The Lallantop

4 महीने अटकने के बाद फाइनली थलपति विजय की 'जन नायगन' की रिलीज़ डेट आ गई!

चुनाव के नतीजे तय करेंगे कि थलपति विजय के करियर की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' बॉक्स ऑफिस पर कैसा परफॉर्म करती है.

Advertisement
post-main-image
'जन नायगन' को 500 करोड़ रुपये के बजट पर बनाया गया है.

Thalapathy Vijay की Jana Nayagan महीनों से मेकर्स, सेंसर बोर्ड और हाईकोर्ट के बीच अटकी रही. फिर भी मूवी को सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया. इस वजह से ये न केवल पांच महीनों तक फंसी रही, बल्कि लीक भी हो गई. इससे मेकर्स को करोड़ों का नुकसान हुआ. मगर इन सबके बावजूद, विजय के फैंस के लिए एक अच्छी खबर है. वो ये कि ‘जन नायगन’ अब फाइनली थियेटर्स में रिलीज़ होने जा रही है. ये फिल्म 8 मई को थिएटर्स में उतरने वाली है. मेकर्स जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'जन नायगन' 09 जनवरी को पोंगल के मौके पर रिलीज़ होने वाली थी. मगर एक सेंसर बोर्ड मेम्बर के ऑब्जेक्शन की वजह से इसे रिलीज़ सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया. उन्होंने फिल्म के पॉलिटिकल टोन और हिन्दू-मुस्लिम एंगल पर आपत्ति जताई थी. इसके बाद कोर्ट-कचहरी शुरू हुई और फिल्म महीनों तक अधर में लटकी रही. हालांकि पिंकविला ने सूत्रों के हवाले से फिल्म की रिलीज़ डेट बता दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, 'जन नायगन' 08 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. आज फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट दिया जाएगा. कुछ तमिल मीडिया चैनल्स का कहना है कि सर्टिफिकेशन में कुछ दिक्कत हुई, तो मेकर्स ये मूवी 14 मई को भी रिलीज़ हो सकते हैं. हालांकि फिल्म बनाने वाली KVN प्रोडक्शंस ने अपनी तरफ़ से कोई ऑफिशियल डेट अनाउंस नहीं की है.

विजय अब फिल्म करियर से संन्यास लेकर फुलटाइम पॉलिटिक्स में आ चुके हैं. पिछले दिनों उन्होंने तमिलनाडु चुनाव में अपनी दावेदारी पेश की है. अपने चुनावी सभाओं में वो 'जन नायगन' के अटकने के पीछे विरोधी दलों के पॉलिटिकल एजेंडे को दोषी ठहरा रहे थे. उनके सपोर्टर्स का भी यही मानना है. 23 अप्रैल को राज्य में वोटिंग हुई. 04 मई को नतीजे आएंगे. यानी ‘जन नायगन’ इलेक्शन का काम पूरा होने तक सिनेमाघरों में नहीं आ पाएगी, इतना तय है.

Advertisement

'जन नायगन' के रिलीज़ होने की बात फैंस को एक तरफ़ खुशी दे सकती है. मगर दूसरी तरफ़ मेकर्स इस फिल्म को हुए नुकसानों को भी नहीं भूल पाएंगे. जनवरी में इस फिल्म की दुनियाभर में तगड़ी अडवांस बुकिंग हुई थी. मगर सेंसर सर्टिफिकेट न मिलने की वजह से फिल्म टली और उन्हें लोगों के पैसे रीफंड करने पड़ गए थे. बताया जा रहा है कि तब मेकर्स को 50 करोड़ रुपये तक वापस करने पड़े थे. ये भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा रीफंड है. 

जब इस मूवी से जुड़ा मामला कोर्ट में गया, तो अमेजॉन प्राइम वीडियो ने मेकर्स से 'जन नायगन' की ओटीटी डील तोड़ दी. ये डील लगभग 120 करोड़ रुपये की थी. हद तो तब हो गई, जब रिलीज़ से पहले ही ये मूवी लीक होकर इंटरनेट पर हर तरफ़ फैल गई. वो भी कोई हॉल प्रिन्ट नहीं, बल्कि HD में. इससे भी मेकर्स को बड़ा नुकसान हुआ है. अगर ये मूवी और टली, तो संभव है कि ये नुकसान बढ़ता ही चला जाए. मगर उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर सकती है. 

इसकी दो प्रमुख वजहें हैं. अव्वल, तो ये विजय के करियर की आखिरी फिल्म है. इसलिए फैन्स समेत न्यूट्रल ऑडियंस में भी फिल्म को लेकर उत्साह है. दूसरी चीज़ ये कि इस फिल्म की रिलीज़ को जिस तरह से टाला और अटकाया गया है, उससे विजय फैन्स में आक्रोश है. ऐसे में वो बड़ी तादाद में ये फिल्म देखकर करारा जवाब देना चाहते हैं. मगर काफी कुछ इस बात पर भी निर्भर करेगा कि विजय की पार्टी चुनाव में कैसा परफॉर्म करती है. 

Advertisement

वीडियो: थलपति विजय की 'जन नायगन' कोर्ट पहुंची, तो 'धुरंधर 2' का क्यों हुआ जिक्र?

Advertisement