Gully Boy फेम एक्टर सिद्धांत चतुर्वेदी बीते दिनों हमारे स्पेशल प्रोग्राम लल्लनटॉप बैठकी में आए थे. जहां उन्होंने अपनी फिल्मों और उनकी फिल्मों को मिले ढेर सारे प्यार पर बात की. सिद्धांत चतुर्वेदी ने बताया कि ज़ोया अख्तर के डायरेक्शन में बनी 'गली बॉय' उनकी लाइफ में बहुत सारे बदलाव लेकर आई. सिद्धांत चतुर्वेदी ने बताया कि इसी फिल्म के बाद वो शाहरुख खान के घर मन्नत में अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने चले गए.
शाहरुख खान ने सिद्धांत चतुर्वेदी का हाथ पकड़ा और चूम लिया
सिद्धांत चतुर्वेदी ने वो किस्सा भी सुनाया जब अपने दोस्त की गाड़ी हाईजैक करके वो शाहरुख के घर मन्नत पार्टी करने चले गए.

सिद्धांत बताते हैं -
''मुझे याद है शाहरुख सर से ज़ोया अख्तर के घर पर मिला था. 'गली बॉय' की रिलीज़ के बाद उनसे मेरी मुलाकात हुई थी. मैं बात कर रहा था कि अचानक किसी ने मेरा हाथ पकड़ा. मैं घूमा और वो शाहरुख खान थे. उन्होंने मेरा हाथ चूमा और कहा कि यार देखो, मैं उनको अप्रीशिएट करता हूं जो वो रोल निभाते हैं जिन्हें निभाना मेरे लिए मुश्किल होता. शाहरुख ने कहा कि मैंने एम सी शेर के रोल में कमाल कर दिया है.''
सिद्धांत ने आगे बताया,
''अभी हाल ही में मैं फिर शाहरुख खान से मिला था. उनकी फिल्म 'जवान' देखने के बाद हम मेरे घर के बगल में सोहो हाउस में गए. हमारे घर पर हम पार्टी कर रहे थे. मगर चीज़ें खत्म हो गई थीं. फिर हम सोहो गए. वहां शाहरुख सर भी बैठे थे. वो अनन्या, सुहाना और शनाया के साथ आए हुए थे. मेरे दोस्तों ने मुझसे कहा कि शाहरुख से मिलवा दो.''
सिद्धांत ने बोला,
''जब में शाहरुख से मिला तो उन्होंने मुझसे कहा कि सब लोग कहा जा रहे हो. मैंने बताया कि घर जा रहे हैं. बगल में ही घर है. तो शाहरुख बोले, मन्नत आ जाओ. मैंने कहा सर सारे दोस्त हैं. बोले सबलोग आ जाओ. बस इसके बाद एक दोस्त की गाड़ी हाईजैक की और हम सब मन्नत निकल गए. बस हम सब लोगों ने सुबह 4-5 बजे तक पार्टी की और फिर वापिस आए.''
सिद्धांत ने बताया कि 'गली बॉय' के बाद सच में कुछ मैजिक हो गया. प्रीमियर नाइट के बाद से ही उनको पहचान मिल गई. सिद्धांत आखिरी बार नेटफ्लिक्स की फिल्म 'खो गए हम कहां' में नज़र आए थे. जिसमें उनके साथ अनन्या पांडे और आदर्श गौरव भी थे. नेक्स्ट वो एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ एक एक्शन फिल्म कर रहे हैं. जिसका नाम है 'युर्द्धा'. जल्द ही इसकी रिलीज़ डेट अनाउंस की जाएगी.









