Lawrence Of Punjab डॉक्यू-सीरीज पर रिलीज होने से पहले ही पर रोक लगा दी गई है. ये सीरीज गैंगस्टर Lawrence Bishnoi की लाइफ पर बनाई गई थी. इसे Raghav Darr ने डायरेक्ट किया है और Riverland Entertainment ने प्रोड्यूस किया है. 27 अप्रैल को ये सीरीज़ OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज होने वाली थी. लेकिन अब हर तरफ इसका विरोध शुरू हो गया है.
क्या है उस 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' सीरीज़ का मसला, जिस पर बैन लगाने के लिए पार्टियां एकजुट हो गईं?
कांग्रेस और केंद्र सरकार, दोनों ने इस डॉक्यू-सीरीज़ को बैन करने की मांग की है.


22 अप्रैल को पंजाब पुलिस ने इन्फॉर्मेशन और ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्ट्री को लेटर लिख इस पर रोक लगाने की मांग की थी. पुलिस का मानना है कि इस सीरीज को दिखाने से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है. उन्हें शंका है कि ये सीरीज़ लॉरेंस बिश्नोई को ग्लोरीफाई करने का काम कर रही है. ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ सीरीज़ के खिलाफ पॉलिटिकल पार्टियां एकजुट हो गईं. पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस पर रोक लगाने के लिए पीआईएल दायर की थी. वहीं केंद्र सरकार के वकील सत्यपाल जैन ने कोर्ट को बताया कि सरकार ने ZEE5 को इस सीरीज को रिलीज न करने की सलाह दी थी. यहां तक कि लॉरेंस के परिवार ने भी इस सीरीज का विरोध किया था. आरोप है कि इसे बनाने के लिए न तो परिवार से परमिशन ली गई है और न ही सरकार से.
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने इस केस में सुनवाई की है. पंजाब सरकार के वकील मनिन्दरजीत सिंह बेदी ने बताया कि राज्य सरकार पहले ही लॉरेंस के अपराधों का गुणगान करने वाले 2600 से ज्यादा इंटरनेट लिंक्स को ब्लॉक कर चुकी है. इस मामले पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने भी राज्य सरकार के कदम की तारीफ की है. सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे लॉरेंस एक छात्र नेता से अपराध की दुनिया का डॉन बन गया. वड़िंग के वकील निखिल घई ने कोर्ट में दलील देते हुए कहा,
“इस तरह किसी अपराधी की शक्ति और प्रभाव को दिखाना अपराध को ग्लैमरस बनाने जैसा है. ऐसे कंटेंट से दिमाग पर बहुत गलत असर पड़ सकता है. बिना किसी कड़े नियम या सुरक्षा के ऐसी चीजें दिखाना ये दर्शाता है कि OTT प्लेटफॉर्म अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं.”
कौन है लॉरेंस बिश्नोई?
लॉरेंस बिश्नोई पंजाब के पंजाब के फाजिल्का के अबोहर का रहने वाला है. यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान वो Student Organization of Punjab University (SOPU) नाम का छात्र संगठन चलाता था. उसने छात्र संघ चुनाव लड़ा, लेकिन हार गया. 2011 में चुनावी दुश्मनी में उसने पहली बार विरोधी गुट पर गोली चलाई, जिसके बाद उस पर पहला केस दर्ज हुआ. तब से अब तक उसके खिलाफ 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. इनमें हत्या, लूट, फिरौती, अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं. वो बार-बार जेल जाता रहा और जमानत पर बाहर आता रहा. 2015 में पुलिस कस्टडी से फरार भी हो गया था, फिर पकड़ा गया. जेल में रहते हुए भी उसने अपना गैंग चलाया और कई बड़ी हत्याएं करवाईं.
जानकारों का मानना कि लॉरेंस बिश्नोई ने काले हिरण के शिकार को लेकर सलमान खान को मारने की धमकी दी थी. इसके पीछे एक वजह भी है. दरअसल, राजस्थान का बिश्नोई समाज काले हिरण की पूजा करता है. सलमान पर काले हिरण को मारने के जो आरोप लगे, वो मुकदमा भी बिश्नोई समाज ही लड़ रहा है. लॉरेंस खुद बिश्नोई समाज से आता है. इसलिए उसने कई मौकों पर सलमान और उनके आसपास के लोगों को कॉल पर धमकियां भी दी हैं.
वीडियो: रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को लॉरेंश बिश्नोई गैंग ने क्यों दी धमकी?





















