The Lallantop

एक साथ होगा आठ फिल्मों का क्लैश, सिनेमाघर मालिक बुकिंग तक ओपन नहीं कर पा रहे

'राजा शिवाजी' के मेकर्स ने सिंगल स्क्रीन थियेटर्स के सभी शोज़ मांग लिए हैं.

Advertisement
post-main-image
कई जगहों पर अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' भी सिनेमाघरों से उतरी नहीं है.

आजकल जाम सिर्फ़ सड़कों पर नहीं, सिनेमाघरों में भी लगने लगा है. रिलीज़ डेट्स की ऐसी मारा-मारी है कि क्या रीजनल, क्या इंटरनेशनल- सभी फिल्में एक-दूसरे से भिड़ती चली जा रही हैं. अगली मुठभेड़ 01 मई को होगी. उस दिन Riteish Deshmukh की Raja Shivaji और Aamir Khan के बेटे Junaid Khan की Ek Din से लेकर Mohanlal की Patriot सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली हैं. साथ ही हॉलीवुड से Michael और The Devil Wears Prada 2 भी अपना दम-खम दिखाएंगी. इस बात ने थियेटर मालिकों के पसीने छुड़ा दिए. हाल ये है कि कई ओनर्स अपने यहां टिकट बुकिंग तक शुरू नहीं करवा पाए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

हर प्रोड्यूसर चाहता है कि उसकी फिल्म ज्यादा-से-ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज़ हो. मगर इस चाहत ने 01 मई को स्क्रीन्स की खींचा-तानी बढ़ा दी है. 30 अप्रैल की सुबह यानी खबर लिखे जाने तक मुंबई के रीगल, मूवी टाइम सबर्बिया, PVR Le Reve, रॉक्सी, Eros IMAX, कस्तूरबा और नज़राना जैसे थियेटर्स की बुकिंग भी नहीं खुली थी. तीन स्क्रीन वाले मल्टीप्लेक्स स्टर्लिंग का भी यही हाल है. वहीं देवगन CineX (मुलुंड और ठाणे) और राजहंस घाटकोपर जैसे कई सिनेमाघरों में अडवांस बुकिंग पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई. फिल्में रिलीज़ होने में 24 घंटे से भी कम समय बाकी है और लोग अब भी टिकट बुक नहीं कर पा रहे.

01 मई को 'राजा शिवाजी' (हिन्दी और मराठी), 'एक दिन' (हिन्दी), 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' (इंग्लिश), 'पैट्रियट' (मलयालम), 'कारा' (तमिल), 'धबकारो' (गुजराती) 'KD - द डेविल' (हिन्दी और कन्नड़ा) जैसी सात फिल्मों में टक्कर होगी. वहीं हफ्ते भर पहले रिलीज़ हुई 'माइकल' को भी खूब दर्शक मिलेंगे. मेट्रो सिटीज़, जहां हर भाषा-बोली के दर्शक के रहते हैं, वहां इन फिल्मों की स्क्रीन शेयरिंग में दिक्कतें आ रही. वो भी इतनी कि कुछ एग्जीबिटर्स ने इस सिचुएशन को अग्नि परीक्षा तक कह दिया है.

Advertisement

भारत में इस हफ्ते की सबसे बड़ी रिलीज़ रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' को माना जा रहा है. इसे प्रोड्यूस करने वाली जियो स्टूडियोज़ लास्ट मोमेंट तक ज्यादा-से-ज्यादा स्क्रीन्स की जुगत में है. उन्होंने थियेटर मालिकों से साफ कहा है कि उन्हें ज्यादा-से-ज्यादा शोज़ दिए जाएं. उन्होंने सिंगल-स्क्रीन सिनेमाघरों के सभी शोज़ मांगे हैं. वहीं 2 स्क्रीन वाले थियेटर में रोज़ 7 शो, 3 स्क्रीन में 10 और 4 स्क्रीन में 14 शो चलाने की मांग की गई है. जिन थियेटर्स में 5 या उससे ज्यादा स्क्रीन हैं, वहां हर दिन 16 शो दिखाने होंगे. इनमें हिंदी और मराठी दोनों वर्ज़न शामिल हैं. साथ ही मेकर्स ने 4DX और EPIQ स्क्रीन्स की मांग भी रखी है. 

वीडियो: सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज़ डेट बदलेगी, सिनेमाघर में किससे टकराएगी?

Advertisement
Advertisement