The Lallantop

फिल्म की फर्जी कमाई और कॉर्पोरेट बुकिंग पर भड़के सनी देओल बोले, "किस तरह के लोग हैं ये?"

सनी देओल ने टिकट की बल्क बाइंग और कॉर्पोरेट बुकिंग को ग़लत बताया, कहा सब इंडस्ट्री में भेड़चाल चल रही है.

Advertisement
post-main-image
सनी देओल ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों की नैतिकता पर सवाल उठाए हैं.

आज के दौर में फिल्मों की क्वालिटी से ज़्यादा उनकी कमाई की बात होती है. अब फिल्मों की कमाई को भी लोग शक की निगाहों से देखने लगे हैं. हाल ही में इस मसले पर Sunny Deol ने बात की. अपने ताज़ा इंटरव्यू में उन्होंने Corporate Bookings और Box office collection के फर्ज़ी आंकड़ों के सारे राज़ खोल दिए. सनी ने कहा कि ये दुखद है कि इंडस्ट्री कलेक्शन के आंकड़े बढ़ा-चढ़ाकर बताने लगी है. और लगभग सभी इस भेड़चाल का हिस्सा बन गए हैं. 

Advertisement

जूम से हुई बातचीत में सनी देओल ने कहा,

"ये बहुत निराशाजनक है कि लोग वास्तविकता में विश्वास नहीं करना चाहते. बल्कि वास्तविकता का अपना वर्जन बना लेते हैं. चाहते हैं कि सच वैसा ही हो, जैसा वो सोच रहे हैं. ऐसा नहीं होना चाहिए. हमारे बीच ऐसी एकता नहीं है कि हम एकजुट होकर कहें कि ये ग़लत है."

Advertisement

सनी देओल ने सफलता का भ्रम पैदा करने के लिए कॉर्पोरेट बुकिंग और टिकट की बल्क बाइंग (भारी मात्रा में ख़रीदी) के ट्रेंड पर भी निराशा जताई. इस तरह की स्ट्रैटजी अपनाने वालों की नैतिकता पर सवाल उठाते हुए सनी ने कहा,

“मुझे समझ नहीं आता कि ये किस तरह के लोग हैं? मैं यंगस्टर्स को सलाह देना चाहूंगा कि खुद को हिट कहलवाने का ये तरीका सही नहीं है. यही कारण है कि कई हुनरमंद नौजवान और अलग तरह की कहानियां सामने नहीं आ पा रही हैं.”

सनी देओल ने सिनेमा में प्रामाणिकता कम होने की बात कही. उन्होंने इसे बड़ी समस्या बताया. कहा कि फिल्म की सफलता अब कहानी के प्रभाव या अभिनय की ताकत से नहीं, बल्कि हेरफेर किए गए आंकड़ों से मापी जाती है. बकौल सनी, कुछ लोगों ने ऐसा किया और फिल्म को जबरदस्त हाइप मिल गई. इस कारण से अब फ़र्ज़ी आंकड़े दिखाने का ट्रेंड ही चल पड़ा है. 

Advertisement

बहरहाल, सनी देओल के वर्कफ्रंट की बात करें, तो उनकी पिछली फिल्म ‘जाट’ थी. जिसे तेलुगु फिल्ममेकर गोपीचंद मालिनेनी ने डायरेक्ट किया था. आने वाले दिनों में सनी ‘बॉर्डर 2’ और नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में नज़र आने वाले हैं. ‘बॉर्डर 2’ साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है. इसमें दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी भी अहम किरदारों में हैं. फिल्म की शूटिंग का तीसरा शेड्यूल शुरू हो चुका है. इसे अनुराग सिंह डायरेक्ट कर रहे हैं. जल्द ही सनी देओल ‘रामायण’ का शूट भी शुरू करेंगे. इसमें सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नज़र आएंगे.

वीडियो: दी सिनेमा शो: सनी देओल 'बॉर्डर 2' और 'लाहौर 1947' के साथ नेटफ्लिक्स की एक धुआंधार एक्शन फिल्म भी करने वाले हैं.

Advertisement