Abhijeet Bhattacharya ने अपने करियर में Shahrukh Khan के लिए कई चार्टबस्टर गाने गाए. हालांकि पिछले 14 सालों में उन्हें शाहरुख के लिए गाने का मौका नहीं मिला है. हालिया इंटरव्यू में अभिजीत ने शाहरुख खान की वतनपरस्ती पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया है. उनका कहना है तीनों खानों में से शाहरुख सबसे बड़े राष्ट्रवादी हैं. उन्होंने ये भी कहा कि शाहरुख कमर्शियल आदमी हैं. वो अपनी सफलता के लिए लोगों का इस्तेमाल करते हैं. और अगर कोई उनकी सफलता के आड़े आता है, तो वो उसे दरकिनार करने में देर नहीं करते. यही बात कुछ दिनों पहले सनी देओल ने भी शाहरुख खान के लिए कही थी.
शाहरुख खान से बड़ा राष्ट्रवादी कोई नहीं है - अभिजीत
Shahrukh Khan के लिए ढेरों गाने गा चुके अभिजीत ने ये भी कहा कि शाहरुख लोगों का इस्तेमाल करते हैं. जो भी उनकी सफलता के रास्ते में आता है, उसे दरकिनार कर देते हैं.


ख़ैर, शाहरुख खान की कमबैक फिल्म 'पठान' को लेकर भारी विवाद हुआ था. शाहरुख को एंटी-नेशनल और पता नहीं क्या-क्या बुलाया गया. इस पर बात करते हुए अभिजीत ने कहा-
"हालांकि उन्हें 'एंटी-नेशनल' कहना बहुत गलत है. कईयों ने ऐसा करने की कोशिश की. मगर शाहरुख खान से बड़ा नेशनलिस्ट कोई नहीं है. आप उनकी फिल्मों को ही देख लीजिए .'फिर भी दिल है हिंदुस्तानी', 'स्वदेस', 'असोका' इत्यादि. ऐसे में उनके पर इस तरह के आरोप कैसे लगाए जा सकते हैं. वो भी तब, जब वो अपनी फिल्मों में हिंदु कल्चर को प्रमोट करते हैं. (तीनों) खानों में शाहरुख इकलौते राष्ट्रवादी हैं. बाकियों का देश के साथ कुछ लेना-देना नहीं है."
अभिजीत ने शाहरुख खान के लिए 'ज़रा सा झूम लूं', 'चांद तारे तोड़ लाऊं', 'आई एम द बेस्ट', 'सुनिए तो', 'मैं कोई ऐसा गीत गाऊं', 'तुम्हें जो मैंने देखा' समेत ढेरों गाने गाए हैं. मगर 'मैं हूं ना' और 'ओम शांति ओम' के बाद इन दोनों के बीच मनमुटाव हो गया. अभिजीत की शिकायत थी कि लंबे समय तक शाहरुख की आवाज़ बने रहने के बावजूद उनका नाम फिल्मो के क्रेडिट प्लेट पर सबसे आखिर में लिखवाया गया. शाहरुख के लिए गाया उनका आखिरी गाना था 'बिल्लू' फिल्म का 'खुदाया खै़र'. जो कि फिल्म के एल्बम का हिस्सा था. मगर अभिजीत के कहने पर ये गाना शाहरुख खान के ऊपर नहीं फिल्माया गया. इस गाने को शाहरुख के ऊपर पिक्चराइज़ करने के लिए दूसरे सिंगर सोहम चक्रवर्ती से गवाया गया. उसके बाद से अभिजीत ने खुद ही कुछ इंटरव्यूज़ में कहा कि वो आगे कभी शाहरुख के लिए गाना नहीं गाएंगे. एक इवेंट में जब शाहरुख से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि लोग उनके साथ काम नहीं करने की बात करके फेमस हो जाते हैं.
2016 में उड़ी हमले के बाद अभिजीत ने महेश भट्ट, करण जौहर और तीनों खानों को पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने पर लताड़ा था. लहरें रेट्रो को दिए हालिया इंटरव्यू में अभिजीत ने ये भी बताया कि 2016 वाले आलोचनात्मक ट्वीट के अलावा भी उनके शाहरुख के साथ कुछ मसले थे. जो उन्होंने सुलझाने की कोशिश की. मगर उनकी सारी मेहनत बेकार गई. शाहरुख नहीं मानें.
2013 में आई रणबीर कपूर की 'बेशरम' के बाद से उन्होंने किसी A लिस्ट एक्टर की फिल्म में गाना नहीं गाया. हालांकि वो वेब और छोटी-मोटी रीजनल फिल्मों के लिए लगातार गा रहे हैं. अभिजीत ने अपना करियर 1982 में आई बांग्ला फिल्म 'अपरूपा' से शुरू किया था. तब से लेकर अब तक वो अलग-अलग भाषा की 1000 फिल्मों में 6000 हज़ार से ज़्यादा गाने गा चुके हैं. हालांकि पॉप-कल्चर में उन्हें एक यूट्यूब कमेंट ने जिलाए रखा है. कमेंट क्या है, हम नहीं बताएंगे.






















