Salman Khan, Katrina Kaif और Emraan Hashmi की फिल्म Tiger 3 ने सिनेमाघरों में अपना पहला हफ्ता पूरा कर लिया. फिल्म देशभर में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक ‘टाइगर 3’ ने 18 नवंबर तक 219.4 करोड़ की कमाई कर ली है. पहले शुक्रवार को फिल्म का मामला ठंडा रहा था. लेकिन उसके बाद शनिवार की कमाई में करीब 40% का जम्प आया. सलमान की फिल्म ने 18 नवंबर को 18.5 करोड़ रुपए जोड़े थे.
'टाइगर 3' ने पहले सात दिनों में 200 करोड़ पार कर लिए
सॉलिड ओपनिंग दर्ज करने के बाद 'टाइगर 3' की कमाई लगातार नीचे जा रही है. वर्ल्ड कप फाइनल की वजह से रविवार को भी कलेक्शन पर असर पड़ेगा.


‘टाइगर 3’ दिवाली वाले दिन खुली थी. ट्रेड सर्कल में लक्ष्मी पूजा वाले दिन को बॉक्स ऑफिस के लिहाज़ से सबसे कमज़ोर दिन माना जाता है. लोग दिन भर पूजा और त्योहार मनाने में व्यस्त रहते हैं. आमतौर पर दिवाली से पहले वाले फ्राइडे या उसके कुछ दिन बाद फिल्म रिलीज़ की जाती है. लेकिन YRF ने सोच-समझकर अपनी फिल्म दिवाली पर रिलीज़ की. उन्हें उम्मीद थी कि भले ही फिल्म पहले दिन ज़्यादा कमाई ना करे लेकिन उसके बाद आने वाली छुट्टियों पर पैसा पीट लेगी. YRF के डिस्ट्रिब्यूशन वाइस प्रेज़ीडेंट रोहन मल्होत्रा ने इंडिया टुडे को दिवाली रिलीज़ की वजह बताई,
मुझे हमेशा से लगता है कि पारंपरिक तरीके से चलना बिल्कुल सही है और उसे ज़रूरत पड़ने पर ही बदलना चाहिए. हालांकि इस केस में (टाइगर 3) में हमें लगा कि ओपनिंग डे के आंकड़ों की जगह आगे होने वाले फायदे पर ध्यान देना चाहिए. लक्ष्मी पूजा को फिल्म रिलीज़ करने के लिए सबसे कमज़ोर दिन माना जाता है. ‘टाइगर 3’ के लिए हमें लगा कि यही सबसे बेस्ट ऑप्शन है.
हमने ऐसा इसलिए किया क्योंकि साल के शुरुआत में हमने ‘पठान’ रिलीज़ की थी. अगर हम पारंपरिक रास्ते को फॉलो कर के गणतंत्र दिवस वाले दिन ‘पठान’ रिलीज़ करते तो हमें एक तय आंकड़ा मिलता. लेकिन हम लोगों ने फिल्म के लाइफटाइम बिज़नेस पर फोकस किया और उसके चलते एक दिन पहले फिल्म उतारी. वो काम कर गया. हमें तगड़े नंबर मिले. हमें भरोसा था कि हमने सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ एक अच्छी फिल्म बनाई है और YRF को उनके स्टारडम पर भरोसा था.
मेकर्स फिल्म की ओपनिंग की परवाह किए बिना लाइफटाइम कलेक्शन पर ध्यान दे रहे थे. हालांकि फिल्म की ओपनिंग ने उन्हें सरप्राइज़ कर दिया. ‘टाइगर 3’ सलमान खान की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बन गई. फिल्म पहले तीन दिनों में कमाई के शिखर पर पहुंची. लेकिन उसके बाद लगातार नीचे लुढ़कती जा रही है. रविवार को वर्ल्ड कप फाइनल के चलते भी कमाई पर असर पड़ेगा. उसके बाद फिल्म मोमेंटम पिक कर पाती है या नहीं, ये देखने लायक होगा.


















