साधारण अडवांस बुकिंग मिलने के बावजूद Akshay Kumar स्टारर Welcome To The Jungle को ठीक-ठाक ओपनिंग मिल गई. 26 जून यानी रिलीज़ डे के आफ्टरनून शोज़ शुरू होने तक इसने जितने पैसे कमाए, उसे देख अनुमान लगाया जा रहा है कि ये Bhooth Bangla से बड़ी शुरुआत लेगी.
'वेलकम टू द जंगल' की ओपनिंग देख अक्षय कुमार की बांछें खिल जाएंगी!
अनुमान लगाया जा रहा है कि 'वेलकम टू द जंगल' आसानी से 'भूत बंगला' के फर्स्ट डे कलेक्शन को पीछे छोड़ देगी.


सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'वेलकम टू द जंगल' ने प्रीमियर शोज़ से ग्रॉस 4.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है. जहां तक रिलीज़ डे की बात है, मॉर्निंग शोज़ से इसने नेट 3.52 करोड़ और ग्रॉस 4.15 करोड़ छाप दिए. प्रीमियर शोज़ को मिलाकर मूवी का ओवरऑल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन फिलहाल 8.65 करोड़ तक पहुंच चुका है. ये देखने में बहुत बड़ा आंकड़ा न लग रहा हो, मगर अक्षय की हालिया फिल्मों को देखते हुए संतोषजनक जरूर है.
'वेलकम टू द जंगल' ने अडवांस बुकिंग में 3.1 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था. ब्लॉक सीट्स जोड़ने पर ये आंकड़ा बढ़कर 6.27 करोड़ तक पहुंच जाता है. इतनी बड़ी फिल्म और अक्षय जैसे सुपरस्टार को देखते हुए ये नंबर साधारण नजर आते हैं. मगर इस बात को दरकिनार नहीं किया जा सकता कि फिल्म को स्पॉट बुकिंग का फायदा जरूर मिलेगा.
अक्षय की इस नई-नवेली फिल्म ने मॉर्निंग शोज़ खत्म होने तक 4.15 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. आज बहुत-सी जगहों पर मुहर्रम की छुट्टी है. इसलिए दोपहर और शाम में इसके दर्शक बढ़ेंगे, ये तय है. अनुमान है कि फिल्म पहला दिन बीतने तक 15-20 करोड़ रुपए के आसपास कमा ले. ये बात हम प्रीमियर शोज़ वाले कलेक्शन को अलग रखकर कह रहे.
वैसे देखा जाए तो अक्षय को इस ओपनिंग की जरूरत भी है. ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी लास्ट रिलीज़ 'भूत बंगला' ने पहले दिन ग्रॉस 14.70 करोड़ रुपए कमाए थे. अब लोग 'वेलकम टू द जंगल' को उससे ज्यादा मजेदार बता रहे तो मेकर्स की उम्मीद बढ़ेगी ही. बात जमने भर की देर है. फिर तो वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस में पैसा ही पैसा होगा. जहां तक मूवी की बात है, इसमें अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के अलावा अरशद वारसी, परेश रावल, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, जैकलीन फर्नांडीज़, दिशा पाटनी, कृष्णा अभिषेक और रवीना टंडन जैसे एक्टर्स ने काम किया है. फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान हैं.
वीडियो: कैसा है अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टु द जंगल' फिल्म का ट्रेलर?


















