसमें भी ऐसी ही बातें लिखी हुई हैं.

ह्यू जैकमैन ने जिस वक्त इस फिल्म के पोस्टर की पहली झलक दिखाई. कैलेंडर और तारीख न्यूयॉर्क कॉमिक कॉन से एक दिन दूर है. मनुष्य के रूप में किसी देवता समान साक्षात ह्यू जैकमैन ने कहा है कि इस हफ्ते आपको इस फिल्म के बारे में और पता चलेगा. इन्स्टाग्राम पर फैंस ने पिछले तीन हफ्ते से ओल्ड मैन लोगन वाले कई स्केच डाले हैं. Mangold ने ट्विटर पर जो पेज अपडेट किया है. उस फैन थ्योरी को भी बल मिला है.
