Akshay Kumar की Hera Pheri फ्रैंचाइज़ सिर्फ मीम्स के लिए नहीं, बल्कि अपने म्यूजिक के लिए भी जानी जाती है. Mujhko Yaad Sataye Teri और Aye Meri Zohrajabeen जैसे तमाम गाने आज भी लोगों की ज़ुबान पर चढ़े हुए हैं. पहले दो पार्ट्स के सॉन्ग्स वेटरन लिरिसिस्ट Sameer Anjaan ने लिखे थे. मगर तीसरे पार्ट का ज़िक्र होते ही आम दर्शकों की तरह वो भी डाउट में पड़ जाते हैं. डाउट इस बात का कि Hera Pheri 3 कभी बनेगी भी या नहीं.
मंझधार में झूल रही अक्षय की 'हेरा फेरी 3', समीर बोले-"पता नहीं बनेगी भी या नहीं"
अक्षय कुमार ने खुद भी कन्फर्म कर दिया है कि ये मूवी अभी नहीं बन पाएगी.


समीर ने 'तेरे नाम', 'कभी खुशी कभी गम', 'रेस' और 'देवदास' जैसी सैकड़ों फिल्मों के गाने लिखे हैं. बॉलीवुड हंगामा से हुई बातचीत में वो कहते हैं,
"पता नहीं हेरा फेरी 3 बनेगी भी या नहीं. मुझे नहीं पता कि क्या होगा. कोई भी क्लियर कट पिक्चर नहीं है. साथ ही इस बात की गारंटी भी नहीं कि मैं इसके लिए लिखूंगा या नहीं. मैंने भूल भुलैया के फर्स्ट वर्जन के लिए गाने लिखे थे मगर सेकेंड के लिए नहीं. फिर मुझे तीसरे वर्जन के लिए दोबारा लिखना पड़ा. ऐसा चलता रहता है. मैं ये तय नहीं कर सकता कि मुझे कोई फिल्म मिलेगी या नहीं. अगर ऑफर मिला, मैं तब सोचूंगा कि क्या लिखना है."
सिर्फ समीर ही नहीं, खुद अक्षय भी इस मूवी के भविष्य को लेकर दुविधा में हैं. पिछले दिनों उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था,
"हेरा फेरी 3 अभी तो नहीं बन रही. मुझे खुद झटका लगा था. कोई बात नहीं. वेलकम 3 बना ली. थोड़ा-बहुत मंत्र पढ़ना पड़ेगा कि सब ठीक हो जाए. अभी एक साल तक तो नहीं बनने वाली. उसके बहुत सारे इशूज़ हैं. ऐसा नहीं है कि हम तीनों एक्टर्स (अक्षय, परेश रावल और सुनील शेट्टी) साथ नहीं हैं. वेलकम टू द जंगल में हम तीनों साथ हैं. कुछ चीजें ऑन कैमरा नहीं बोल सकते. बहुत सारी चीजें और एग्रीमेंट्स हैं, जो प्रोजेक्ट को पीछे खींच रहे."
'हेरा फेरी 3' एक ऐसी मूवी है, जिसकी डिमांड मीमर्स ने की थी. पहले दो पार्ट्स की मीम्स इतने फेमस हुए कि मेकर्स ने तीसरा पार्ट बनाने का फैसला कर लिया. मगर ये प्रोजेक्ट शुरुआत से ही दिक्कतों का सामना कर रहा है. पहले इसकी कास्टिंग में हेर-फेर हुआ. फिर प्रियदर्शन को फिल्म में लाने के लिए अलग माथा-पच्ची चली. इसके बाद परेश रावल के फिल्म से बाहर होने वाला विवाद सबने देखा. जब वो सुलझा, तो फिल्म के मेकिंग राइट्स को लेकर कोर्ट-कचहरी का चक्कर शुरू हो गया. इन सब वजहों से ‘हेरा फेरी 3’ लंबे समय से अटकी हुई है. जैसा हिंट अक्षय और समीर दे रहे, उसे देखकर लग रहा कि ये निकट भविष्य में इसके सिनेमाघरों में आने के कोई आसार नहीं.
वीडियो: 'हेरा फेरी 3' का मामला अब कोर्ट क्यों पहुंचा?


















