The Lallantop

ऋतिक रोशन दिव्यांग!

उनकी नई फिल्म काबिल का ट्रेलर आ गया है और वे देखने लायक हैं.

Advertisement
post-main-image
फिल्म के दृश्य में ऋतिक का पात्र.
बताया जा रहा था कि काबिल पिछले साल शुरू हुई नेटफ्लिक्स की सीरीज 'डेयरडेविल' की कॉपी है. हालांकि अभी ताज़ा-ताज़ा आए ट्रेलर को देख ऐसा लगता नहीं है. हो सकता है पूरी फिल्म देखने के बाद कुछ क्लू मिले. खैर, इसे डायरेक्ट किया है 'कांटे', 'मुसाफिर' और 'जज़्बा' जैसी फिल्मों के संजय गुप्ता ने. प्रोड्यूसर हैं राकेश रोशन. म्यूजिक दिया है राजेश रोशन ने. तीन रोशंस का साथ आना 'कोई मिल गया' की याद दिलाता है, हालांकि 'काबिल' जैसा एफर्ट ऋतिक के करियर में पहले नहीं हुआ है.' इस कहानी में ऋतिक दिव्यांग बने हैं. उनके कैरेक्टर का नाम रोहन भटनागर है जो देख नहीं सकता. उसे यामी के कैरेक्टर से प्यार हो जाता है. वो भी देख नहीं सकती. उनकी प्यारी सी, छोटी सी, मासूम सी जिंदगी है जिसे कुछ बुरे लोग कुचल देते हैं. पुलिस भी उसकी कोई मदद नहीं करती. रोहन कहता है, शुरू तुम सब ने किया है, इसे खत्म में करूंगा. कॉन्सेप्ट के लेवल पर दो बातें हैं जो प्रभावित करती हैं. पहला, ऋतिक का ऐसी कहानी चुनना जिसमें अंत तक वो देख नहीं सकते. ये करना बेहद कठिन होता है और एक कमर्शियल एक्टर के तौर पर वे जिस आरामदायक कोने में जाकर बैठे थे उससे बाहर निकलते दिखते हैं. दूसरा, फिल्म में जहां भी महत्वपूर्ण इमोशनल मौके आते हैं वहां ऋतिक का अभिनय वैसा नहीं है जैसा करने के वे आदी हो चुके हैं. इससे पहले 'फिज़ा', 'मिशन कश्मीर' और 'लक्ष्य' जैसी फिल्में रही हैं जिनमें ऋतिक का किरदार निश्चल, सौम्य रहा है. लेकिन 'काबिल' में वे एक अलग ही धरातल पर हैं. इस फिल्म को देखने की जिज्ञासा बनती है. फिल्म को अगले साल 26 जनवरी को रिलीज किया जाना है. ट्रेलर देखें: https://www.youtube.com/watch?v=nubDFeiUAsI

Advertisement
Advertisement