The Lallantop

सनी देओल की 'बॉर्डर 2' आई, 450 करोड़ छापे, मगर टेक्नीशियंस के 7 करोड़ अब तक नहीं चुकाए!

सबसे बड़ा मसला ये है कि 'बॉर्डर 2' पर उन टेक्नीशियन लोगों ने खुद अपने पैसे लगाए थे. उन्हें वो पैसा भी नहीं मिला.

Advertisement
post-main-image
'बॉर्डर 2' को 'केसरी' वाले अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया है.

Sunny Deol और Varun Dhawan स्टारर Border 2 ने बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. फिर भी इस फिल्म के मेकर्स पर वेंडर्स के पैसे न चुकाने के आरोप लग रहे हैं. बताया जा रहा कि मूवी की टेक्निकल टीम ने इस पर लगभग एक साल तक काम किया था. मगर जब भुगतान की बारी आई तो JP फिल्म्स और T-सीरीज़ ने उनके पूरे पैसे नहीं चुकाए. दावा किया जा रहा कि ये बकाया राशि सात करोड़ तक की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जेपी फिल्म्स का नाम वेटरन फिल्ममेकर जेपी दत्ता पर रखा गया है. 1997 में आई ओरिजिनल 'बॉर्डर' को उन्होंने ही डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था. जनवरी 2026 में जब इस फिल्म का सीक्वल आया, तो इसे जेपी फिल्म्स और टी-सीरीज़ के बैनर तले बनाया गया. फिल्म बड़ी हिट रही और बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ छाप दिए. मगर इंटरनेट पर चर्चा है कि मेकर्स ने महीनों बाद भी वेंडर्स के पैसे नहीं चुकाए. कॉस्टयूम, कोरियोग्राफी, सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन टीम इसकी सबसे बड़ी भुक्तभोगी है. दावा किया जा रहा कि 'बॉर्डर 2' फिल्म से जुड़ा उनका छह से सात करोड़ का बिल अब तक पास नहीं किया गया है.

टेक्निकल टीम्स का पहला मकसद पहले उन पैसों को वापस लेना है, जो उन्होंने अपनी तरफ़ से फिल्म पर लगाया था. 'बॉर्डर 2' के केस में सबसे बड़ी समस्या ये बन गई है कि कैमरे के पीछे काम करने वाले कई लोगों को पैसे नहीं मिले. इसका सीधा असर उनके दूसरे कामों पर पड़ रहा है. कहा जा रहा कि जब 'बॉर्डर 2' जैसी फिल्मों के मामले में ऐसा होता है, तो वेंडर्स आगे दूसरे प्रोडक्शन हाउस पर भी भरोसा नहीं कर पाते. हालांकि लोगों ने ये उम्मीद जरूर जताई है कि उनका जितना बड़ा अमाउंट अटका हुआ है, उसे देखकर मेकर्स देर-सवेर इस मामले पर ध्यान जरूर देंगे. जहां तक मेकर्स की बात है, उन्होंने अपनी तरफ़ से अब तक इन आरोपों पर कोई सफाई नहीं दी है.

Advertisement

वैसे, कुछ दिन पहले मिड-डे ने अक्षय कुमार स्टारर 'भूत बंगला' को लेकर भी ऐसे ही केस का ज़िक्र किया था. उन्होंने दावा किया था कि इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म से जुड़े एक वेंडर के 30 लाख रुपए नहीं चुकाए गए हैं. वहीं दूसरे वेन्डर के हवाले से कहा गया कि मेकर्स ने उसके 18 लाख रुपये अब तक नहीं दिए. हालांकि इससे पहले कि मामला तूल पकड़ता, एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स ने इसका खंडन कर दिया. उन्होंने एक ऑफिशियल स्टेटमेंट के जरिए बताया कि मेकर्स ने 'भूत बंगला' से जुड़े सभी ड्यूज़ क्लियर कर दिए हैं. संभव है कि आने वाले दिनों में जेपी फिल्म्स और T-सीरीज़ भी कोई स्पष्ट बयान जारी कर दे.

वीडियो: 'बॉर्डर 2' की कमाई 300 करोड़ पार, मगर मेकर्स की चिंता बढ़ गई?

Advertisement
Advertisement