वाराणसी में एक व्यापारी की गाड़ी से एक्सीडेंट हो गया. सड़क से गुजर रही महिला उसकी कार की चपेट में आ गई. उसे पैर में चोट लगी, जिसके बाद इलाज के लिए उसे अस्पताल भेजा गया. महिला का तो इलाज चल रहा है, लेकिन जिसकी गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ उस व्यापारी की मौत हो गई. उसे एक्सीडेंट के बाद गुस्साई भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
वाराणसी में कार की टक्कर से महिला घायल, लोगों ने व्यापारी को पीट-पीटकर मार डाला
गुस्साए लोगों ने कहासुनी के बाद मनीष को कार से बाहर खींच लिया. लाठी-डंडों और पत्थरों से उन पर हमला किया गया. उन्हें तब तक पीटा जब तक कि वो अधमरे न हो गए.


इंडिया टुडे से जुड़े बृजेश कुमार की रिपोर्ट के अनुसार, वाराणसी के भरथरा के रहने वाले व्यापारी मनीष सिंह रविवार 26 अप्रैल को रात करीब 11 बजे अपनी कार से वाराणसी के फूलपुर थाना इलाके से गुजर रहे थे. इसी दौरान सड़क के किनारे से जा रही एक महिला बिंदु देवी कार की चपेट में आ गईं. हादसे के बाद भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. उनमें से कुछ लोगों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. कुछ को मनीष पर इतना गुस्सा आया कि वो उनकी बुरी तरह पिटाई करने लगे.
गुस्साए लोगों ने मनीष पर बोला हमलाप्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्साए लोगों ने कहासुनी के बाद मनीष को कार से बाहर खींच लिया. लाठी-डंडों और पत्थरों से उन पर हमला किया गया. उन्हें तब तक पीटा जब तक कि वो अधमरे न हो गए. लहूलुहान हालत में उन्हें पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत गंभीर होने के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इसके बाद मनीष के परिवार के लोग आक्रोशित हो गए. सड़क पर उतरकर इंसाफ की मांग करने लगे. जानकारी मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे. तनाव के हालात देखते हुए वहां पीएसी की टुकड़ी तैनात कर दी गई. मनीष के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि घटना के बाद 8 नामजद लोगों और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
वीडियो: ट्रंप-रीगन पर अटैक, हिल्टन होटल की पूरी कहानी जानिए


















