कल से गोवा में शुरू होने वाला है इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल. कैसा है अभय देओल की 'वेल्ले' और अभिषेक बच्चन की 'बॉब बिस्वास' का ट्रेलर? और अमिताभ बच्चन कैसे रखते हैं मुंबई की सड़कों को याद? आज की इन सभी बड़ी खबरों को आप नीचे पढ़ सकते हैं.
1. नेटफ्लिक्स की 'एमिली इन पेरिस 2' का ट्रेलर रिलीज़
पहली खबर नेटफ्लिक्स की फेमस सीरीज़ 'एमिली इन पेरिस' की. जिसके दूसरे सीज़न का ट्रेलर कल रिलीज़ कर दिया गया. जिसमें एमिली अभी भी पेरिस की हाई सोसाइटी में फिट होने की कोशिश करती दिख रही है.
दो मिनट के इस ट्रेलर में एमिली की लव लाइफ और प्रोफेशनल लाइफ के कॉम्प्लिकेशन्स को दिखाया गया है. शो 22 दिसंबर को प्रीमियर किया जाएगा.
2. कल से गोवा में शुरू होगा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल
गोवा में कल यानी 20 नवंबर से शुरू होने वाला है 52वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल. जो 28 नवंबर तक चलेगा. इस बार फेस्टिवल में ओटीटी प्लेटफॉर्म भी हिस्सा लेंगे. इंफॉर्मेशन और ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्टर अनुराग ठाकुर ने इसकी अनाउंसमेंट की. इस बार फेस्टिवल की ओपनिंग होस्ट करेंगे करण जौहर और मनीष पॉल.
इस फेस्ट में सलमान खान और रणवीर सिंह के साथ रितेश देशमुख, श्रद्धा कपूर और जेनिलिया देशमुख जैसे सितारे नज़र आएंगे. फेस्टिवल में दुनिया भर की करीब 55 फिल्मों को दिखाया जाएगा.
3. अभय देओल की 'वेल्ले' का ट्रेलर रिलीज़ हो गया
एक्टर करण देओल की फिल्म 'वेल्ले' का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है. इस कॉमेडी ड्रामा फिल्म में करण के चाचा अभय देओल और एक्ट्रेस मौनी रॉय भी नज़र आएंगी. फिल्म को अजय देवगन ने प्रोड्यूस किया है.
देवेन मुनजल के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 10 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
4. अभिषेक बच्चन की 'बॉब बिस्वास' का ट्रेलर रिलीज़
अभिषेक बच्चन की अपकमिंग फिल्म 'बॉब बिस्वास' का ट्रेलर आज रिलीज़ हो गया है. फिल्म, सुजॉय घोष की 2012 की थ्रिलर-ड्रामा ‘कहानी’ के बॉब बिस्वास कैरेक्टर का स्पिन ऑफ है. ये फिल्म 03 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म ज़ी 5 पर रिलीज़ की जाएगी.
शाहरुख खान की रेड चिलीज़ के अंडर बनी इस मूवी में चित्रांगदा सिंह भी नज़र आएंगी.
5. अमिताभ ने बताया कैसे याद रखते हैं मुंबई के रास्ते
अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में इन दिनों स्टुडेंट स्पेशल वीक चल रहा है. जिसमें हॉट सीट पर आठ से 15 साल तक के बच्चे बैठ रहे हैं. शो के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन एक कंटेस्टेंट से ये बताते दिखे कि मुंबई की सड़कों को वो कैसे याद रखते हैं? अमिताभ ने कहा, ''मुझे एक भी रास्ता याद नहीं है. रास्तों के नाम मुझे याद नहीं. ये याद है कि इस रास्ते के कोने पर कौन सी दुकान है और उधर से बांये मुड़ना है.''
वाह भाई, बिग बी भी बिल्कुल हमारी तरह है कि हां भईया वो चौराहे पर पप्पू कॉफी वाला है ना बस..बस उसी से बायें मुड़ जाना.
6. 'पुष्पा' के स्पेशल सॉन्ग के लिए समांथा ने लिए डेढ़ करोड़ रुपए?
अल्लू अर्जुन जल्द ही फिल्म 'पुष्पा' में नज़र आने वाले हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में समांथा प्रभु एक स्पेशल डांस नंबर करती दिखाई देंगी. जिसके लिए उन्होंने करीब डेढ करोड़ फीस ली है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक इस गाने को हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में शूट किया गया है. वैसे अभी तक इसपर कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन नहीं आई है.
7. सैफ ने बताया प्रॉपर्टी डील के वक्त हुई थी धोखाधड़ी
सैफ अली खान ने रिसेंटली अपने साथ हुई ठगी को लेकर बात की है. दरअसल सैफ ने बताया कि कुछ समय पहले प्रॉपर्टी डीलिंग को लेकर उनके साथ ठगी हुई थी. इस प्रॉपर्टी स्कैम में उन्होंने अपनी 70 प्रतिशत कमाई गंवा दी थी. सैफ ने बताया कि ऑफिस स्पेस के लिए उन्होंने एक बड़ी रकम इंवेस्ट की थी. उनसे कहा गया था कि तीन साल के अंदर वो उन्हें मिल जाएगी. मगर आज तक वो प्रॉपर्टी उन्हें नहीं मिली. सैफ ने कहा लॉकडाउन ने उनका सारा काम बिगाड़ दिया और उन्हें अभी तक वो ऑफिस स्पेस नहीं मिला है.
8. सरकार के कृषि कानून वापिस लेने पर स्टार्स का बयान
आज सुबह केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार, 19 नवंबर को सुबह माफी मांगते हुए तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर रिएक्शन्स आने शुरू हो गए हैं. फिल्मी सितारों ने भी अपने रिएक्शन्स दिए हैं. पीएम के इस स्टेप का स्वागत करते हुए एक्ट्रेस गुल पनाग ने लंबा-चौड़ा पोस्ट किया लिखा, ''नरेन्द्र मोदी के इस स्टेप पर मैं बहुत ग्रेटफुल हूं. काश ये गतिरोध इतना लंबा ना खिंचता, इसकी वजह से कई जानें गईं. प्रदर्शनकारियों को बदनाम किया गया. ये कानून बनाने वालों के लिए सबक भी है.''

वहीं तापसी पन्नू ने गुरु पूर्णिमा की बधाई देते हुए इस फैसले का स्वागत किया. सोनू सूद ने भी ट्वीट करके लिखा, ''ये अद्भुत खबर है. मोदी जी को धन्यवाद. किसानों का शुक्रिया जिन्होंने शांति से विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों को उठाया. उम्मीद है अब आप खुशी-खुशी अपने परिवार के पास गुरु पर्व के मौके पर वापिस लौटेंगे.''

वहीं एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने भी इस फैसले का वेलकम किया और ट्वीट किया. लिखा, ''जीत गए आप, आप की जीत में सब की जीत है.'' एक्ट्रेस श्रुति सेठ के साथ दीया मिर्ज़ा, एक्टर अभिलाष तपलियाल ने भी इस फैसले का स्वागत किया. वहीं कंगना रनौत ने किसान बिल के वापिस लिए जाने का विरोध किया. ANI की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने सरकार के इस फैसले को अनफेयर बताया है.
तो ये थी आज की बड़ी खबरें. आप चाहें तो इस स्पेशल शो को वीडियो फॉर्म में भी देख सकते हैं. इसे रोज़ाना शाम 06 बजे हमारे यू-ट्यूब चैनल पर रिलीज़ किया जाता है.